
रिपोर्टर जितेन्द्र सिंह चद्रांवत जडवासा
मामला ढोढर में प्रस्तावित सामुदायिक भवन का
ढोढर। क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय द्वारा ढोढर में स्वीकृत सामुदायिक भवन के निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव व गांव वालों के बीच ठन गई है। सरपंच जगदीश माली ने उक्त भवन का निर्माण कार्य मंडी के सामने प्रारम्भ कर दिया है। जबकि ग्रामीण ग्राम पंचायत कार्यालय के समीप रिक्त शासकीय भूमि पर सामुदायिक भवन बनाने की मांग करते आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह जगह ढोढर के बीच में होने से लोगों को इसका समुचित लाभ प्राप्त होगा।
करीबन 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन के निर्माण के मामले में ग्रामवासियों ने गत दिनों कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ को शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर राजकुमार पटेल नामक व्यक्ति ने सीएम हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत की।
इसके बाद सोमवार को जनपद पंचायत की पीसीओ ज्योति राठौड़ ढोढर पहुंची और ग्रामीणों के साथ ही शिकायतकर्ता को ग्राम पंचायत कार्यालय बुलाकर चर्चा की। बताते है कि कतिपय लोगों द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर इस सम्बंध में की गई शिकायत बंद करने हेतु दबाव बनाया गया। इस दौरान ग्रामीण, सरपंच, उप सरपंच, सचिव व पीसीओ ने ग्राम पंचायत के नजदीक खाली पड़ी जमीन का जायजा लिया। लेकिन बताया जाता है कि इनके बीच सामुदायिक भवन निर्माण के स्थान को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इधर, सरपंच जगदीश माली ने बताया कि मंडी के समक्ष नवीन सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। अभी तक उस पर तीन लाख रुपए की राशि व्यय हो चुकी है। इसके अतिरिक्त इसके निर्माण की मंजूरी पर भी खर्चा हुआ।



