समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 30 मार्च 2026 सोमवार

/////////////////////////////////////
निशुल्क कैंसर परामर्श जांच उपचार शिविर संपन्न 26 मरीजों का उपचार किया गया
रतलाम : रविवार, मार्च 29, 2026,
जिला चिकित्सालय रतलाम में रविवार को निशुल्क कैंसर जांच उपचार शिविर का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ एम एस सागर ने बताया कि शिविर के दौरान 26 मरीजों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान भारत के प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ दिनेश पेंढ़ारकर, राज्य कैंसर नोडल अधिकारी डॉ सी एम त्रिपाठी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ गोपाल यादव द्वारा मरीज को कीमोथेरेपी एवं आवश्यक जांच उपचार किया गया। कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश राज्य कैंसर सोसायटी के सदस्य एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के सदस्य श्री अशोक अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती राधिका का विशेष सहयोग रहा।
================
देश को एकजुट कर सकारात्मक संदेश देने का अद्भुत प्रयास है मन की बात कार्यक्रम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने इन्दौर एयरपोर्ट से किया प्रधानमंत्री श्री मोदी के मन की बात का श्रवण
रतलाम : रविवार, मार्च 29, 2026,

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें संस्करण का रविवार की सुबह आकाशवाणी से प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन्दौर प्रवास के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की और देश को एकजुटता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में उपजे हालातों के संदर्भ में कहा कि हमें एकजुट होकर हर चुनौती से बाहर निकलना है जो भी लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। यह देश के 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है, इसमें राजनीति का कोई स्थान नहीं है। ऐसे में जो भी लोग तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे हैं, वे देश का बहुत बड़ा नुकसान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सभी देशवासियों से अपील की कि सभी जागरूक रहें, किसी भी तरह की अफवाहों और किसी के भी बहकावे में न आएं। सरकार की तरफ से जो निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर भरोसा करें और उसी पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस तरह हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने सभी संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर के इस कठिन हालत से बहुत ही अच्छी तरह बाहर निकल जाएंगे।
कार्यक्रम श्रवण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री श्री मोदी की ‘देश से अपनी बात’ कर सबसे जुड़े रहने का एक सशक्त माध्यम है। यह हम सभी देशवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। देश में हो रहे विकास, नवाचार, जनकल्याण के कामों के साथ गैर राजनीतिक विषयों को सामने लाकर पूरे देश को सौहार्द्र, भाईचारे और एकजुटता से रहने का सकारात्मक संदेश देने का प्रधानमंत्री का यह अद्भुत प्रयास है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मन की बात के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, लोकसभा सांसद श्री शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुश्री उषा ठाकुर, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक श्री मधु वर्मा, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, जिलाध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।
===============
जैविक हाट बाजार में 31,600 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय
रतलाम : रविवार, मार्च 29, 2026

परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 3 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।
धामनोद से आए किसान श्री चंद्रभानु द्वारा अनाज, दालें, सब्जियां, फल एवं मूंगफली का 25,400 रुपये का विक्रय किया गया। श्री दिलीप धाकड़ द्वारा शहद का 4000 रुपये तथा श्री उमेश धाकड़ (बांगरोद) द्वारा घी एवं दूध सहित जैविक उत्पाद 2,200 रुपए में विक्रय किए गए। जैविक हाट बाजार में कुल 31,600 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।
==================
ई-उपार्जन पोर्टल पर चना एवं मसूर फसल की खरीदी शुरू
रतलाम : रविवार, मार्च 29, 2026,
उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्रीमती नीलम सिंह चौहान ने बताया कि जिले के किसान ई-उपार्जन पोर्टल पर रबी मौसम 2025-26 में चना एवं मसूर फसल के उपार्जन के लिए मण्डी स्तरीय 6 उपार्जन केन्द्र का निर्धारण किया गया है। चना एवं मसूर फसल का उपार्जन 30 मार्च से 28 मई तक कर सकते है। किसान भाई कृषि उपज मण्डी महू नीमच रोड रतलाम, कृषि उपज मण्डी सैलाना, कृषि उपज मण्डी अरनिया पीथा जावरा, कृषि उपज मण्डी पिपलोदा, कृषि उपज मण्डी ताल एवं कृषि उपज मण्डी आलोट में से किसी भी नजदीकी केन्द्र पर अपनी फसल का उपार्जन कर सकते है।
===========
भारत में हवाई सेवाओं का विस्तार अकल्पनीय, अब हर तबके के लिए संभव हुई हवाई यात्रा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया इन्दौर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का लोकार्पण
- इंदौर में हवाई सुविधाओं का हो रहा विस्तार, मिली अत्याधुनिक टर्मिनल की सौगात
- अमेरिकी कॉउंसिल ने इंदौर की हवाई सुविधा को क्वॉ
रतलाम : रविवार, मार्च 29, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन हमें लोककल्याण का मार्ग दिखाता है। लोकमाता के पद चिन्हों पर चलकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम जनसेवा के नए कदम बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी की दूरदर्शिता ने ही देश के विमानन क्षेत्र का कायाकल्प किया है। प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच और दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज समाज के हर तबके के लिए हवाई यात्रा संभव हुई है। अब हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज की यात्रा करने में समर्थ्य हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में हवाई सेवाओं का विस्तार जितनी तेजी से हो रहा है वह अकल्पनीय है। मध्यप्रदेश में पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत भी की गई है, इससे गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को त्वरित उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जा रहा हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को इन्दौर में लोकमाता अहिल्याबाई इन्टरनेशनल एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन्दौर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का लोकार्पण कर इन्दौरवासियों सहित पूरे मालवांचल को अत्याधुनिक टर्मिनल की सौगात दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को लगातार बढ़ाया जा रहा है, जिससे हवाई यात्रा और भी अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगी। यह नया टर्मिनल इन्दौर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूती के साथ प्रतिस्थापित करेगा। इंदौर शहर की बेहतरीन हवाई सुविधाओं को अमेरिका क्वॉलिटी कॉउंसिल ने क्वॉलिटी सर्टिफिकेट से सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉउसिल की ओर से दिया गया क्वालिटी सार्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन इन्दौर एयरपोर्ट के पदाधिकारियों को सौंपकर बधाई दी।
नये टर्मिनल में मिलेंगी यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर के नए टर्मिनल में यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इंदौर में पुनर्संरचना परियोजना के तहत करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से हुए विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों से एवं पुरानी टर्मिनल इमारत के नवीनीकरण के बाद अब यह नया टर्मिनल प्रति घंटे लगभग 400 यात्रियों को संभालने में सक्षम हो गया है। इसमें 14 चेक-इन काउंटर्स बनाए गए हैं और लगभग 300 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी यहां की गई है। करीब 6 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने इस टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता 15 लाख (1.5 MMPA) है। यहां पर 18 उड़ानों का संचालन, 150 चार पहिया वाहनों की पार्किंग एवं वीआईपी रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन्दौर में यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए हवाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस नए टर्मिनल में एक बहुत बड़ा वेटिंग एरिया विकसित किया गया है, जिससे पीक आवर्स में भी बेहतर तरीके से भीड़ प्रबंधन किया जा सकेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां “उड़ान यात्री कैफे” की शुरुआत भी की जा रही है। इसमें यात्रियों को 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में नाश्ता मिलेगा।
प्रदेश में हर 150 किमी पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड्स मौजूद हैं। बीते दो साल में ही प्रदेश में रीवा, सतना और दतिया में नए एयरपोर्ट का सफल संचालन हमने शुरु किया है। उज्जैन और शिवपुरी में भी नया एयरपोर्ट बनाने की तैयारी कर ली है। इससे प्रदेश में कुल 10 एयरपोर्ट्स हो जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में हर 150 किलोमीटर पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट, हर 75 किलोमीटर पर एक एयरस्ट्रिप और हर 45 किलोमीटर पर एक हेलीपैड की सुविधा उपलब्ध हो। इस दिशा में हम तेजी से काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आवागमन के तीनों क्षेत्रों में हो रहे अभूतपूर्व विस्तार कार्य मध्यप्रदेश को लगातार विकास की नई ऊंचाईयों पर ले जा रहे हैं। रेल और विमानन सेवाओं में बढ़ते कदमों के साथ ही रोड कनेक्टिविटी के लिए केन्द्र से मिले विशाल पैकेज तथा एक्सप्रेस-वे के निर्माण से हमारा मध्यप्रदेश अब देश का लॉजिस्टिक हब बनता जा रहा है।
नये टर्मिनल के लोकार्पण कार्यक्रम में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजारापु राममोहन नायडू ने भी वर्चुअली सहभागिता की। कार्यक्रमको इंदौर के लोकसभा सांसद श्री शंकर लालवानी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर लोकार्पण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व मंत्री श्री महेन्द्र हार्डिया, पूर्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ और महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


