मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 18 मार्च 2026 बुधवार

//////////////////////////////

प्रस्तावित अनंतिम दरें के संबंध में कोई सुझाव 20 मार्च तक जिला पंजीयक/ उप पंजीयक कार्यकाल में प्रस्तुत करे

जिला मूल्यांकन समिति की बैठक संपन्न

मंदसौर 17 मार्च 26/ जिला मूल्यांकन समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित की गई। जिला पंजीयक श्री प्रशांत पाराशर ने सर्व साधारण को सूचित किया है कि वर्ष 2026-27 हेतु जिले की गाईड-लाईन (अचल सम्पत्ति) के अनन्तिम दर निर्धारित किये जाने हेतु बैठक आयोजित की गई, सर्वसम्मति से उप-जिला मूल्यांकन समितियों द्वारा प्रस्तावित दरों को अनुमादित किया गया है।

प्रस्तावित अनंतिम दरें जिला पंजीयक कार्यालय मंदसौर एवं सभी उप पंजीयक कार्यालयों में जनता के सुझाव हेतु प्रदर्शित की गयी है। दरों के संबंध में यदि कोई सुझाव पस्तुत करना चाहता है तो मय दस्तावेजी साक्ष्य के दिनांक 20.03.2026 को शाम 5:00 बजे तक जिला पंजीयक कार्यालय / उप-पंजीयक कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।

============

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने “दीप दर्पण” पत्रिका का किया विमोचन

मंदसौर 17 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुकूल जैन द्वारा “दीप दर्पण” पत्रिका का विधिवत विमोचन किया। विकासखंड सीतामऊ अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दीपाखेड़ा द्वारा विद्यालय पत्रिका “दीप दर्पण” का प्रकाशन किया गया।

विद्यालय की इस पहली पत्रिका में विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विद्वान शिक्षकों के आलेखों का समावेश किया गया है। पत्रिका को आकर्षक एवं सचित्र रूप में प्रकाशित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को विद्यालय की गतिविधियों की व्यापक जानकारी प्राप्त हो सके।

विद्यालय के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि “दीप दर्पण” विद्यालय की प्रथम पत्रिका है और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रकाशन का क्रम निरंतर जारी रखा जाएगा। इससे विद्यार्थियों में लेखन एवं पठन के प्रति रुचि विकसित होगी तथा उन्हें अपनी रचनाओं को अभिव्यक्त करने का मंच मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को साहित्य से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है और विद्यालय का यह प्रयास इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

विमोचन कार्यक्रम के दौरान श्री रामेश्वर डांगी (जिला परियोजना समन्वयक), पत्रिका के संपादक मंडल के सदस्यगण एवं विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित थे।

==========

मंदसौर में विशाल पेट के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, जटिल सर्जरी को मिली सफलता

मंदसौर। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर के शल्य चिकित्सा विभाग में एक अत्यंत जटिल एवं चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। 45 वर्षीय महिला मरीज, श्रीमती विध्या बाई माली, पेट में लंबे समय से बढ़ती सूजन एवं असुविधा की शिकायत के साथ भर्ती हुई थीं।
सीटी स्कैन जांच में पेट एवं पेल्विस में लगभग 27×17 सेमी का विशाल बहुकोषीय (multiloculated) सिस्टिक ट्यूमर पाया गया, जो ऊपर की ओर स्प्लेनिक फ्लेक्सर तक तथा नीचे S3 वर्टिब्रा तक फैला हुआ था। यह ट्यूमर आसपास की महत्वपूर्ण संरचनाओं जैसे आंतों एवं प्रमुख रक्त वाहिकाओं पर दबाव डाल रहा था। प्रारंभिक निदान के अनुसार यह ट्यूमर संभवतः ओवरी/पैराओवेरियन मूल का म्यूसिनस सिस्टाडेनोमा था।
इस जटिल स्थिति को देखते हुए सर्जरी की सावधानीपूर्वक योजना बनाई गई। शल्य क्रिया के दौरान लगभग 27×17 सेमी  एवं लगभग 2.5–3 किलोग्राम वजनी विशाल सिस्टिक ट्यूमर** को सुरक्षित रूप से निकाला गया।
यह सफल ऑपरेशन डॉ. ईशांत चौरसिया, प्के नेतृत्व में किया गया। पूरी टीम की कुशलता एवं समन्वय से इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है।

==================

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर में नवीन एसबीआई एटीएम का किया लोकार्पण

नवीन एटीएम से आमजन को मिलेगी सुविधा

मंदसौर 17 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सुशासन भवन परिसर में नवीन एसबीआई एटीएम का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने स्वयं एटीएम से राशि निकालकर इसकी कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। बैंक प्रबंधक द्वारा एटीएम संचालन की पूरी प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने इस कार्य के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि कम समय में एटीएम स्थापित कर उसका शीघ्र शुभारंभ करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में एटीएम की लंबे समय से आवश्यकता थी, जिसके शुरू होने से आमजन को अब सुविधा मिलेगी। इस दौरान बैंक प्रबंधक, कलेक्ट्रेट कर्मचारी, संबंधित अधिकारी एवं बैंक स्टाफ उपस्थित थे।

==========

हिंदू उत्सव समिति द्वारा आज  वाहन रैली  निकाली जायेगी

मंदसौर् l गुड़ीपड़वा नव वर्ष प्रतिपदा के एक दिन पूर्व हिंदू उत्सव समिति मंदसौर के तत्वाधान में वाहन रैली का आयोजन किया गया है l
सम्पूर्ण हिन्दू समाज के द्वारा प्रति वर्ष रैली का आयोजन किया जाता है।जिसमे बड़ी संख्या मे युवा और मात्र शक्ति भाग लेते है l समिति के पदाधिकारी ने बताया  कि इस वर्ष वाहन रैली बुधवार दिनांक 18/03/2026 शाम को4:00 विश्वपति शिवालय से प्रारंभ होगी जो  म शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन विश्वपति शिवालय पहुुंचेगी l रैली में विभिन्न संगठनों के     पदाधिकारी, युवा, भाग लेंगे। सभी के द्वारा अलग अलग बैठकें करके रैली को सफल बनाने के लिए मंदसौर शहर के समस्त समाज प्रमुखों, समस्त संगठन के लोगों को एवं मंदसौर शहर के समस्त धर्मप्रेमी जनता से रैली मे भाग लेकर रैली को सफल बनाने की अपील की है l यह जानकारी रैली के संचालन टोली के सदस्य आनंद तँवर ने दी l
============

जनसुनवाई में अधिकारियों ने तत्‍परता से सुनी 45 आवेदकों की समस्याएं

मंदसौर 17 मार्च 26/ जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने 45 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो।

जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। देहरी निवासी भुवानसिंह ने मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार दलौदा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैलारा निवासी रेशमबाई ने कृषि भूमि का विक्रय करने की अनुमति के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार मल्‍हारगढ़ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बर्रामा निवासी प्रहलाद ने सुचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी प्रदाय करने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर एसडीएम गरोठ को जांच कर आवश्यक जानकारी तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में पीएम सम्‍मान किसान सम्‍मान निधि का लाभ दिलवाने, सिमांकन करवाने, बिजली बिल प्रकरण का निराकरण करने, संबल योजना के आवेदन का निराकरण करवाने, नल जल योजना की अनियमितताएं दुर करने एवं शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्‍त करने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।

============

किसानों को राहत दिलाने जागरूक विधायक विपिन जैन का मुख्यमंत्री को पत्र, ऋण जमा तिथि बढ़ाने की मांग

मंदसौर | जागरूक विधायक विपिन जैन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सोसायटियों में किसानों द्वारा ऋण जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए किसानों के लिए निर्धारित समय सीमा व्यवहारिक नहीं है।विधायक जैन ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि इस समय जिले में रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूँ की कटाई का दौर चल रहा है, वहीं बड़ी संख्या में किसानों की फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। ऐसे में किसान अपनी उपज को बेचकर ऋण चुकाने की स्थिति में नहीं हैं । उन्होंने यह भी बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी की तिथि 16 मार्च 2026 से बढ़ाकर अब 01 अप्रैल 2026 कर दी गई है। दूसरी ओर, सोसायटियों में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 निर्धारित की गई है, जिससे किसानों के सामने असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।विधायक के अनुसार, किसान अपनी फसल का पंजीयन एवं बिक्री के बाद ही ऋण जमा कर सकते हैं, लेकिन जब खरीदी प्रक्रिया ही 1 अप्रैल से शुरू होगी, तो 28 मार्च के अंत तक ऋण जमा करना संभव नहीं है। इसके अलावा मार्च माह के अंतिम सप्ताह में 5 से 6 दिनों के अवकाश भी पड़ रहे हैं, जिससे समय और भी कम हो जाता है।किसान संगठनों एवं स्थानीय किसानों ने भी विधायक के माध्यम से ऋण जमा करने की तिथि बढ़ाने की मांग रखी है, ताकि वे बिना किसी दबाव और परेशानी के अपना कर्ज चुका सकें । विधायक विपिन जैन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए सोसायटियों में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं ।

===============

जिले में एचपीवी अभियान को मिली बड़ी सफलता

हायर सेकेंडरी स्कूल तरनोद एवं बेलारा में हुआ शत-प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण

मंदसौर 17 मार्च 26/ जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के तहत हायर सेकेंडरी स्कूल तरनोद एवं हायर सेकेंडरी स्कूल बेलारा ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। दोनों विद्यालयों में पात्र सभी बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

हायर सेकेंडरी स्कूल तरनोद में कुल 23 बालिकाओं में से सभी 23 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी स्कूल बेलारा में भी 5 में से 5 बालिकाओं का टीकाकरण पूर्ण किया गया है। इस उपलब्धि में विद्यालय प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

जिला प्रशासन द्वारा एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब देखने को मिल रहा है।

जिन बालिकाओं ने अभी तक एचपीवी वैक्सीन नहीं लगवाई है, वे शीघ्र ही नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीकाकरण करवाएं। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है, जो भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है। अभिभावक भी अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए टीकाकरण अवश्य करवाए। फोटो संलग्न

पशुपतिनाथ मंदिर में 19 मार्च को होगा सूर्य उपासना कार्यक्रम

“सम्राट विक्रमादित्य” नाट्य प्रस्तुति का होगा मंचन

मंदसौर 17 मार्च 26/ विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ अवसर पर 19 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे मंदसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर परिसर (आराधना हॉल) में सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य उपासना के साथ होगी, जिसमें मंदिर परिसर में ब्रह्म ध्वज स्थापित किया जाएगा। यह आयोजन भारतीय नववर्ष नववर्ष प्रतिपदा (गुड़ी पड़वा) के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के सहयोग से “सम्राट विक्रमादित्य” विषय पर भव्य नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा। इस प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं विक्रम संवत् के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाया जाएगा।

प्रस्तुति विवरण के अंतर्गत प्रस्तुति परिकल्पना सामाजिक सांस्कृतिक संस्था, उज्जैन द्वारा दी जाएगी। जिसमें

नाट्य दल निर्देशन : सतीश दवे, संगीत : अभिषेक त्रिपाठी, लेखन एवं सह निर्देशन : प्रसन्न सोनी, निर्देशन : संजय श्रीवास्तव द्वारा दिया जाएगा।

कार्यक्रम में “भारत का नववर्ष विक्रम संवत्” विषयक पुस्तिका का वितरण भी किया जाएगा, जिससे आमजन भारतीय नववर्ष की परंपरा एवं महत्व को समझ सकें।

विक्रम संवत् नववर्ष के अवसर पर जिले के प्रमुख मंदिरों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर ब्रह्मध्वज भी स्थापित किए जाएंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में मंदसौर एसडीएम श्री शिवलाल शाक्य एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री रोहित राणावत द्वारा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए। फोटो संलग्न

जिला जनसंपर्क कार्यालय मंदसौर(म.प्र.)

समाचार

दिव्यांग बच्चों को परिवार से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान की आवश्यकता – मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया,

क्षेत्रीय परामर्श बैठक में दत्तक ग्रहण को बढ़ावा देने, राज्यों के समन्वय और विशेष बच्चों के पुनर्वास पर हुआ मंथन

मंदसौर 17 मार्च 26/ दिव्यांग बच्चों को संस्थाओं से निकालकर परिवार का स्नेह और सुरक्षित भविष्य दिलाने के उद्देश्य से आयोजित क्षेत्रीय परामर्श बैठक मंगलवार को रवीन्द्र भवन में हुई। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के दत्तक ग्रहण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज की संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच से ही इन बच्चों को परिवार और बेहतर जीवन मिल सकता है। मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा “दिव्यांग” शब्द देकर समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गैर-संस्थागत पुनर्वास को प्राथमिकता दी जा रही है और मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के माध्यम से स्पॉन्सरशिप तथा ऑफ्टर-केयर की व्यवस्था कर बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

भोपाल में आयोजित क्षेत्रीय परामर्श बैठक में सचिव महिला बाल विकास श्रीमती जीवी रश्मि , केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (सीएआरए) की उप निदेशक श्रीमति ऋचा ओझा , उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बाल संरक्षण के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए परिवार का स्नेह अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि कोई भी संस्था परिवार का स्थान नहीं ले सकती। सुश्री भूरिया ने कहा कि वर्ष 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार देश में 4,155 बच्चों को गोद लिया गया, जिनमें केवल 7 प्रतिशत विशेष आवश्यकता वाले बच्चे थे और इनमें से भी अधिकांश बच्चों को विदेशी दम्पत्तियों ने अपनाया। यह स्थिति बताती है कि देश में दिव्यांग बच्चों के दत्तक ग्रहण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आईवीएफ जैसी तकनीक का प्रचार हो रहा है वैसा ही प्रभावी प्रचार दत्तक ग्रहण के लिये होना चाहिए। इसके लिये फोकस्ड एप्रोच के साथ नि:संतान दम्पतियों को परामर्श देना आवश्यक है। हमारे देश में ऐसे अनेक उदाहरण दिव्यांग बच्चे हैं जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्र चाहे वह खेल का मैदान हो, यूपीएससी में सफलता हासिल करना हो। सभी में अपना परचम लहराया है। सुश्री भूरिया ने सुझाव दिया कि सफल दिव्यांग व्यक्तियों को ब्रांड एम्बेसडर बनाकर समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा सकता है।

 

निरन्‍तर पेज 2 पर

//2//

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को गोद लेने वाले परिवारों के लिए चिकित्सा उपचार, निःशुल्क फिजियोथेरेपी, परामर्श सेवाएं, शिक्षा सहायता और बीमा जैसी सुविधाओं पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की संख्या कम होने के कारण राज्यवार विशेष योजनाऐं बनाकर उनके समुचित पुनर्वास के लिए बजट का प्रावधान किया जा सकता है।

समाज की संवेदनशीलता से ही बदल सकता है दिव्यांग बच्चों का भविष्य – श्रीमती रश्मि

महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव श्रीमती जी.वी. रश्मि ने कहा कि भारतीय समाज में संस्कारों का अत्यधिक महत्व है, लेकिन जब बात विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को गोद लेने की आती है तो सामाजिक रूढ़ियां अक्सर निर्णय में बाधा बनती हैं। उन्होंने कहा कि समाज की संवेदनशीलता से ही बदल सकता है दिव्यांग बच्चों का भविष्य। सचिव श्रीमती रश्मि ने विश्वास जताया कि यह बैठक सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य और विधि जैसे विभिन्न विभागों के समन्वय से बेहतर समाधान खोजने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने सहभागी राज्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे नवाचार और श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को साझा करने का आग्रह किया।

दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए परिवार आधारित पुनर्वास पर जोर केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) की उप निदेशक श्रीमती ऋचा ओझा ने कहा कि देशभर में क्षेत्रीय स्तर पर ऐसे परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य विशेष बच्चों के दत्तक ग्रहण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में दत्तक ग्रहण का प्रतिशत अभी भी कम है, जिसे जागरूकता और नीति सुधारों के माध्यम से बढ़ाने की आवश्यकता है। श्रीमती ओझा ने बताया कि इस बैठक में 4 राज्यों के प्रतिनिधि दत्तक ग्रहण नीति से जुड़े मुद्दों, नवाचारों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा कर रहे हैं। श्रीमती ओझा ने कहा कि बैठक का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए परिवार आधारित पुनर्वास पर जोर देना है।

बैठक में राज्यों में दिव्यांग बच्चों के दत्तक गृहण को वर्तमान स्थिति की समीक्षा, चिकित्सीय आंकलन और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़ी चुनौतियों पर विचार-विमर्श तथा बाल संरक्षण और स्वास्थ्य तंत्र के बीच बेहतर समन्वय के उपायों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में बालिका गृह भोपाल की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जवाहर बाल भवन के बच्चों ने नृत्य-नाटिका से संदेश दिया कि दत्तक ग्रहण बच्चों के जीवन को नया भविष्य और नया परिवार दे सकता है। फोटो संलग्न

 

 

 

 

जिला जनसंपर्क कार्यालय मंदसौर(म.प्र.)

समाचार

समीक्षा बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर श्री पानखेड़े प्रभारी सहायक संचालक मत्‍स्‍य जिला मंदसौर का मार्च पेड अप्रैल का वेतन रोका गया

मंदसौर 17 मार्च 26 / अपर कलेक्‍टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि जिला स्‍तरीय परामर्श समिति में विभागवार प्रारणों के निराकरण की समीक्षा बैठक में श्री एम. के. पानखेड़े प्रभारी सहायक संचालक मत्‍स्‍य जिला मंदसौर की अनुपस्थिति के कारण संबंधित योजनाओं एवं प्रकरणों पर चर्चा एवं समीक्षा नही हो पाई। और पुर्व में निर्धारित बैठकों में भी लगातार अनुपस्थित पाए जाने पर श्री एम. के. पानखेड़े प्रभारी सहायक संचालक मत्‍स्‍य जिला मंदसौर का 2026 मार्च पेड अप्रैल का वेतन आगामी आदेश तक रोका गया।

शासकीय पोलीटेक्निक महाविद्यालय मंदसौर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय शिविर संपन्न

मंदसौर 17 मार्च 26 / शिवशंकर शर्मा शासकीय पोलीटेक्निक महाविद्यालय प्राचार्य एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार शर्मा द्वारा बताया गया कि शासकीय पोलीटेक्निक महाविद्यालय मंदसौर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय शिविर संपन्न हुआ। शिविर के समापन के अवसर पर समस्त स्वयं सेवकों को प्रमाण पत्र एंव शिल्ड प्रदान कर पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती पूजन एवं माल्यार्पण के पश्चात संगीतमय सरस्वती वंदना की गई। स्वयं सेवकों द्वारा “जय जगत” एवं ” उठे राष्ट्र के लिये ” लक्ष्य गीत का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम में श्री अभिनव मालवीय वरि.व्या. एवं श्री विकास सोलंकी व्या. द्वारा बच्चों का मार्गदर्शन किया गया। सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री आकाश तिवारी द्वारा मधुर राष्ट्रगीत को गाया गया। अतिथि व्याख्याता श्री आशीष जैन, श्री निरंजन पवैया, डॉ. अजय चद्रवंशी, श्री पप्पू सोलंकी, डॉ. सतीश गुप्ता ने शिविर में प्रेरणास्प्रद उद्बोधन दिये। कार्यकम के शिविर नायक श्री रामप्रदास ने शिविर के सातों दिवस को में गई गतिविधियों के बारे में अतिथियों को अवगत करवाया। शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सेवकों को भी पुरूस्कृत किया गया। संचालन सहायक कार्यक्रम अधिकारी आकाश तिवारी द्वारा एवं अंत में सभी का आभार कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार शर्मा व्दारा व्यक्त किया गया।

जिला पंचायत साधारण सभा की बैठक 25 मार्च को होगी

मंदसौर 17 मार्च 26 / जिला पंचायत मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला पंचायत मंदसौर की साधारण सभा की 25 मार्च 2026 को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार की अध्यक्षता में आयोजित होगी । बैठक दोपहर 01 बजे जिला पंचायत मंदसौर के सभा कक्ष में आयोजित होगी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}