
रिपोर्टर जितेंद्र सिह चंद्रावत जडवासा
ढोढर में रुंडी बस्ती से मोयाखेड़ा रोड़ तक सड़क निर्माण की मांग, बस्ती वासियों ने विधायक डॉ. पांडेय को सौंपा पत्र
जडवासा। ढोढर ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 20 के तहत स्थित रुंडी बस्ती से ग्राम मोयाखेड़ा मार्ग तक पक्की सड़क नहीं होने से लोगों को हर मौसम में खासकर बारिश में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यहां के नागरिकों ने पूर्व उप सरपंच राकेश चौहान के नेतृत्व में सड़क निर्माण की मांग को लेकर रविवार को क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय को पत्र सौंपकर जल्द सड़क बनाए जाने की स्वीकृति दिलाने की मांग की। डॉ. पांडेय को दिए गए पत्र में ग्रामवासियों ने बताया कि उक्त बस्ती में अनुसूचित जाति के लोग निवास करते हैं। जिनकी जनसंख्या भी अच्छी खासी है। ढोढर से इस बस्ती की दूरी महज दो किलोमीटर होकर आसपास के किसान व ग्रामीण भी इधर से ही गुजरते हैं। उन्हें भी आवागमन के दौरान कच्चे रास्ते की वजह से परेशानी होती है। पत्र में कहा गया है कि रुंडी बस्ती से ढोढर व अन्य विद्यालयों में पढ़ने जाने वाले छात्र-छात्राओं को उबड़ खाबड़ मार्ग के कारण दिक्कतें उठानी पड़ती है। साथ ही यहां से आंगनबाड़ी केंद्र आने-जाने वाले बालक-बालिकाओं के लिए भी उक्त जर्जर मार्ग परेशानी का सबब बना हुआ है। प्रसुताओं व मरीजों के लिए गांव में एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती है। उनको जैसे तैसे अस्पताल तक ले जाया जाता है। पत्र में मांग की गई है कि मुख्यमंत्री टोला-मजरा योजना के अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय ढोढर मोयाखेड़ा रोड से लेकर रुंडी बस्ती तक के दो किलोमीटर के हिस्से में सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई जाए।
पिंगला नदी पर पुलिया निर्माण की मांग भी उठी
इस दौरान विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय को ढोढरवासियों ने एक पत्र पृथक से दिया। जिसमें उल्लेख किया गया है कि कस्बे में बहने वाली पिंगला नदी पर पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों को भारी ट्रैफिक में होकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। लिहाजा मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत उक्त नदी पर पुलिया निर्माण की स्वीकृति दिलाई जाए। उन्होंने बताया कि पुलिया बनने से कालूखेड़ा मुख्य मार्ग से यह रास्ता सीधे गांव में निकलेगा। उक्त रास्ता वर्षों पुराना है। जो इस्माइल ठेकेदार के घर के समीप से होकर कालूखेड़ा फंटे तक जाता है। इसकी चौड़ाई भी 30 से 35 फीट के लगभग होने से नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। इस अवसर पर पूर्व उप सरपंच राकेश चौहान, विरेन्द्र चौहान, सत्यनारायण सोलंकी, पारस चौहान, सोनू चौहान, अजय चौहान, राहुल चौहान आदि उपस्थित रहे।



