समाचार मध्यप्रदेश नीमच 01 अप्रैल 2026 बुधवार

//////////////////////////
नीमच जिला जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित, डी.एम. ने नलकूप खनन पर लगाया प्रतिबंध
नीमच 31 मार्च 2026, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा म.प्र.पेयजल परीरक्षण अधिनियम 1986 के तहत नीमच जिले को “जल अभावग्रस्त क्षेत्र” घोषित किया गया है। जिले में संभावित पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जिले के जल स्त्रोतो से जल उपयोग एवं नल कूप खनन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जल उपयोग पर प्रतिबंध: जिले के सभी स्त्रोतों (नदी, नहर, जलधारा, झरना, झील, नाला, नलकूप या कुओं) से घरेलू उपयोग (पेयजल को छोड़कर) के लिए जल निकालने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
भू-जल गिरावट: जिले में भू-जल की गिरावट को रोकने के लिए अशासकीय व निजी नलकूप खनन पर धारा 6 (1) के तहत प्रतिबंध लगाया गया है।
नलकूप/बोरिंग मशीन पर रोक: बिना अनुविभागीय दण्डाधिकारी की अनुमति के नलकूप/बोरिंग मशीन का उपयोग या खनन प्रतिबंधित है। अवैध मशीनों को जप्त कर FIR दर्ज की जाएगी।
अधिनियम उल्लंघन पर दंड: अधिनियम के उल्लंघन पर प्रथम अपराध के लिए ₹5,000 जुर्माना और पश्चातवर्ती अपराध के लिए ₹10,000 जुर्माना या 2 वर्ष तक कारावास हो सकता है।
अधिनियम प्रभाव: यह आदेश तत्काल प्रभाव से 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नीमच द्वारा इसका पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
===================
प्रदेश के कृषि बजट में 90 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है- श्री जगदीश देवड़ा
प्रदेश में सरकार द्वारा इस वर्ष कृषक कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है
उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा द्वारा जावद में चार दिवसीय जहर मुक्त जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
नीमच 31 मार्च 2026, प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में इस कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार पूरे वर्ष कृषि से संबंधित, कृषि आधारित कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने इस वर्ष बजट में कृषि के लिए 90 हजार करोड़ का प्रावधान किया है। यह बात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने नीमच जिले के जावद में मण्डी प्रांगण में आयोजित चार दिवसीय जहर मुक्त जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण शिविर के मंगलवार को समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।
इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं जावद क्षेत्र के विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक नीमच श्री दिलीप सिह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरूद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिह चौहान, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खण्डेलवाल, पद्मश्री श्री सुभाष पालेकर, मीरोलेब्स की संस्थापक सुश्री सुनिता गुप्ता, दीप प्रोजेक्ट के श्री नचिकेत भटकर सहित जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मंचासीन थे।
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने उदबोधन में जहर मुक्त, जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण शिविर आयोजन की सराहना करते हुए कहा, कि किसान भाईयों ने इस प्रशिक्षण में जो भी सीखा है, जाना, समझा है, उसे धरातल पर उतारने का प्रयास करें। खेती में अपनाएं। उन्होने जावद क्षेत्र में विधायक श्री सखलेचा की पहल पर नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण अभियान, डिजीटल शिक्षा, ए.आई.शिक्षा के प्रोजेक्ट की सराहना की।
उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा, कि प्रधानमंत्री जी ने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के गरीबों को आयुष्मान कार्ड से 5 लाख रूपये प्रति वर्ष नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई है। किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधे किसानों के खाते में डीबीटी से राशि का भुगतान किया जा रहा है। उन्होने उपस्थितजनों का आव्हान किया, कि हर एक व्यक्ति जिस क्षेत्र में भी है, उस क्षेत्र में मन लगाकर काम करने का संकल्प लें, तो वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की प्रधानमंत्री जी की परिकल्पना साकार होगी।
उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने दीप प्रोजेक्ट के तहत जावद क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के ए.आई.सीखने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होने जावद क्षेत्र की सभी नगर परिषदों के निवनियुक्त वरिष्ठ पार्षदगणों का स्वागत/अभिनन्दन भी किया।
विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने अपने अध्यक्षीय उदबोधन में कहा, कि समय के साथ खेती का स्वरूप भी बदल रहा है। जावद के सरकारी स्कूल के 50 छात्र एम.बी.बी.एस. की पढ़ाई कर रहे है। शासकीय स्कूलों में जे.ई.ई.नीट की नि:शुल्क कोचिंग सुविधा के उक्त परिणाम मिले है।
विधायक श्री सखलेचा ने कहा, कि इस प्रशिक्षण शिविर स्थल पर विभिन्न 16 विभागों की स्टाल एवं प्रदर्शनी लगी है। 8 राज्यों के किसान इस प्रशिक्षण में चार दिन से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। जावद क्षेत्र के 1500 विद्यार्थी आठ माह से ए.आई.की पढ़ाई कर रहे है। इनमें से 800 बच्चे कृषि में ए.आई.का उपयोग सीख रहे है। उन्होने कहा, कि सभी विभागों, कृषि वैज्ञानिकों और श्री सुभाष पालेकर जी के मार्गदर्शन से जावद क्षेत्र का किसान देश, प्रदेश का अग्रणी किसान बनेगा।
उन्होने कहा, कि जावद क्षेत्र में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण का दूसरा चरण प्रारंभ किया जा रहा है। ए.आई.सीख चुके 300 बच्चें क्षेत्र के गांवों में ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर शासन की विभिन्न योजनाओं का ऑनलाईन लाभ दिलाने का काम करेंगे। उन्होने कहा, कि जावद क्षेत्र और जावद क्षेत्र के युवाओं को सबसे पहले आत्मनिर्भर बनाने का विशेष प्रयास निरंतर जारी है। ए.आई.तकनीक का उपयोग कर किसानों की आमदनी बढ़ाने का भी प्रयास क्षेत्र में किया जा रहा है।
श्री नचिकेत भटकर ने जावद क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में संचालित ए.आई.शिक्षा, डिजिटल शिक्षा के डीम प्रोजेक्ट की जानकारी दी। उन्होने कहा कि क्षेत्र के युवा ए.आई.सीखकर घर बैठे आय भी प्राप्त कर रहे है। 1400 बच्चों को ए.आई.की शिक्षा दी जा रही है।
मुख्य वक्ता पद्मश्री श्री सुभाष पालेकर ने अपने उदबोधन में कहा, कि मैं पहले ऐसे विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा से मिला हूं जो जावद में नि:शुल्क कृषि पर आधारित प्रशिक्षण शिविर किसानों के लिए आयोजित कर रहे है। उन्होने कहा, कि मेरी कृषि पद्धति जैविक और प्राकृतिक नहीं है, उससे भिन्न है।
उन्होने कहा, कि किसी भी पेड़ पौधे को जीवित रहने के लिए कीटनाशक और किसी भी प्रकार के खाद के भोजन की जरूरत नहीं होती है। उन्होने कहा, कि फसलों में रासायनिक उर्वरक और ना ही कीटनाशक का उपयोग करें। श्री पालेकर जी ने रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया।
मीरो लेब्स एग्रीटेक की सुश्री सुनिता गुप्ता ने कृषि में ए.आई. टेक्नॉलाजी का उपयोग करने एवं उसमें होने वाले लाभ के बारे में प्रजेन्टेशन दिया। उन्होने कहा, कि जावद क्षेत्र में प्रथम चरण में लहसुन, मक्का और संतरा फसल में ए.आई.टेक्नालाजी का उपयोग कर कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए प्रोजेक्टर लगया जा रहा है।
प्रारंभ में उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने दीप प्रज्जवलित कर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह की शुरूआत की। तदपश्चात विधायक श्री सखलेचा, श्री राधेश्याम मेघवंशी, श्री जसवंत बंजारा, श्री अशोक विक्रम सोनी, श्री शंभूलाल धाकड़, श्री जगदीश पाण्डला, श्री मुकेश जाट, श्री सूचित सोनी, श्री सोहनलाल माली, ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सरवानिया न.प.अध्यक्ष श्री सत्येन्द्र सिह जैन ने किया।
इस मौके पर एडीएम श्री बी.एस.कलेश, डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एन.एस.सिसोदिया, श्री श्याम काबरा, श्री सचिन गोखरू, श्री अर्जून माली, जावद जनपद अध्यक्ष, सदस्यगण, जिला पंचायत के सदस्यगण, जनप्रतिनिधिगण, पत्रकारगण तथा नीमच जिले सहित विभिन्न 8 राज्यों से बड़ी संख्या में आए किसान उपस्थित थे। स.
========
दिल्ली में निरुद्ध बंदी को मिली राहत – विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच के प्रयासों से निर्धन परिवार को न्याय
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए एक निर्धन परिवार को प्रभावी विधिक सहायता प्रदान कर न्याय दिलाया गया।
प्रकरण के अनुसार, आवेदिका श्रीमती नीलम शर्मा (परिवर्तित नाम) सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्रीमती शोभना मीणा के समक्ष उपस्थित हुईं एवं अवगत कराया कि उनके पति श्री अमित शर्मा (परिवर्तित नाम) दिल्ली के स्पेशल सेल पुलिस थाने में दर्ज धोखाधड़ी एवं आपराधिक षड्यंत्र के प्रकरण में आरोपी हैं तथा वर्तमान में तिहाड़ जेल, नई दिल्ली में निरुद्ध हैं। आवेदिका द्वारा यह भी बताया गया कि दिल्ली स्थित पटियाला हॅाउस कोर्ट के माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा उनके पति को 21 दिवस की अंतरिम जमानत इस उद्देश्य से प्रदान की गई थी कि वे अपनी बीमार माता से मिल सकें। तथापि, न्यायालय द्वारा ₹35,000 के निजी मुचलके एवं ₹35,000 की जमानत राशि प्रस्तुत करने की शर्त निर्धारित की गई थी, जिसे आवेदिका अपनी आर्थिक स्थिति के कारण पूर्ण करने में असमर्थ थीं।
आवेदिका की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा आवेदन को तत्काल संज्ञान में लिया गया एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के सचिव से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्राप्त किया गया। साथ ही इस संबंध में पत्र प्रेषित कर अनुरोध किया गया कि प्रकरण में विधिक सहायता के माध्यम से लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा न्यायालय के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बंदी को निजी मुचलके पर रिहा किए जाने हेतु प्रयास किया जाए।
इसके अतिरिक्त, प्रकरण को “गरीब बंदियों हेतु संचालित योजना” के अंतर्गत जिला स्तरीय एंपावर्ड समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का भी अनुरोध किया गया, जिससे जमानत शर्तों की पूर्ति शासन स्तर से सुनिश्चित की जा सके।
उक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप माननीय न्यायालय द्वारा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के तर्कों से सहमत होते हुए श्री अमित शर्मा को निजी मुचलके पर रिहा किए जाने का आदेश पारित किया गया, जिसके उपरांत श्री अमित शर्मा (परिवर्तित नाम) जेल से रिहा हो पाये।
यह प्रकरण दर्शाता है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता के माध्यम से न केवल जिले में, बल्कि अन्य राज्यों में भी जरूरतमंद व्यक्तियों को न्याय दिलाने हेतु प्रभावी एवं समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्रीमती शोभना मीणा द्वारा आमजन से अनुरोध किया कि, किसी भी कानूनी सहायता हेतु कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच (नवीन जिला न्यायालय परिसर) में सम्पर्क कर सकते है अथवा टोल फ्री हेल्पलाईन नम्बर 15100 पर सम्पर्क कर, निःशुल्क कानूनी सहायता एवं सलाह प्राप्त कर सकते है।



