समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 19 मार्च 2026 गुरुवार

////////////////////////////
जल गंगा संवर्धन अभियान में गुणवत्ता के साथ बेहतर मॉडल विकसित करें : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
जिले में गंगा संवर्धन अभियान का 19 मार्च से होगा शुभारंभ
मंदसौर 18 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत सभी कार्य गुणवत्ता के साथ किए जाएं तथा नवाचारपूर्ण मॉडल विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग 2 से 4 ऐसे कार्य स्वयं की योजना बनाकर करें, जो जिले के लिए उदाहरण बन सकें।
कलेक्टर ने नगर पालिका को सहेलियों की बावड़ी पर विशेष सफाई एवं विशेष कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाएं बनाकर कार्य करने को कहा। जनपद सीईओ को विभागीय कार्यों की सतत निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने नलकूप, हैंडपंप, तालाब एवं बावड़ियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, कार्यों की सूची तैयार करने तथा केवल वास्तविक कार्यों की ही ऑनलाइन प्रविष्टि करने के निर्देश दिए। एसडीएम को जल स्रोतों पर अतिक्रमण हटाने एवं कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर ने नगर पालिका को शिवना शुद्धिकरण कार्य युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए। वन विभाग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए बेहतर कार्य करने को कहा। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को कम पानी में फसल उत्पादन, जल चौपाल, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
उद्योग विभाग को औद्योगिक क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने एवं पौधारोपण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीडब्ल्यूडी एवं पीआईयू विभाग को सभी शासकीय भवनों में शत प्रतिशत रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ियों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं पोषण वाटिका विकसित करने, शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था, सोखता गड्ढे, मटका व्यवस्था तथा जागरूकता गतिविधियां एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
पीएचई विभाग को जल की गुणवत्ता जांच, नल-जल योजनाओं की पाइपलाइन टेस्टिंग एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान 19 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा और इसमें सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में जल संरक्षण के प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करें।
=================
गेहूं उपार्जन खरीदी में गेहूं की गुणवत्ता का रखा जाएगा विशेष ध्यान, सर्वेयर को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
मंदसौर 18 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने गेहूं उपार्जन खरीदी को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अनुकूल जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित कर खरीदी प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों के बारे में स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने बताया कि जिले में गेहूं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सर्वेयरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, यदि किसी सर्वेयर द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में 1 अप्रैल से गेहूं उपार्जन खरीदी कार्य प्रारंभ होगा। इसके पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदान (बोरियां) सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
========
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सीतामऊ और डिगावमाली में हुआ जागरूक कार्यक्रम
मंदसौर 18 मार्च 26/ जिले में 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में ‘HPV वैक्सीनेशन जागरूकता रथ’ के माध्यम से सीतामऊ एवं डिगावमाली क्षेत्रों में सघन प्रचार-प्रसार किया गया।
जागरूकता रथ के भ्रमण के दौरान श्री जगदीश खींची ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने ग्रामीणों और पालकों को विस्तार से समझाया कि 14 वर्ष की बालिकाओं को लगाई जा रही यह HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह टीका भविष्य में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) के विरुद्ध सुरक्षा की गारंटी देता है। उन्होंने इसे एक पुनीत जनहित कार्य बताते हुए सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण करवाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 13 हजार किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है।
==============
बच्चे स्वयं पर भरोसा रखें, असफलता से हताश नहीं होना चाहिए : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
जिला स्तरीय ओलंपियाड सम्मान समारोह में 32 विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
मंदसौर 18 मार्च 26/ जिला स्तरीय ओलंपियाड सम्मान समारोह का आयोजन डाइट परिसर में किया गया, जिसमें कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा जिले के 32 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हिंदी, गणित एवं अंग्रेजी विषय के 7-7, पर्यावरण के 2, विज्ञान के 3, सामाजिक विज्ञान के 3 एवं संस्कृति के 3 विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी ने मंदसौर जिले एवं अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कभी भी असफलता से हताश नहीं होना चाहिए, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। स्वयं पर विश्वास रखें और हमेशा सकारात्मक एवं खुश रहें।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के माता-पिता ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा बच्चों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
=========
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप सूर्य उपासना कार्यक्रम में होंगे सम्मिलित
पशुपतिनाथ मंदिर में 19 मार्च को होगा सूर्य उपासना कार्यक्रम
“सम्राट विक्रमादित्य” नाट्य प्रस्तुति का होगा मंचन
मंदसौर 18 मार्च 26/ विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ अवसर पर 19 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे मंदसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर परिसर (आराधना हॉल) में सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य उपासना के साथ होगी, जिसमें मंदिर परिसर में ब्रह्म ध्वज स्थापित किया जाएगा। यह आयोजन भारतीय नववर्ष नववर्ष प्रतिपदा (गुड़ी पड़वा) के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के सहयोग से “सम्राट विक्रमादित्य” विषय पर भव्य नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा। इस प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं विक्रम संवत् के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाया जाएगा।
प्रस्तुति विवरण के अंतर्गत प्रस्तुति परिकल्पना सामाजिक सांस्कृतिक संस्था, उज्जैन द्वारा दी जाएगी। जिसमें
नाट्य दल निर्देशन : सतीश दवे, संगीत : अभिषेक त्रिपाठी, लेखन एवं सह निर्देशन : प्रसन्न सोनी, निर्देशन : संजय श्रीवास्तव द्वारा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में “भारत का नववर्ष विक्रम संवत्” विषयक पुस्तिका का वितरण भी किया जाएगा, जिससे आमजन भारतीय नववर्ष की परंपरा एवं महत्व को समझ सकें। विक्रम संवत् नववर्ष के अवसर पर जिले के प्रमुख मंदिरों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर ब्रह्मध्वज भी स्थापित किए जाएंगे।
======
नवरात्री पर्व व चूनर यात्रा को लेकर मंदिर समिति की बैठक संपन्न
शामगढ।आगामी पर्व नवरात्री व चूनर यात्रा को लेकर मां महिषासुर मर्दिनी देवी माता जी मंदिर प्रांगण मे मंगलवार को मंदिर समिती व प्रंबधन समिति की बैठक रखी गई जिसमे नवरात्री कार्यक्रम मे उत्सव को मनाने व चूनर यात्रा, हवन, चूल, गरबा आदि कार्यक्रम परम्पंरा अनुसार मनाने हेतू तय किया गया, पर्व पर शांति व्यवस्था हेतु साफ सफाई, स्वच्छता , विधुत व्यवस्था हूतू संबधित विभागो को अवगत कराया गया।
विशेषकर नवरात्री पर नवमी को चूल का आयोजन होता है जिसमे हजारो की संख्या मे भक्तजनों की भीड मंदिर परिसर मे रहती है, इस हेतू शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस विभाग को दी गई। बैठक मे तहसीलदार किरन गेहलोत, नायब तहसीलदार बी आर खराडे, थाना प्रभारी कपिल सोराष्ट्री, मुकेश साल्वी पटवारी,मंदिर पुजारी अर्जुन नाथ,राम चौहान, कृष्णा चुन्नी दीदी, गोपाल खाती पटेल पार्षद,किशोर मुजावदिया, रमेशचंद्र मालवीय(विधुत विभाग)पूर्व पटवारी रामगोपाल माली, ईश्वर प्रजापति, कमल प्रजापति आदि मौजूद रहे।
============
मंदसौर में दौड़ती कार में अचानक भड़की आग, समय रहते टला बड़ा हादसा
मंदसौर। नगर के व्यस्त महाराणा प्रताप चौराहे पर मंगलवार देर रात एक चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जावेद हुसैन अपने परिवार के साथ ईद की खरीदारी के लिए नई आबादी इलाके से बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे चौराहे के पास पहुंचे, कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में वाहन के अगले हिस्से में आग फैल गई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
=======
19 मार्च को मोड़ी माताजी मंदिर प्रांगण में हिंदू नव वर्ष वर्ष प्रतिपदा उत्सव का आयोजन
सीतामऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू नव वर्ष वर्ष प्रतिपदा का भव्य आयोजन 19 मार्च 2026 सुबह 6 बजे मोड़ी माताजी मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया है। स्वयंसेवकों ने बताया कि हमें हर्ष हो रहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष चल रहा इस पर हिंदू नव वर्ष पर भव्य कार्यक्रम 19 मार्च गुरुवार को सुबह 6 बजे रखा गया है जिसमें अधिक से अधिक समाज जन उपस्थित देखकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
=========
मन्दसौर। उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के अंतर्गत एनएसएस इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक शुभारंभ आज दिनांक 17 मार्च को ग्राम मोहम्मदपूरा (मैनपुरिया) के पंचायत भवन में प्रारम्भ किया गया जो 23 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस शिविर की थीम ‘प्राकृतिक खेती खुशहाल जीवन’ है। राष्ट्रीय सेवा योजना के इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समुदाय में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. जी.पी.एस. राठौर एवं डॉ. एच पी सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, डॉ. जी.पी.एस. राठौर ने व्यक्तिगत और सार्वजनिक स्वच्छता पर अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने लोगों को नियमित हाथ धोने, साफ कपड़े पहनने, सुरक्षित पानी पीने तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता बनाए रखने के बारे में जागरूक किया। बच्चों और युवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया ताकि वे प्रारंभ से ही स्वस्थ आदतें अपनाएं।
डॉ. एच पी सिंह ने भी स्वच्छता से जुड़े हुए पुराने किस्से सुनाये जिसमे एनएसएस का उद्देश्य ृमैं नहीं, आप’ की कहानी भी रोचक रही। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक स्वच्छता पर भी जोर दिया। स्वयंसेवकों ने समुदाय को उचित कचरा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी, जिसमें गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण शामिल है, तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया।
यह कार्यक्रम उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के अधिष्ठाता डॉ. दीपक हरि रानडे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रदीप तुरुकमाने ने स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना की और यह बताया कि स्वच्छता केवल एक दिन की गतिविधि नहीं बल्कि एक नियमित आदत होनी चाहिए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे स्वच्छता के नियमों का निरंतर पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह जागरूकता अभियान एक स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
======
विश्व उपभोक्ता दिवस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में जागरूकता शिविर संपन्न
मंदसौर 18 मार्च 26/ जिला आपूर्ति अधिकारी श्री नारायण सिंह चंद्रावत द्वारा बताया गया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मंदसौर में विश्व उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य में एक वृहद जागरूकता शिविर एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला विधिक सहायता प्राधिकरण, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा उपभोक्ता संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उपभोक्तआओ के अधिकारों के प्रति संकल्प दिलाया गया।
विधिक और कानूनी अधिकारों पर जोर मुख्य अतिथि अधिवक्ता श्री प्रमोद कुमार मेनारिया (चीफ, लीगल एडवाईजर) ने अपने संबोधन में कहा कि “उपभोक्ता अपने अधिकारों को पहचानें। यदि आपके साथ कोई धोखाधड़ी होती है, तो विधिक सहायता प्राधिकरण आपको निःशुल्क कानूनी परामर्श और सहायता प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है।”
संगठनों की सक्रिय भूमिका अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के श्री नवनीत शर्मा ने संगठन के ध्येय ‘जागो ग्राहक जागो’ पर बल दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री जादोन द्वारा खाद्य सामग्री में हो रही मिलावट के बारे में जानकारी दी एवं उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री क्रय करते समय क्या सावधानी रखनी चाहिए इसके बारे में प्रकाश डाला।
ग्राहक पंचायत की सदस्य श्रीमती डोली मक्कड़ ने उपभोक्ता कानूनों के बारे में जानकारी दी। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री नारायण सिंह चंद्रावत ने शासन द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
नापतोल विभाग निरीक्षक श्री बारापात्रे ने इलेक्ट्रोनिक कांटों की सत्यता और वजन करने के सही तरीके प्रदर्शित किए। पेट्रोल-गैस सुरक्षा पेट्रोल की शुद्धता मापने हेतु ‘फिल्टर पेपर टेस्ट’ और गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट देखने की विधि समझाई।
इस अवसर पर श्री विश्वमोहन अग्रवाल (अध्यक्ष, उपभोक्ता उत्थान संगठन) उपस्थित रहे एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री रघुराज सिंह डोडिया एवं श्रीमती आराधना खड़िया ने भी उपभोक्ताओं के प्रत्रों के उत्तर दिए। श्री नारायण सिंह चंद्रावत जिला आपूर्ति अधिकारी श्री चंद्रावत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उपभोक्ताओं के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए आवश्यक हैं।
==========
जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक 23 मार्च को होगी
मंदसौर 18 मार्च 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक 23 मार्च 2026 को कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित होगी । बैठक दोपहर 12 बजे टी.एल. बैठक के पश्चात सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित होगी।
======
चैत्र नवरात्रि व गुड़ी पड़वा पर्व की विधायक विपिन जैन ने दी शुभकामनाएं
मंदसौर। लोकप्रिय विधायक श्री विपिन जैन ने चैत्र नवरात्रि एवं गुड़ी पड़वा (हिंदू नववर्ष) के पावन अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारे जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करता है। माँ दुर्गा की आराधना का यह समय हमें शक्ति, साहस और संयम का संदेश देता है, वहीं गुड़ी पड़वा नववर्ष की नई शुरुआत का प्रतीक है। विधायक श्री जैन ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह नववर्ष सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा जिले के विकास और उन्नति का मार्ग प्रशस्त करे।
========
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने तीन कर्मचारियों की संचय प्रभाव एवं एक कर्मचारी की असंचयी प्रभाव से रोकी वेतन वृद्धियां
मंदसौर 18 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने चार कर्मचारियों की संचय प्रभाव से वेतन वृद्धियां रोकी गई। जिसमें तहसील कार्यालय भानपुरा के सहायक ग्रेड 3 श्री राजेश कुमार राठौर की दो वार्षिक वेतन वृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकी गई।
तहसील कार्यालय भानपुरा के सहायक ग्रेड 3 श्री विशाल कुमार जैन की पूर्व में रोकी गई एक वेतन वृद्धि तथा दो वार्षिक वेतन वृद्धियां नियमित वेतनमान प्राप्त किये जाने के तत्काल पश्चात प्रभावी होगी।
तहसील कार्यालय सुवासरा के राजस्व निरीक्षक श्री सत्यनारायण चंदेल की एक वार्षिक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी गई।
तहसीलदार सुवासरा के सहायक ग्रेड 3 श्री राजीव भटनागर की दो वार्षिक वेतन वृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकी गई ।
तहसील कार्यालय भानपुरा के सहायक ग्रेड 3 श्री राजेश कुमार राठौर द्वारा शासकीय सेवा हेतु मान्य योग्यता पूर्ण नहीं करने, दिए गए आदेश का पालन नहीं करने, कार्यालय में अवैध वित्तीय लेनदेन की शिकायत प्राप्त होने एवं कर्मचारियों के सेवा अभिलेख पूर्ण कर स्वत्वों का भुगतान नहीं किये जाना कदाचरण अनुशासनहीनता की गई।
इस कारण मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 10 (चार) के अंतर्गत दो वार्षिक वेतन वृद्धिया संचय प्रभाव से रोक जाने के दंड से दंडित किया जाता है।
श्री विशाल कुमार जैन द्वारा शासकीय सेवा हेतु मान्य योग्यता पूर्ण नहीं करने, दिए गए आदेश का पालन नहीं करने, अनाधिकृत रूप से शासकीय आवास अपने पास रखना कार्यालय में अवैध वित्तीय लेनदेन की शिकायत प्राप्त होना, मुख्यालय पर निवास नहीं करना कदाचरण अनुशासनहीनता और संदिग्ध निष्ठा का परिचायक है जो कि मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) के तहत दंडनीय है।
श्री विशाल कुमार जैन को निर्धारित योग्यता पूर्ण नहीं किए जाने से नियमित वेतनमान देय नहीं होने से पूर्व में रुकी गई एक वेतन वृद्धि तथा उक्त आदेश से रोकी गई दो वेतन वृद्धि नियमित वेतनमान प्राप्त किए जाने के तत्काल पश्चात प्रभावित होगी।
श्री सत्यनारायण चंदेल द्वारा सक्षम अधिकारी से आदेश प्राप्त किए बिना सीमांकन कर अवैध रूप से किए गए सीमांकन की रिपोर्ट प्रारूप 2 में सीधे कार्यालय में प्रस्तुत कर बिना वैध अनुमति के मिली भगत से आरसीएमएस पोर्टल पर अपलोड कर दी गई जो कि कदाचरण अनुशासनहीनता और संदिग्ध निष्ठा का परिचायक है। उक्त कृत्य मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) के तहत दंडनीय है ।
श्री राजीव भटनागर द्वारा सक्षम अधिकारी से आदेश प्राप्त किए बिना सीमांकन कर अवैध रूप से किए गए सीमांकन की रिपोर्ट प्रारूप 2 में सीधे कार्यालय में प्रस्तुत कर बिना वैध अनुमति के मिली भगत से आरसीएमएस पोर्टल पर अपलोड करने तथा कार्यालय द्वारा जारी आदेश का पालन नहीं करना जो की कदाचरण अनुशासनहीनता, स्वेच्छारिता और संदिग्ध निष्ठा का परिचायक है। उक्त कृत्य मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) के तहत दंडनीय है।
=============
जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय निकाय हों सक्रिय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विक्रम संवत और नव वर्ष त्योहारों पर दी बधाई
मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संबोधन
मंदसौर 18 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में आगामी 19 मार्च से राज्य स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ हो रहा है। प्रदेश के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का यह तीसरा वर्ष है। कुओं, बावड़ियों, नदियों के पुनरुद्धार के अभियान से सभी वर्गों को जोड़ने के लिए नगरीय निकाय और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय निकाय सक्रिय भूमिका का निर्वहन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक प्रारंभ होने के पहले महत्वपूर्ण विषयों पर मंत्रीगण को जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान से जन-जन को जोड़कर इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाए। समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सामाजिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ा जाए। युवाओं को विशेष भागीदारी का अवसर दिया जाए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में 3000 से अधिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन किया जा चुका है। गत वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए 86 हजार से अधिक खेत तालाब और 550 से अधिक अमृत सरोवर बनाए गए। भू-जल संवर्धन के लिए एक लाख से अधिक कुओं का पुनर्भरण कार्य भी प्रारंभ किया गया। नदियों की निर्मलता के लिए प्रदेश की 57 प्रमुख नदियों और 194 प्रदूषण जल स्रोतों की पहचान कर उनके शोधन की पहल की गई। लगभग 145 नदियों के उद्गम क्षेत्र में हरित विकास के लिए गंगोत्री हरित योजना भी प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त की कि जन भागीदारी से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा।
जल महोत्सव की गतिविधियों को सफल बनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल महोत्सव की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आगामी 22 मार्च तक जल महोत्सव के तहत विभिन्न कार्य हो रहे हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की भी जल संरक्षण कार्यो में महत्वपूर्ण भूमिका है।
‘हर घर जल’ के लिए मध्यप्रदेश के हित में नई दिल्ली में हुआ महत्वपूर्ण करारनामा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति और पेयजल मंत्रालय के साथ नई दिल्ली में आज एक महत्वपूर्ण करारनामा हुआ है, जिसके अंतर्गत पेयजल योजना के लिए पाइप लाइन बिछाने और हर व्यक्ति तक जल पहुंचाने के लिए मध्यप्रदेश और राजस्थान 2 राज्यों का चयन हुआ है। यह मध्यप्रदेश के लिए प्रतिष्ठा की बात है। इस अवसर पर प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके मंगलवार को नई दिल्ली में उपस्थित थीं। स्वच्छ जल प्रदाय के लिए वर्ष 2028 तक जल जीवन मिशन की अवधि बढ़ाने और जल जीवन मिशन 2.0 पुनर्गठित कर लागू करने की स्वीकृति दी गई है,जिसका लाभ मध्यप्रदेश को मिलेगा और ग्रामीण पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं को सशक्त टिकाऊ बनाने में सहयोग मिलेगा।
किसान कल्याण वर्ष में विभागों की गतिविधियां
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान कल्याण वर्ष-2026 में 17 विभाग के सहयोग से वर्ष भर होने वाली विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में किसानों के हित में अभिनव पहल की जा रही है। कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए राज्य सरकार बहु आयामी प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री का 4-लेन निर्माण स्वीकृति के लिए माना आभार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा हाल ही में 3839 करोड़ रुपए की लागत से एनएच 752 डी पर बदनावर पेटलावद थांदला टिमरवानी सेक्शन में 4-लेन निर्माण की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ की दृष्टि से यह स्वीकृति अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ प्रदेश के अनेक जिलों को मिलेगा। इंदौर पीथमपुर उज्जैन देवास के औद्योगिक इलाकों तक पहुंच को सुगम बनाया जा सकेगा। धार और झाबुआ जनजातीय बहुल जिलों के आर्थिक विकास में भी सहयोग मिलेगा।
भावांतर योजना में सरसों को जोड़े जाने से किसानों को मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के किसानों के लिए भावांतर योजना में सरसों को शामिल करने को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि 7 लाख से अधिक सोयाबीन उत्पादक किसानों को सरकार 1500 करोड. रुपए की राशि भावांतर योजना में दे चुकी है। अब सरसों उत्पादक किसानों को भी योजना का लाभ मिलेगा। मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने किसानों के हित में सबसे पहले सफलतापूर्वक भावांतर जैसी महत्वपूर्ण योजना लागू की है।
सर्वाइकल कैंसर को रोकेगी वैक्सीन, मध्यप्रदेश में चल रहा अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से 14 वर्ष और उससे अधिक उम्र की बेटियों को बचाने के लिए टीका लगाने का अभियान प्रदेश में चल रहा है। सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को बचाने के लिए निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इससे हमारी बेटियां आजीवन सुरक्षित जीवन जिएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी मंत्रियों से कहा कि वे अपने प्रभार के जिलों में इस महत्वपूर्ण अभियान की सतत समीक्षा करें।
विक्रम संवत् वर्षारंभ की बधाइयां
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी 19 मार्च को गुड़ी पड़वा और विक्रम संवत वर्ष आरंभ होने की सभी मंत्रीगण को बधाई दी और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय नववर्ष के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम भी हो रहे हैं निश्चित ही इनसे जन-जन जुड़ता है। यह अवसर हमारे लिए महत्वपूर्ण है।
==========
जल जीवन मिशन 2.0 को कैबिनेट की मंजूरी, दिसंबर 2028 तक हर ग्रामीण परिवार को मिलेगा नल से शुद्ध जल
पहले दिन ही मध्यप्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से किया एमओयू
योजना के अंतर्गत राज्य सरकार को लगभग 19 हजार करोड़ रूपये की केंद्रीय सहायता
ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मंदसौर 18 मार्च 26 / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्री-मंडल ने जल जीवन मिशन की अवधि दिसंबर 2028 तक बढ़ाने और इसे जल जीवन मिशन 2.0 के रूप में पुनर्गठित कर लागू करने को मंजूरी दी है। इस निर्णय के तहत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के साथ सेवा आधारित, टिकाऊ और पारदर्शी प्रणाली विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मिशन के लिए कुल व्यय बढ़ाकर 8.69 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जिसमें केंद्र सरकार की सहायता 3.59 लाख करोड़ रुपये होगी।
जल जीवन मिशन 2.0 योजना के पहले ही दिन मध्य प्रदेश सरकार ने केंद्रीय जल शक्ति और पेयजल मंत्रालय से इस संबंध में एमओयू किया, जिसके तहत केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय पेयजल योजना के लिए पाइपलाइन बिछाने से लेकर पूरी अधोसंरचना का निर्माण करना जिससे पेयजल हर ग्रामीण तक पहुंच सके। इस योजना का मुख्य उद्देश्य पंचायत की साझेदारी से जलापूर्ति और जल संचयन छोटे-छोटे गांव तक पहुँचाना है।
जल शक्ति मंत्रालय में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी,आर पाटील , जल शक्ति राज्यमंत्री श्री वी. सोमन्ना और मध्य प्रदेश की ओर से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपत्तिया उइके, प्रमुख सचिव श्री पी. नरहरि सहित केंद्र और राज्य के आला अधिकारी एमओयू के दौरान मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन 2.0 के अनुमोदन के लिए वे प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में मिशन के अंतर्गत स्वीकृत सभी ग्रामीण नल-जल योजनाओं का गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन किया जा रहा है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर इन्हें पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी के साथ “हर घर जल प्रमाणित” ग्राम पंचायतों में ग्रामीण पेयजल योजनाओं के विभिन्न घटकों का निरीक्षण कर “जल आकलन” किया जा रहा है, जिससे योजनाओं की गुणवत्ता और स्थायित्व सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में पूर्ण हुई योजनाओं का हस्तांतरण निर्वाचित प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से “जल अर्पण” उत्सव के रूप में कि
======



