समाचार मध्यप्रदेश नीमच 31 मार्च 2026 मंगलवार

////////////////////////////
जल गंगा संवर्धन अभियान में सभी विभाग कार्य योजना अनुसार अविलंब कार्य प्रारंभ करें – सीईओ श्री वैष्णव
जिला पंचायत सीईओ ने की जल गंगा संवर्धन कार्यो की समीक्षा
नीमच 30 मार्च 2026, जिला पंचायत सी.ई.ओ.श्री अमन वैष्णव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन की सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष नीमच में समीक्षा बैठक ली। बैठक में जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यात्रीकी, शिक्षा विभाग, वन विभाग, जन अभियान परिषद, उद्यानिकी कृषि, उद्योग, जिला शहरी विकास अभिकरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अमले को निर्देशित किया, कि नीमच जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान की कार्य योजना अनुसार चिन्हित कार्यों को जन सहयोग से प्रारंभ कराए और जहां पर विभागीय बजट उपलब्ध है वह उन कार्यों को अविलंब प्रारंभ करें। जिले में पुराने वर्षों के कार्य 30 अप्रैल की समय सीमा में पूर्ण करवाए। इन कार्यो की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। सभी विभाग कार्ययोजना अनुसार क्रियान्वयन करें एवं रिपोर्टिंग करना सुनिश्चित करें।
जिला पंचायत सी.ई.ओ.श्री वैष्णव ने बैठक में सभी विभागों एवं ग्रामीण विकास विभाग के अमले को निर्देशित किया, कि अच्छे कार्य और जन सहयोग सुनिश्चित करते हुए जन जागरूकता हेतु विभिन्न माध्यमों से प्रचार- प्रसार सुनिश्चित करें। जल गंगा संवर्धन अभियान की ग्रेडिंग के पैरामीटर अनुसार सभी बिंदुओं पर बैठक में चर्चा की गई और राज्य स्तरीय ग्रेडिंग अनुसार जिले में भी उपयंत्री की सेक्टरवार ग्रेडिंग करने के निर्देश, संबंधितों को दिए गए।
==============
सरकार की जनविरोधी नीतियों और खिमला प्लांट में मजदूरों की मौतों के खिलाफ कांग्रेस का धरना प्रदर्शन
मनासा/नीमच। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के साथ-साथ स्थानीय ज्वलंत समस्याओं को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी नीमच द्वारा आज मंगलवार 31 मार्च को मनासा में एक विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इस आंदोलन का मुख्य केंद्र बिंदु केंद्र और राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियां एवं मनासा के खिमला स्थित ग्रीनको प्लांट में लगातार हो रही मजदूरों की संदिग्ध मौतें और वहां व्याप्त भारी अव्यवस्थाएं हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तरुण बाहेती ने सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए बिजली बिलों में की गई बेतहाशा वृद्धि को तत्काल वापस लेने और गैस सिलेंडर की आसमान छूती कीमतों को कम करने की पुरजोर मांग की है। इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की किल्लत से जनता को हो रही परेशानी तथा सहकारी सोसायटियों में कर्ज जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने जैसे किसान हितैषी मुद्दों को लेकर भी आवाज बुलंद की जाएगी। जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलें तबाह हो गई थीं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई मुआवजा प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान भाई बड़ी संख्या में लामबंद होंगे। बाहेती ने कहा की खिमला ग्रीनको प्लांट की अव्यवस्थाएं किसी से छिपी हुई नहीं है। वहा मजदूरों की जान से हो रहे खिलवाड़ की जांच की सख्त आवश्यकता है।
मनासा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम सोनी, कुकड़ेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह चंद्रावत और रामपुरा ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर मुजावदिया ने संयुक्त रूप से बताया की मनासा में दोपहर 12:00 बजे जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर आयोजित होने वाले इस विरोध प्रदर्शन में जिले भर के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। धरना स्थल पर जनसभा के पश्चात कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल अनुविभागीय अधिकारी (SDM) मनासा को महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर इन समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग करेगा। जिला कांग्रेस कमेटी नीमच सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा अध्यक्ष श्याम सोनी, कुकड़ेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह चंद्रावत और रामपुरा ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर मुजावदिया ने सभी क्षेत्रवासियों से इस जन-आंदोलन में शामिल होकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।
==============
शालाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों को दिया जा रहा है पेयजल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण
आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का एफ.टी.के.कीट वितरित
नीमच 30 मार्च 2026, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री दीपेश वास्पत ने बताया, कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले की शालाओं, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को एफ.टी.के.कीट के माध्यम से पेयजल गुणवत्ता जांच के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं। यह प्रशिक्षण विकासखण्ड नीमच, जावद एवं मनासा की शालाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों में दिया जा रहा हैं। साथ ही विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों को एफ.टी.के.कीट भी प्रदान किए जा रहे हैं।
==========
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा आज जावद आएंगे
नीमच 30 मार्च 2026, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा आज 31 मार्च 2026 को दोपहर 1.30 बजे मंदसौर से कार द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे जावद जिला नीमच पहुचकर, जावद में आयोजित कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। तदपश्चात श्री देवड़ा मंदसौर के लिए प्रस्थान करेंगे।
==========
अल्कोलाइड कारखाना परिसर के उपर का हवाई क्षेत्र नो ड्रोन झोन घोषित
नीमच 30 मार्च 2026, जिला मजिस्ट्रेट नीमच श्री हिमांशु चंद्रा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163(1)के तहत शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना नीमच म.प्र. (GOAW) परिसर के ऊपर के हवाई क्षेत्र को नो ड्रोन झोन घोषित कर, प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से 19 मई 2026 तक प्रभावशील रहेगा।
========
उप संचालक कृषि श्री पटेल सेवानिवृत्त
नीमच 30 मार्च 2026, उप संचालक कृषि नीमच श्री प्रकाशचंद्र पटेल अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर 31 मार्च को अपनी 36 वर्ष की सेवा सफलतापूर्वक पूर्ण कर, सेवानिवृत्त हो रहे है। श्री पटेल पूर्व में भी नीमच जिले में सहायक संचालक कृषि के पद पर सेवाएं दे चुके है। श्री पटेल ने प्र.संयुक्त संचालक कृषि चंबल संभाग अलीराजपुर, हरदा, रतलाम, खरगौन, मुरैना, नीमच सहित अन्य जिलो में भी अपनी सेवाएं दी है।
==================
जिले की शेष रही 25 कम्पोजिट मदिरा दुकानों का ई-टेण्डर के माध्यम से निष्पादन 31 मार्च को
नीमच 30 मार्च 2026, जिला आबकारी अधिकारी नीमच ने बताया, कि नीमच जिले में वर्ष 2026-27 के लिये अर्थात एक अप्रेल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिये ई-टेण्डर/ ई-टेण्डर कम ऑक्शन के नवम चरण में शेष रही 25 कम्पोजिट मदिरा दुकानों को निष्पादन 31 मार्च को शाम 5.30 बजे तक किया जावेगा।
ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) हेतु ऑनलाईन टेण्डर प्रपत्र डाउनलोड एवं आफर सबमिट करने की तिथि 30 मार्च 2026 को दोपहर: एक बजे से 31 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। ई-टेण्डर कम ऑक्शन प्रपत्र खोलने की तिथि एवं समय 31 मार्च 2026 को दोपहर 2.05 बजे से रहेगी। ई-टेण्डर कम ऑक्शन प्रारंभ एवं बंद होने की तिथि एवं समय 31 मार्च 2026 को शाम 4.30 बजे से सायंकाल 5.30 बजे तक (तत्पश्चात 15 मिनट के अंतराल में बोली दिये जाने पर आगामी 15 मिनिट के लिए समयावधि में वृद्धि), ई-टेण्डर खोलने की तिथि एवं समय संबंधित समूह का ऑक्शन समाप्त होने अथवा 31 मार्च 2026 को दोपहर 4 बजे (जो भी बाद में हो) रहेगा।
=========
सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री जगदीश बावरी सेवानिवृत्त
नीमच 30 मार्च 2026, जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय नीमच में कार्यरत सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री जगदीशचंद्र बावरी 31 वर्ष की सफलतम सेवा पूर्ण कर सोमवार 30 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो गये हैं। श्री बावरी ने वर्ष 1995 से सेगाव विकासखण्ड जिला खरगोन से खण्ड स्तरीय अन्वेषक के पद से अपनी शासकीय सेवा की शुरूआत की थी। श्री बावरी मंदसौर, रतलाम, मनासा में सेवाए देने के बाद वर्ष 2012 में पदोन्नत होकर जिला रतलाम से सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय नीमच में पदस्थ हैं। वे तब से नीमच में ही कार्यरत हैं। अपनी 31 वर्ष की शासकीय सेवा पूर्ण कर वे 30 मार्च को सेवानिवृत हो गये हैं। साथी अधिकारी, कर्मचारियों ने उनकी सेवानिवृत्ति पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की हैं।
=========



