समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 19 मार्च 2026 गुरुवार

////////////////////////////
परियोजना समन्वयक अशोक लोढ़ा को जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार
रतलाम : बुधवार, मार्च 18,
प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेशानुसार श्रीमती अनीता सागर को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के पदभार से मुक्त करते हुए अतिरिक्त परियोजना समन्वयक श्री अशोक कुमार लोढ़ा को जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम के पद पर अन्य आदेश तक प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रशासकीय एवं वित्तीय प्रभार सौपा गया है।
==============
कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा की
रतलाम : बुधवार, मार्च 18, 2026,

रतलाम जिले में महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष की आयु समूह की बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। जिले में बाल चिकित्सालय रतलाम, मेडिकल कॉलेज , सिविल अस्पताल आलोट और जावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली, पिपलोदा, ताल, सैलाना और बाजना पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक कुल 1064 बालिकाओं का वैक्सीनेशन किया गया है, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने अभियान की उपलब्धि की समीक्षा के दौरान प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी मैदानी कार्यकर्ताओं आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सी एच ओ के माध्यम से अभिभावकों को परामर्श प्रदान कर बालिकाओं को टीकाकरण केंद्र पर लाने के लिए कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अपने गांव में सबसे पहले शत प्रतिशत बालिकाओं का वैक्सीनेशन करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रति विकासखंड पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर ने विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को मैदानी क्षेत्र में भ्रमण करके कार्य उपलब्धि में सकारात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने आवश्यक अंतर विभागीय समन्वय स्थापित करने एवं कार्य में होने वाली बाधाओ को दूर करते हुए परामर्श प्रदान कर भ्रांतियां दूर करने के निर्देश दिए। प्रभारी सीएमएचओ डॉ ए पी सिंह ने बताया कि जिले में प्रति गांव और वार्ड कार्यकर्ताओं द्वारा वैक्सीनेशन कराए गए हितग्राहियों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि रतलाम जिले में प्रतिदिन वैक्सीनेशन किया जा रहा है अर्थात कल गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी वैक्सीनेशन निरंतर किया जाएगा । बैठक मे मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ मिश्रा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील तथा विभिन्न विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर, बीपीएम, बीसीएम उपस्थित थे।
==============
ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था को लेकर जिला स्तरीय बैठक संपन्न
रतलाम : बुधवार, मार्च 18, 2026,
कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या के निदान हेतु कार्य योजना बनाने के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न हुई । बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, नगर निगम कमिश्नर श्री अनिल भाना, ईई पीएचई श्री एस.आर. जान्गले सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संभावित पेयजल संकट के लिए चिन्हित बसाहटों में ग्रीष्मकाल के दौरान सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना बनाये।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन गांवों में पेयजल परिवहन की आवश्यकता हो सकती है, वहां के लिए पूर्व से ही टैंकर एवं जल स्रोत चिन्हित कर लिए जाएं। साथ ही सभी ब्लॉक स्तरीय समितियों की बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
कलेक्टर ने सभी हैंडपंपों की जांच कर उनकी तकनीकी खराबियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। जिन हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं है, उन पर लाल रंग से क्रॉस चिन्हित कर ग्रामीणों को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाये कि हैंडपंप का पानी पीने योग्य नहीं है । ताकि उनका उपयोग पेयजल के रूप में न किया जाए। जिले की चिन्हित बसाहटों की ब्लॉकवार कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने, तथा पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु ब्लॉक एवं नगरीय निकाय स्तर पर हेल्पलाइन नंबर जारी कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
==============
जिला स्तरीय बैंकर्स समिति डीएलसीसी की बैठक संपन्न
रतलाम : बुधवार, मार्च 18, 2026
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन की अध्यक्षता में डीएलसीसी/डीएलआरसी की बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व डीएलसीसी/डीएलआरसी एवं एसीपी की बैठक में लिए गये निर्णय की प्रगति पर चर्चा की गई, जिसमें जिले का सीडी रेशो-138 प्रतिशत होने पर सीईओ सुश्री जैन द्वारा बैंकों की प्रशंसा की गई ।
बैठक में सुश्री जैन ने सभी शासकीय योजनाओं में स्वीकृति/वितरण हेतु पेंडिंग आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा पीएम स्वनिधि योजना/ पीएमएफएमई-/डा.भीमराव अम्बेडकर, कामधेनु योजना के शेष आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत कर वितरण करवाने हेतु बैंकों को निर्देशित किया।
बैठक में आरबीआई से श्री धीरज गुप्ता, डीडीएम नाबार्ड श्री एन के सोनी, एलडीएम मोहन लाल मीना, आरसेटी निर्देशक श्री दिलीप सेठिया सहित शासकीय विभागों के अधिकारी/बैंक समन्वयक उपस्थित थे।
=========
एमपीटास पोर्टल पर सत्र 2025-26 हेतु आनलाईन आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 मार्च
रतलाम : बुधवार, मार्च 18, 2026
सहायक संचालक पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण द्वारा बताया गया कि एमपीटास पोर्टल पर सत्र 2025-26 नवीन /नवीनीकरण विद्यार्थियों के आनलाईन आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। शासकीय/अशासकीय महाविद्यालयों/औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के नवीनीकरण विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन भरकर अपनी संस्था में जमा करवाने संबंधित कार्यवाही करना सुनिश्चित करें जिससे शासन की पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ विद्यार्थियों को प्राप्त हो सके।



