कहार भोई समाज द्वारा भगवान केवट निषादराज जन्मोत्सव पर निकाली जाएगी भव्य वाहन रैली

कहार भोई समाज द्वारा भगवान केवट निषादराज जन्मोत्सव पर निकाली जाएगी भव्य वाहन रैली
मंदसौर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अनन्य मित्र और कहार भोई समाज के आराध्य देव भगवान केवट निषादराज जी का जन्मोत्सव आगामी सोमवार, 23 मार्च 2026 को पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर को ऐतिहासिक बनाने के लिए कहार भोई समाज विकास समिति द्वारा एक भव्य वाहन रैली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर समाज के युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। कार्यक्रम समिति का अध्यक्ष श्री रमेश चौहान को बनाया गया हैं।
कहार भोई समाज अध्यक्ष चुन्नीलाल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मोत्सव का मुख्य आकर्षण नगर में निकलने वाली विशाल वाहन रैली होगी। यह रैली सोमवार दोपहर 3.30 बजे श्री कल्याण गुरु व्यायाम शाला, गोंदी घाट से जय निषादराज के उद्घोष के साथ प्रारंभ होगी जहां से प्रतापगढ़ पुलिया, मण्डी गेट, घण्टाघर, भारत माता चौराहा, बस स्टेण्ड, बालाजी, गांधी चौराहा, सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा, गोल चौराहा, रोम टॉवर रोड़, सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा, पुलिस पेट्रोल पम्प रोड़, भीम राव अम्बेडकर चौराहा से होते हुए ाहन रैली का समापन कोर्ट परिसर स्थित मछली मार्केट के निषादराज मांगलिक भवन पर होगा। जहां पर भगवान केवट निषादराज जी की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेंगे। महाआरती के संपन्न होने के उपरांत समिति द्वारा उपस्थित सभी भक्तों के लिए विशेष प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
कहार भोई समाज विकास समिति ने समाज की एकजुटता और भक्ति का परिचय देने के लिए क्षेत्र के सभी बड़े-बुजुर्गों, युवा साथियों और सामाजिक बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस वाहन रैली और आरती में शामिल होने का विनम्र आग्रह किया है। उक्त जानकारी कार्यक्रम अध्यक्ष रमेश चौहान ने दी।


