समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 31 मार्च 2026 मंगलवार

////////////////////////////////////////////////////
मंदसौर ,जिला पेंचक सिलाट एसोसिएशन मंदसौर के अध्यक्ष विजय जी कोठारी ने बताया कि 29 मार्च 2026 को कौशल्या रिसोर्ट में खेलो इंडिया अस्मिता पेंचक सिलाट वूमेन’एस स्टेट लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंदसौर नगर पालिका अध्यक्ष राम देवी गुर्जर कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष चरण राजपाल जी विशेष अतिथि वाय डी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय , इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सचिव शाहिद चौधरी खेल और युवा कल्याण विभाग के जिला खेल अधिकारी विजेंद्र देवड़ा, मध्य प्रदेश पेंचक सिलाट एसोसिएशन के अध्यक्ष अबरारअहमद सचिव अभय श्रीवास मंचासीन थे । सभी अतिथियों ने बाहर से आए कोच मैनेजर को स्मृति चिन्ह प्रदान किया ।
==========
पीएम राहत योजना में जिले के सभी नर्सिंग होम एवं निजी अस्पताल पंजीयन करवाए : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
परिवहन विभाग पुलिस साथ के मिलकर वाहन चेकिंग की कार्यवाही करें
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
मंदसौर 30 मार्च 26/ कलेक्टर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा एवं पीएम राहत योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के सभी नर्सिंग होम एवं निजी अस्पताल पीएम राहत योजना के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पंजीयन करवाएं, जिससे सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने तथा अपंजीकृत निजी अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम राहत पोर्टल का नियमित अवलोकन करने एवं जरूरतमंदों को स्वप्रेरणा से योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि वाहन फिटनेस, बीमा एवं चेकिंग की कार्यवाही नियमित रूप से पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर करें तथा साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बिना बीमा वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। स्कूल वाहनों की जांच कर उनकी ओके रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों को पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर उन्हें GIS पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को उज्जैन-गरोठ मार्ग पर आवश्यक सुधार कार्य करने एवं 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर कैशलेस व्यवस्था लागू करने को कहा गया। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई मार्गों पर एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ब्लैक स्पॉट्स पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खुले कुओं को जाली से ढंकने एवं उनकी जानकारी GIS पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। नल-जल योजना के तहत बिना अनुमति सड़कों की खुदाई करने वालों के विरुद्ध नोटिस जारी कर वसूली की कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। एलईडी हेडलाइट के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ट्रैफिक पुलिस को रात्रि में विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
============
जन अभियान परिषद द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में किया प्याऊ का शुभारंभ
मंदसौर 30 मार्च 26/ भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जन अभियान परिषद द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में नि:शुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
दलौदा-सीतामऊ मार्ग स्थित ग्राम लसूडावन में सेक्टर क्रमांक 3 धूधड़का अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिए नि:शुल्क प्याऊ प्रारंभ किया गया। यह प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
परिषद के परामर्शदाता श्री रघुवीर सिंह राठौर ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी में यात्रियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे राहगीरों को राहत मिल सके।
इसी क्रम में विकासखंड भानपुरा के सेक्टर नावली क्रमांक-1 अंतर्गत आदर्श ग्राम श्रीनगर में नवांकुर संस्था “ग्राम उत्थान जन कल्याण सेवा संस्था” द्वारा जल मंदिर प्याऊ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम समन्वयक श्री रामप्रसाद मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के तहत ग्रामीणों को स्वच्छ जल के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।
साथ ही ग्राम करण्डिया में भी जल मंदिर प्याऊ की स्थापना कर ग्रामीणों एवं राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जन अभियान परिषद द्वारा संचालित यह पहल जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत “जल शक्ति से नव भक्ति” की भावना को साकार करते हुए जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। परिषद ने आमजन से अपील की है कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखें एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहें।
=========
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा 31 मार्च को मंदसौर दौरे पर रहेंगे
मंदसौर 30 मार्च 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा 31 मार्च को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा प्रात: 6:00 बजे भोपाल से मंदसौर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा प्रात: 11:30 बजे मंदसौर आगमन होगा। इसके पश्चात वे स्थानीय कार्यक्रमों भाग लेंगे। कार्यक्रम के उपरांत उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा दोपहर 1:30 बजे मंदसौर से जावद (जिला नीमच) के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2:00 बजे जावद आगमन व जावद में आयोजित कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम पश्चात मंदसौर के लिए प्रस्थान एवं मंदसौर में रात्रि विश्राम करेंगे।
==============
पुस्तक मेले में पुस्तक बैंक के माध्यम से पुरानी पुस्तकों का होगा संग्रहण एवं वितरण
पुस्तक बैंक के संचालन हेतु श्रीमती अर्चना दवे नोडल अधिकारी नियुक्त
मंदसौर 30 मार्च 26 / जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि 1 अप्रैल 2026 से 5 अप्रैल 2026 तक पं. मदनलाल जोशी सभागार (संजय गांधी उद्यान), मंदसौर में पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के अंतर्गत “पुस्तक बैंक” की स्थापना की जाएगी, जिसके माध्यम से पुरानी एवं अनुपयोगी पुस्तकों का संग्रहण एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरण किया जाएगा।
पुस्तक बैंक के संचालन हेतु श्रीमती अर्चना दवे को नोडल अधिकारी (मोबाइल नंबर: 9203308852) तथा श्रीमती लीना शर्मा को सहयोगी (मोबाइल नंबर: 8269907564) के रूप में नियुक्त किया गया है।
नियुक्त प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मंदसौर में बच्चों एवं अभिभावकों द्वारा जमा कराई जा रही पुरानी पुस्तकों का संग्रहण करेंगे तथा उन्हें कक्षावार एवं विषयवार व्यवस्थित रूप से सूचीबद्ध करेंगे। इसके साथ ही जो विद्यार्थी एवं अभिभावक इन पुस्तकों को प्राप्त करना चाहते हैं, उनसे आवेदन लेकर पात्रतानुसार पुस्तकों का वितरण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पुस्तक संग्रहण एवं वितरण की यह प्रक्रिया पुस्तक मेले की समाप्ति के पश्चात भी निरंतर जारी रहेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पुरानी एवं उपयोगी पुस्तकों को पुस्तक बैंक में जमा कराकर इस सराहनीय पहल में सहयोग प्रदान करें, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके।
===========
अ.भा. स्वर्णकार समाज समाज विकास एवं शोध संस्था की जिला कार्यकारिणी घोषित
मन्दसौर। अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान दिल्ली इकाई मंदसौर के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश सोनी ( नारायणगढ़ वाला ) द्वारा जिले की कार्यकारिणी घोषित की गई जिसमें संरक्षक पद पर मांगीलाल सोनी (आकोदडा वाला) रमेशचंद्र सोनी (नारायणगढ़ वाला) पृथ्वीराज सोनी (सफाईबंद) मनोहर लाल सोनी (जावद वाला) एवं उपाध्यक्ष पद पर हेमंत सोनी (आनंद ज्वेलर्स) महामंत्री प्रदीप सोनी (भाजपा) कोषाध्यक्ष शंकरलाल सोनी (रुनवाल) व कार्यकारिणी सदस्य में ओमप्रकाश सोनी (स्वस्तिक ज्वैलर्स) घनश्याम सोनी (फाइन ज्वेलर्स) अजय सोनी (रुनवाल) प्रदीप सोनी (अफजलपुर वाला) राजेश सोनी (जयपुर वाला) कमलेश सोनी (इंद्राणी ज्वेलर्स) मनीष सोनी (मणिरत्नम) आशीष सोनी (अफजलपुर वाला) अंकित सोनी सफाईबंद (पत्रकार) गौरव सोनी (साल्डीवाल) गौरव सोनी (एरा वाला) सूरज सोनी (जावद वाला) एवं अतिशीघ्र तहसील अध्यक्षों की घोषणा कर कार्यकारिणी विस्तार एवं समाज उत्थान के लिए कार्य किया जाएगा।
=========
मुख्यमंत्री डॉ.यादव वाराणसी में 31 मार्च को एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में होंगे शामिल
दोनों राज्यों की साझेदारी से बनेगा नया आर्थिक परिदृश्य
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का करेंगे अध्ययन भ्रमण
विक्रमोत्सव महानाट्य मंचन की तैयारियों का लेंगे जायजा
मंदसौर 30 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वाराणसी में आयोजित “एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन 2026” में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं, पारंपरिक शिल्प, ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों, कृषि एवं खाद्य उत्पादों, निवेश अवसरों और पर्यटन संभावनाओं को एक साझा मंच पर प्रस्तुत करेंगे। इस सम्मेलन में दोनों राज्यों की प्रमुख ताकतें एक साथ सामने आएंगी और उत्पादन, बाजार तथा पहचान से जुड़े विभिन्न आयामों पर केंद्रित संवाद स्थापित होगा। सम्मेलन में उद्योग, शिल्प, निवेश और पर्यटन से जुड़े हितधारक एकत्रित होंगे, जहां व्यावहारिक सहयोग, बाजार विस्तार और साझा पहल पर चर्चा का स्पष्ट स्वरूप दिखाई देगा।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की वाराणसी यात्रा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के अध्ययन भ्रमण से होगी, जहां तीर्थ क्षेत्र में विकसित क्राउड फ्लो मैनेजमेंट, अधोसंरचना लेआउट और तीर्थयात्री प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया जाएगा। यह अनुभव धार्मिक पर्यटन स्थलों के सुव्यवस्थित विकास और आधुनिक प्रबंधन प्रणाली को समझने का आधार बनेगा।
इसके बाद एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन स्थल पर प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा, जिसमें मध्यप्रदेश के ओडीओपी उत्पाद, जीआई टैग हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र, औद्योगिक क्षमताएं और पर्यटन संभावनाएं प्रदर्शित होंगी। यह प्रदर्शनी राज्य की आर्थिक और सांस्कृतिक विविधता को एक ही मंच पर प्रस्तुत करते हुए निवेशकों और प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने का कार्य करेगी।
सम्मेलन के मुख्य सत्र में निवेश, औद्योगिक सहयोग और ओडीओपी आधारित अर्थव्यवस्था पर केंद्रित चर्चा होगी, जहां मध्यप्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों, अधोसंरचना और प्रोत्साहन तंत्र को प्रस्तुत किया जाएगा। इसी सत्र में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच एमओयू हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे औद्योगिक निवेश, कौशल विकास, हस्तशिल्प संवर्धन और पर्यटन क्षेत्रों में सहयोग को औपचारिक रूप दिया जाएगा। ओडीओपी उत्पादों का आदान-प्रदान स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आएगा। दोपहर पश्चात नेटवर्किंग सत्र में उद्योग जगत, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद स्थापित होगा, जिससे संभावित निवेश और साझेदारियों को गति मिलेगी और यह सम्मेलन वास्तविक व्यावसायिक अवसरों से जुड़ता हुआ दिखाई देगा।
समानांतर सत्रों में सहयोग के व्यावहारिक आयामों को विस्तार दिया जाएगा। संयुक्त शिल्प कार्यशाला में मध्यप्रदेश के चंदेरी और महेश्वरी शिल्पकार उत्तरप्रदेश के बनारसी सिल्क कारीगरों के साथ साझा ब्रांडिंग, बाजार विस्तार और ‘गंगा-नर्मदा क्राफ्ट कॉरिडोर’ की अवधारणा पर कार्य करेंगे, जिससे पारंपरिक शिल्प को नए बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में ठोस पहल होगी।
टूरिज्म राउंड टेबल मीटिंग
टूरिज्म राउंड टेबल में वाराणसी, उज्जैन और चित्रकूट को जोड़ते हुए एक संयुक्त धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस प्रक्रिया में इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन सहित प्रमुख हितधारकों की सहभागिता से पर्यटन को संगठित और विस्तारित स्वरूप देने की दिशा में सहमति बनेगी।
विक्रमोत्सव महानाट्य मंचन के स्थल का अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव वाराणसी के बी.एल.डब्ल्यू मैदान में 3 से 5 अप्रैल तक होने वाले महानाट्य विक्रमोत्सव के कार्यक्रम स्थल का मुआयना भी करेंगे।
===============
31 मार्च 2026 मंगलवार को गुजराती सेन समाज की वृहद बैठक
मंदसौर-गुजराती सेन समाज ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी देते हुए बताया है कि दिनांक 31 मार्च 2026 मंगलवार को सांय 4 बजे भूतेश्वर महादेव ( सब्जी मंडी ) में एक वृहद बैठक आयोजित की जा रही है जिसमें सेनजी महाराज की जयंती मनाने के विषय पर रुपरेखा तैयार की जाएगी । सभी नगर के समाजजनों से निवेदन है कि बैठक में पधारकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।



