गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में प्रस्फुटन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है – श्री देवड़ा

नवांकुर योजना अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर सखियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित
मंदसौर। नवांकुर योजना अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर सखियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित। नवांकुर योजना के अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर सखियों के क्षमता वर्धन के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन दलौदा सेक्टर में नवांकुर संस्था द्वारा संत श्री रोटीराम गौशाला, बेहपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत श्री रोटी राम महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं अगरबत्ती अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर समाजसेवी नागेंद्र सिंह सिसौदिया, गौशाला सचिव कोमल चंद्र जैन, सचिव वीरेंद्र सिंह देवड़ा, शिवचरण सिंह सिसौदिया, परामर्शदाता रूपदेव सिंह सिसौदिया, प्रीति पाल सिंह देवड़ा, अनिल सुमन सहित अन्य गणमान्यजन मंचासीन रहे। प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें नवांकुर योजना की कार्यप्रणाली, प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, कार्यों का दस्तावेजीकरण एवं संबंधित मोबाइल एप्स के माध्यम से गतिविधियों का समय पर अपलोड करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समितियों के सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांवों को आदर्श गांव बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि धरातल पर किए जाने वाले प्रत्येक कार्य को संबंधित एप्स के माध्यम से समय पर अपलोड करना भी आवश्यक है, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह देवड़ा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समितियों द्वारा किए जाने वाले सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत किए जाने चाहिए। प्रत्येक गतिविधि का विधिवत दस्तावेजीकरण एवं लेखा-जोखा रखना आवश्यक है, जिससे कार्यों की पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में प्रस्फुटन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस दिशा में सभी सदस्य मिलकर कार्य करें। साथ ही गौशालाओं के संरक्षण एवं गौसेवा के लिए भी समाज को आगे आना चाहिए, जिससे गौमाता की सेवा और संरक्षण सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रस्फुटन समितियों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी सदस्यों को बधाई दी और भविष्य में भी शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दलौदा सेक्टर एवं धुंधड़का सेक्टर की सभी प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रूपदेव सिंह सिसौदिया द्वारा किया गया



