समाचार मध्यप्रदेश नीमच 19 मार्च 2026 गुरुवार

////////////////////////////
औषधी एवं प्रशाधन सामग्री अधिनियम का पालन नहीं करने पर चार मेडिकल स्टोर्स के लायसेंस निलंबित
नीमच 18 मार्च 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एवं उपसंचालक डॉ.दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा औषधि विक्रय संस्थानों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है और विशेषतः एनआरएक्स, नशे के रूप में दुरूपयोग की संभावना वाली दवाइयों के रिकॉर्ड की जाँच की जा रही है। औषधि निरीक्षक नीमच ने विभिन्न औषधि विक्रय संस्थानों के औचक निरीक्षण कर अनियमितताओं के आधार पर जिले में संचालित 4 मेडिकल स्टोर्स पर कार्यवाही की गई है।
औषधी निरीक्षक श्री शोभित तिवारी ने बताया, कि उक्त निरीक्षण के दौरान संबंधित संस्थानों के संचालन में विभिन्न अनियमितताएं पाई गई, जिनके आधार पर संस्थानों को औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी नीमच द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये। जिसके प्रतिउत्तर में संचालकों द्वारा संतोषजनक तथ्य एवं दस्तावेज प्रस्तुत ना कर पाने के कारण औषधि एवं प्रशाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत नियमों के उल्लंघन पर औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी द्वारा मेसर्स पाटीदार मेडिकल एंड जनरल स्टोर रामपुरा का लाइसेंस छह दिवस, मेसर्स दिशा मेडिकल चिताखेड़ा का लाइसेंस 5 दिवस, मेसर्स श्री देव मेडिकल स्टोर खोर का लाइसेंस 4 दिवस, मेसर्स सावलिया मेडिकल सरवानिया महाराज का लाइसेंस 4 दिवस के लिए निलंबित किया गया है।
औषधी निरीक्षक ने बताया, कि विभाग द्वारा नीमच जिले के समस्त औषधि विक्रेताओं को निर्देशित किया है, कि वे संस्थान संचालन के दौरान औषधि एवं प्रशाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 का पालन सुनिश्चित करें एवं एनआरएक्स, नशे के रूप में दुरूपयोग की संभावना वाली दवाइयों के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित करें। औचक निरीक्षण के दौरान औषधि विक्रय संस्थान का संचालन नियमानुसार ना पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
===============
जिले की सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताए स्वास्थ्य जांच की सही-सही रिर्पोट अंकित करें- श्री चंद्रा
जिले में आज चलाया जाएगा एचपीवी टीकाकरण का महाअभियान- कलेक्टर
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
नीमच 18 मार्च 2026, जिले की सभी स्वास्थ्य कार्यकताए स्वास्थ्य जांच की सही-सही रिर्पोट टीकाकरण कार्ड पर अंकित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए दिए। कलेक्टर ने कहा, कि सामान्यत: देखा जाता है, कि गर्भवती महिला के टीकाकरण कार्ड पर स्वास्थ्य पैरामीटर्स सामान्य लिखे होते है, जबकि हायर सेंटर पर जांच कराने पर महिला हायरिस्क की श्रेणी में परिलक्षित होती है। जिससे उसका उचित प्रबंधन नहीं हो पाता । जरूरी है, कि ए.एन.एम. समय पर सही जांच कर, टीकाकरण कार्ड पर अंकित करें। इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ता के खिलाफ सख्त दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में श्री चंद्रा ने प्रसव पूर्व जांच, प्रसव के दौरान 4 जांच, हाईरिस्क गर्भवती महिला का चिंहाकन एवं उनका प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन वाले सेक्टर मेडिकल आफिसर एवं सेक्टर सुपरवाईजर को नोटिस जारी करने एवं अच्छा कार्य करने वाले सेक्टर मेडिकल आफिसर एवं सेक्टर सुपरवाईजर को प्रशंसा पत्र जारी करने के निर्देश दिए है। बैठक में समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा भी की। नोडल अधिकारियों को 31 मार्च 2026 तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की गई। जिले की प्रगति 20 प्रतिशत से कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया, कि आगामी दिवसों में वृहद स्तर पर टीकाकरण सत्रों का आयोजन कर, प्रगति बढाए। इसके लिए गुरूवार को सम्पूर्ण जिले में टीकाकरण का महाअभियान आयोजित करने के निर्देश प्रदान दिए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ.महेन्द्र पाटील, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.मनीष यादव, डब्ल्यूएचओ के डॉ.ऋषभ बजाज, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम.मांगरिया उपस्थित थे।
========
जिले में महिला एवं बाल कल्याण के पैरामीटर्स पर प्रदेश एवं संभाग में जिले का बेहतर प्रदर्शन
हॉट स्पॉट क्षेत्र में बच्चों के श्रेणी सुधार के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करें-श्री चंद्रा
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति बैठक सम्पन्न
नीमच 18 मार्च 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता की उपस्थिति में जिला पोषण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में पीपीटी के माध्यम से जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने विस्तार से विभागीय जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में बताया गया, कि नीमच जिले की आंगनवाडी केंद्रों FRS के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने और न्यूनतम 21 दिवस आंगनवाड़ी केंद्र खुलने में नीमच जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। बताया गया, कि ,आभा आईडी में नीमच जिला प्रदेश में तीसरे और संभाग में प्रथम, अपार आईडी बनवाने में प्रदेश में पांचवे ओर संभाग में प्रथम स्थान, बच्चो को गर्म पका भोजन वितरण में प्रदेश में तीसरे ओर संभाग में प्रथम, टेकहोम राशन वितरण में प्रदेश में पांचवे और संभाग में प्रथम, अति गंभीर कुपोषित बच्चों के श्रेणी सुधार में प्रदेश ओर संभाग में प्रथम स्थान पर, आंगनवाड़ी केंद्रों पर शाला पूर्व शिक्षा उपलब्ध करवाने में जिला प्रदेश में चौथे और संभाग में प्रथम स्थान पर रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बैठक में जिले की उक्त उपलब्धियों पर संपूर्ण विभागीय टीम को बधाई दी।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए, कि जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें। सैम, मैम एवं अतिकम वजन के बच्चों का वास्तविक चिन्हांकन करें,सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रोंमें शेष कार्य पूर्ण करवाये, कोलोकेशन वाले आंगनवाड़ी केंद्रों का सत्यापन करें,जिले में चिन्हित हॉट स्पॉट वाले आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान दे। सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में सुविधाओं के विस्तार करें और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ले। कलेक्टर ने सभी आंगनवाडी केंद्रों में शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा का अधिक प्रभावी ढंग से आयोजन नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होने आंगनवाडी केंद्रों में शेष 03 से 06 वर्ष के बच्चों को दर्ज करवाने, सेम एवं मेम श्रेणी के बच्चों के श्रेणी सुधार के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.प्रसाद,जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.मनीष यादव, सहायक संचालक श्री वैभव बैरागी, सभी सीडीपीओ एवं सेक्टर सुपरवाईजर उपस्थित थे।
==============
टाउनहॉल नीमच में सूर्य उपासना कार्यक्रम आज
नीमच 18 मार्च 2026, राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार भारत के नववर्ष विक्रम सम्वत गुड़ी पड़वा के अवसर पर आज 19 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय पर प्रातः 10 बजे सूर्य उपासना कार्यक्रम टाउनहाल दशहरा मैदान नीमच में आयोजित किया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओं श्री अमन वैष्णव ने जिले के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है, कि वे 19 मार्च 2026 को अपने अधिनस्थ अधिकारी,कर्मचारियों के साथ प्रात 9.30 बजे उक्त कार्यक्रम में उपस्थित होना सुनिश्चित करे।
=============
जिले की मदिरा दुकानों का पांचवें चरण में ई-टेण्डर के माध्यम से निष्पादन 19 मार्च को
नीमच 18 मार्च 2026, जिला आबकारी अधिकारी नीमच ने बताया, किनीमच जिले में वर्ष 2026-27 के लिये अर्थात एक अप्रेल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिये ई-टेण्डर/ ई-टेण्डर कम ऑक्शन के चतुर्थ चरण में निष्पादन से शेष रही, पांचवें चरण हेतु 26 कंपोजिट मदिरा दुकाने, जो कि 9 समूहों में हैं। पांचवें चरण में निष्पादन हेतु ईच्छुक पात्र आवेदकों से शासन द्वारा घोषित शर्तो व प्रक्रिया के तहत एनआईसी के पोर्टल (https://mptender.gov.in) के माध्यम से निर्धारित आरक्षित मूल्य पर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन आमंत्रित किए गये हैं। समूहों का विवरण, उनका आरक्षित मूल्य, जमा की जाने वाजी धरोहर राशि एवं निष्पादन कार्यालय के बारे में विस्तृत जानकारी जिला आबकारी कार्यालय नीमच से प्राप्त की जा सकती हैं।
ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) हेतु ऑनलाईन टेण्डर प्रपत्र डाउन लोड एवं आफर सबमिट करने की तिथि 18 मार्च 2026 को प्रात: 10 बजे से 19 मार्च 2026 को दोपहर 4 बजे तक रहेगी। ई-टेण्डर कम ऑक्शन प्रपत्र खोलने की तिथि एवं समय 19 मार्च 2026 को दोपहर 4.05 बजे से रहेगी। ई-टेण्डर कम ऑक्शन अंतर्गत ऑक्शन प्रारंभ एवं बंद होने की तिथि एवं समय 19 मार्च 2026 को दोपहर 5.30 बजे से सायंकाल 6.50 बजे तक (तत्पश्चात 15 मिनट के अंतराल में बोली दिये जाने पर आगामी 15 मिनिट के लिए समयावधि में वृद्धि) ई-टेण्डर खोलने की तिथि एवं समय संबंधित समूह का ऑक्शन समाप्त होने अथवा 19 मार्च 2026 को सायंकाल 6 बजे (जो भी बाद में हो) रहेगा।
===========
मालाहेडा में नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर सम्पन्न – 36 रोगियों ने लाभ लिया
नीमच 18 मार्च 2026, शासन के निर्देशानुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर मालाहेड़ा के द्वारा नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, चर्म रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास,कास, प्रतिश्याय, रक्त अल्पता, अर्श ,गैस, अम्लपित आदि से पीड़ित रोगियों की जांच कर नि:शुल्क औषधि वितरित की गई।
शिविर में कुल 36 लाभार्थी को औषधीया वितरित की गई तथा डॉ.आबिद खान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी के द्वारा मौसमी बीमारियों से बचने के उपाय, तनाव से मुक्ति, स्वच्छता अभियान, दिनचर्या, पोषण से सम्बन्धित जानकारी दी। शिविर में पंचायत सदस्य, औषधालय स्टाफ, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, आदि उपस्थित थे।
=========



