समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 02 अप्रैल 2026 गुरुवार

///////////////////////////////////////
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने संजय गांधी उद्यान में पुस्तक मेले का शुभारंभ किया
20 स्टालों के साथ मेले में दिखा उत्साह
पुस्तक बैंक में अभिभावक और विद्यार्थी बढ़ चढ़कर कर रहे पुस्तकों का दान
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने संजय गांधी उद्यान (पं. मदनलाल जोशी सभागृह) में आयोजित पुस्तक मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी श्री बघेल, सीएसपी मंदसौर, एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं पुस्तक विक्रेता, पत्रकार उपस्थित रहे।
यह पुस्तक मेला 5 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न पुस्तक विक्रेताओं द्वारा लगभग 20 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां शैक्षणिक पुस्तकों, कॉपियों एवं अन्य सामग्री पर विशेष छूट दी जा रही है। निजी प्रकाशनों की पुस्तकों पर 15%, कॉपियों पर 30% तथा शैक्षणिक सामग्री पर 10% की छूट उपलब्ध है। एनसीईआरटी की पुस्तकें नेट रेट पर प्रदान की जा रही हैं। साथ ही करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मेले में स्थापित पुस्तक बैंक विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसमें विद्यार्थी एवं अभिभावक स्वप्रेरणा से अपनी पुरानी पुस्तकें दान कर रहे हैं। ‘अपना घर’ की बालिकाओं द्वारा 11वीं, 9वीं एवं द्वितीय कक्षा की पुस्तकें दान की गईं, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना करते हुए बधाई दी।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि पुस्तक बैंक में पुस्तकों का व्यवस्थित प्रदर्शन किया जाए तथा कक्षा-वार रैक बनाकर उन्हें सजाया जाए, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को आसानी से पुस्तकें उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने बताया कि मेले में एमपी बोर्ड, सीबीएसई एवं एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की सभी प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त स्कूल बैग, यूनिफॉर्म एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उचित दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सुलभ दरों पर सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।
कलेक्टर ने जिले के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे पुस्तक मेले का अधिक से अधिक लाभ लें तथा नई कक्षा में प्रवेश करने वाले विद्यार्थी अपनी पुरानी पुस्तकें पुस्तक बैंक में दान कर जरूरतमंद बच्चों की सहायता करें।
========
गुजराती सेन समाज मनायेगा हर्षोल्लास के साथ संत शिरोमणि सेन जी महाराज का जन्मोत्सव
मंदसौर – संत शिरोमणि सेन जी महाराज की जयंती दिनांक 14 अप्रैल मंगलवार को को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए मंदसौर में निवासरत समाज के बन्धुवों की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय भूतेश्वर महादेव मंदिर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई। जिसमें समाजजनो ने अपने अपने विचार व्यक्त किये।
बैठक में अनेक निर्णय लिए गए जिसमें चल समारोह दिनांक 14 अप्रैल मंगलवार को सायं 4 बजे कृष्णानंद सेन छात्रावास परिसर से निकला जायेगा। सेन जयंती पूर्व संध्या पर भव्य भजन संध्या का आयोजन भी रखा जायेगा ।
========
कलेक्टर श्रीमती गर्ग के निर्देशन में जिले की ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण व उन्नयन का अभियान तेज
सीईओ जिला पंचायत ने किया स्थलीय निरीक्षण, चिन्हित बावड़ियों के लिए कार्य योजना तैयार
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के निर्देशन में जिले की प्राचीन एवं ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं उन्नयन हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत इन बावड़ियों को पुनर्जीवित कर जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा जिले के विभिन्न ग्राम एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर ऐसी ऐतिहासिक एवं दुर्लभ बावड़ियों को चिन्हित किया जा रहा है, जो वर्तमान में उपेक्षा का शिकार हैं या जिनका संरक्षण आवश्यक है।
भ्रमण के दौरान श्री जैन ने ग्राम लसुड़ावन में चिन्हित बावड़ी का स्थल निरीक्षण किया तथा उसके उन्नयन, साफ-सफाई, संरचनात्मक सुधार एवं जल संचयन क्षमता बढ़ाने के संबंध में आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत रिछा लाल मुहा में स्थित बावड़ी का भी निरीक्षण किया गया, जहां उन्नयन एवं जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है।
सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन बताया कि जिले की सभी महत्वपूर्ण बावड़ियों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार की जाएगी तथा प्राथमिकता के आधार पर उनके संरक्षण एवं पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा। इन बावड़ियों को स्थानीय समुदाय की भागीदारी से संरक्षित किया जाएगा, जिससे जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
इस अभियान के माध्यम से न केवल पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण होगा, बल्कि जल संकट के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि इन ऐतिहासिक धरोहरों को पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।
==============
जिले के सभी स्कूलों में मनाया गया प्रवेश उत्सव
बच्चों को पुस्तकें एवं साइकिल वितरित की गई
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / जिले के सभी शासकीय स्कूलों में आज प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला, पार्षदगण, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री टेरेसा मिंज एवं बीआरसी श्री रामेश्वर डांगी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पाटीदार ने विद्यार्थियों से एकाग्रता के साथ शिक्षा ग्रहण कर उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री टेरेसा मिंज ने छात्राओं को निरंतर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं श्रीमती नम्रता चावला ने छात्राओं को हर परिस्थिति में आगे बढ़ने तथा एआई जैसी आधुनिक तकनीकों का अपने करियर में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।
=========
सहारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी की सम्पति कुर्क किये जाने का आदेश जारी किया गया
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / मंदसौर एसडीएम श्री शिवलाल शाक्य द्वारा बताया गया कि वित्तीय स्थापना सहारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटिड मंदसौर रजिस्टर्ड कार्यालय सहारा इंडिया भवन कपूरथला कॉम्प्लैक्स अलीगंज लखनऊ 226024 के संप्रवर्तक, भागीदार, निदेशक, प्रबंधक, सदस्यों की उक्त प्रकरण के इस्तगासे में उल्लिखित समस्त संपत्ति को म.प्र. निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 4 के अंतर्गत कुर्क किए जाने का आदेश पारित किया गया है और उक्त आदेश को आत्यांतिक बनाने के लिये माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मंदसौर को प्रेषित किया गया, जो कि अंतरण पर इस न्यायालय को प्राप्त हुआ है।
प्रकरण में वित्तीय प्रतिष्ठान तथा हितबद्ध व्यक्तियों जिनकी संख्या 12 है और जो विभिन्न पते पर निवासरत हैं, को म.प्र. निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 2000′ की धारा 5 के आलोक में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है कि धारा 4 के तहत् आपके द्वारा कुर्क की गई संपत्ति को क्यों न आत्यांतिक कर दिया जाए, किंतु उक्त नोटिस की तामीली साधारण रीति से किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है।
=========
बीपीएन रियल इस्टेट एण्ड एलाईड लिमिटेड की संपत्ति कुर्क किये जाने का आदेश जारी किया गया
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / मंदसौर एसडीएम श्री शिवलाल शाक्य द्वारा बताया गया कि बीपीएन रियल इस्टेट एण्ड एलाईड लिमिटेड एम.7 त्रिशुल अपार्टमेंट सांघी कालोनी अमलतास होटल के सामने ए. बी. रोड़ इंदौर के संप्रवर्तक, भागीदार, निदेशक, प्रबंधक, सदस्यों की उक्त प्रकरण के इस्तगासे में उल्लेखित समस्त संपत्ति को म.प्र. निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 4 के अंतर्गत कुर्क किए जाने का आदेश पारित किया गया है और उक्त आदेश को आत्यांतिक बनाने के लिये माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश, मंदसौर को प्रेषित किया गया, जो इस न्यायालय को प्राप्त हुआ है
प्रकरण में वित्तीय प्रतिष्ठान तथा हितबद्ध व्यक्तियों की संख्या 13 है और जो विभिन्न पतों पर निवासरत हैं, को म.प्र. निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 4 के आलोक में कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया है कि, धारा 4 के तहत आपके द्वारा कुर्क की गई संपत्ति को क्यों न आत्यांतिक कर दिया जाए, किंतु उक्त नोटिस की तामिली साधारण रीति से किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है।
===========
प्रज्ञा डेरीज एग्रो लिमिटेड की संपत्ति कुर्क किये जाने का आदेश जारी किया गया
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / मंदसौर एसडीएम श्री शिवलाल शाक्य द्वारा बताया गया कि उपरोक्त विषयान्तर्गत लेख हैं कि, प्रज्ञा डेरीज एग्रो लिमिटेड 315 सटोरलिट टावर वाय एन रोड़ इंदौर के संप्रवर्तक, भागीदार, निदेशक, प्रबंधक, सदस्यों की उक्त प्रकरण के इस्तगासे में उल्लेखित समस्त संपत्ति को म.प्र. निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 4 के अंतर्गत कुर्क किए जाने का आदेश पारित किया गया है और उक्त आदेश को आत्यांतिक बनाने के लिये माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश, मंदसौर को प्रेषित किया गया, जो इस न्यायालय को प्राप्त हुआ है।
प्रकरण में वित्तीय प्रतिष्ठान तथा हितबद्ध व्यक्तियों की संख्या 9 है और जो विभिन्न पतों पर निवासरत हैं, को म.प्र. निक्षेपकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 4 के आलोक में कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया है कि, धारा 4 के तहत आपके द्वारा कुर्क की गई संपत्ति को क्यों न आत्यांतिक कर दिया जाए, किंतु उक्त नोटिस की तामिली साधारण रीति से किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है।
===============
उत्कृष्ट विद्यालय मंदसौर में नवीन सत्र 2026-27 प्रवेश उत्सव कार्यक्रम संपन्न
===========
मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक (बैंड) के 679 पदों पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस बैंड के अंतर्गत आरक्षक (बैंड) के कुल 679 पदों पर सीधी भर्ती वर्ष 2026 हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह भर्ती प्रक्रिया विशेष रूप से पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
इन पदों पर नियुक्ति हेतु इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी दिनांक 05 अप्रैल 2026 से 19 अप्रैल 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन हेतु एमपी ऑनलाइन की अधिकृत वेबसाइट पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट mppolice.gov.in पर भी उपलब्ध है, जहाँ भर्ती से संबंधित नियम, पात्रता, चयन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक निर्देश देखे जा सकते हैं।
====================
कंबाइन हार्वेस्टरों को मिलेगी टोल से छूट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
इंदौर-उज्जैन तथा उज्जैन-जावरा ग्रीन फील्ड मार्ग निर्माण को मिला अनुमोदन
पश्चिम भोपाल बायपास का परिवर्तित एलाइनमेंट अनुमोदित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश सड़क विकासनिगम के संचालक मंडल की हुई बैठक
मंदसौर 1 अप्रैल 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसान कल्याण वर्ष 2026 में “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” के विचार को सार्थक करते हुए किसान हित में अनेक निर्णय लिए जा रहे हैं। अब कृषि प्रयोजन के लिए उपयोग किये जाने वाले कंबाइन हार्वेस्टरों को मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के टोल प्लाजा पर शुल्क संग्रहण से छूट रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि फसल कटाई में प्रयुक्त होने वाला कंबाइन हार्वेस्टर आवश्यक कृषि उपकरण है। टोल मार्गों पर टोल छूट दिए जाने से हार्वेस्टर की परिवहन लागत में कमी आएगी। जिसका सकारात्मक प्रभाव कृषि उपज के मूल्य पर होगा, यह निर्णय कृषकों के लिए हितकर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के संचालक मंडल की बैठक में दिए। समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में आयोजित बैठक में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई संचालक मंडल की बैठक में इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड मार्ग और उज्जैन-जावरा ग्रीन फील्ड मार्ग के नॉन एक्सेस कंट्रोल परियोजना के रूप में निर्माण को अनुमोदन प्रदान किया गया। संचालक मंडल ने पश्चिम भोपाल बायपास के परिवर्तित एलाइनमेंट को अनुमोदन प्रदान कर निर्माण की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। बैठक में वार्षिक लेखों तथा अन्य प्रबंधकीय विषयों पर विचार-विमर्श हुआ तथा निर्णय लिए गए। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे, श्री मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री सुखबीर सिंह, प्रमुख सचिव वन श्री संदीप यादव तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम श्री भरत यादव उपस्थित थे।
============
पिपल्या विशन्या प्राथमिक विद्यालय प्रवेश उत्सव 1/ अप्रैल 2026 बुधवार को संपन्न हुआ
पिपल्या विशन्या प्राथमिक विद्यालय प्रवेश उत्सव के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा मंडल मल्हारगढ़ अध्यक्ष बाबूलाल डाका पाटीदार पिपल्या विशन्या के द्वारा मां सरस्वती वीणा के वादिनी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रचलित कर अगरबत्ती लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया उसके बाद अतिथि देवो भव मुख्य अतिथि बाबूलाल डाका का स्वागत कैलाश जी शर्मा ने किया उसके बाद अतिथि और प्रधान अध्यापक जगदीश किरोही सहायक शिक्षक कैलाश जी शर्मा संगीता धनगर दीदी के उपस्थिति में मुख्य अतिथि बाबूलाल डाका के द्वारा बालक बालिकाओं को पाठक पुस्तक दी गई फूल माला पहनकर स्वागत किया गया मुख्य अतिथि ने संबोधित करते हुए का 1 अप्रैल 2026 को सभी स्कूलों में प्रवेश उत्सव आज संपन्न हुआ आज ही पूरे मध्य प्रदेश नहीं पूरे देश में बालक बालिकाओं को पुस्तक दी गई आज से ही बालक बालिकाओं को रोज स्कूल आना गुरुदेव का आदेशों का पालन करना माता-पिता के चरण स्पर्श करना और गुरु के बताए हुए मार्गदर्शन पर चलना आप अच्छे संस्कार और अच्छी पढ़ाई करोगे तो आपके माता-पिता और गुरुदेव का और देश का नाम रोशन करेंगे और प्रवेश उत्सव की सभी बालक बालिकाओं को शुभकामनाएं और आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं=========



