समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 10 मार्च 2026 मंगलवार

///////////////////////////////////////////
महिलाओं को साड़ी भेट कर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का सम्मान किया
शासन की योजना अनुसार महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया जायेगा – श्रीमती तिवारी
मंदसौर। ग्राम बही पार्श्वनाथ पर श्री श्री मॉ शक्ति सेवा संस्था द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मॉ सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। क्षेत्र की समस्त महिलाओं ने जन जागृति के लिए नृत्य और नाट्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर श्री श्री मॉ शक्ति सेवा संस्था की सचिव श्रीमती राधिका तिवारी द्वारा शासन की योजनाओं से वंचित महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि शासन की योजना अनुसार महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया जायेगा। कार्यक्रम में बेटियों को शिक्षित कर देश के विकास में भागीदार बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पं. श्री गोपाल तिवारी द्वारा महिलाओ को साड़ी व फल भेट कर सम्मान किया गया। ं
========
=========
प्रेम प्रसंग के चलते युवती पर चाकू से हमला
मंदसौर -शहर में एक युवती के साथ चाकू बाजी की घटना की सूचना युवती को जिला चिकित्सालय लाया गया उपचार जारी रेवास देवड़ा रोड़ पर धुंधलेश्वर महादेव मंदिर के यहां की घटना बताई जा रही है आरोपी पुलिस की गिरफ्त में.!
सोमवार को मंदसौर शहर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। खानपुरा निवासी 21 वर्षीय खुशबू को कथित प्रेमी विजय जबरदस्ती कार में बैठाकर रेवास देवड़ा रोड स्थित धूलेश्वर महादेव मंदिर के पास जंगल में ले गया , वहां दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी ने युवती के पेट और हाथों पर चाकू से वार कर दिया , गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है , जहां उसका इलाज जारी है , पुलिस ने आरोपी विजय नायक को हिरासत में लेकर उसकी कार जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
===========
जनगणना अंतर्गत 3 दिन में मकान नंबरिंग का कार्य पूर्ण करें : कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग
मंदसौर 9 मार्च 26/ जनगणना कार्य को लेकर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि मकानों की नंबरिंग का कार्य तीन दिवस के भीतर पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर गर्ग ने कहा कि सभी चार्ज अधिकारी प्रगणकों की नियुक्ति करते समय यह सुनिश्चित करें कि सेवानिवृत्त, स्थानांतरित एवं दिव्यांग कर्मचारियों को प्रगणक के रूप में नियुक्त न किया जाए, क्योंकि इनकी सेवाएं वर्ष 2027 तक आवश्यक रहेंगी। प्रगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में योग्य कर्मचारियों की ही नियुक्ति की जाए।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के लिए 50 से अधिक फील्ड ट्रेनर भी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही सभी चार्ज अधिकारी, प्रगणक, सुपरवाइजर एवं फील्ड ट्रेनरों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में 10 मार्च को भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें जनगणना से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
===============
गेहूं खरीदी केंद्रों की तैयारी समय से पूर्ण करें, ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखें – कलेक्टर श्रीमती गर्ग
एचपीवी वैक्सीनेशन का समय बढ़ाकर शाम 8 बजे तक करे टीकाकरण
साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न
मंदसौर 9 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि एसडीएम एवं तहसीलदार ऑनलाइन वीसी के माध्यम से जुड़े।
कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि गेहूं उपार्जन के अंतर्गत किसानों का पंजीयन कार्य 10 मार्च तक किया जाएगा। जिले में अब तक लगभग 55 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीयन पूर्ण होने के पश्चात खरीदी केंद्रों पर गेहूं खरीदी प्रारंभ होगी, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण करें। उन्होंने केंद्रों पर भंडारण, बारदान की उपलब्धता, वेयरहाउस की जांच तथा कर्मचारियों को गेहूं गुणवत्ता संबंधी प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सरसों उपार्जन के लिए किसानों से 20 मार्च तक पंजीयन कराने की अपील की गई।
कलेक्टर ने ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई, डब्ल्यूआरडी, जल निगम एवं जल जीवन मिशन के अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना बनाकर ट्यूबवेल मेंटेनेंस, मोटर कनेक्शन जांच, सामूहिक जलप्रदाय योजनाओं की समीक्षा तथा नई बसाहटों तक पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने एवं पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को स्कूलवार कैलेंडर बनाकर किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीनेशन का समय बढ़ाकर शाम 8 बजे तक टीकाकरण कार्य करने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
इसके अलावा कलेक्टर ने राजस्व वसूली में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने, जिला परिवहन विभाग एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने तथा “संकल्प से समाधान” अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
जल संचय जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत जिले की जल संरचनाओं को चिन्हित कर उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने तथा उन पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए गए।
===============
किसान कल्याण वर्ष 2026
गेहूं उपार्जन में रिकॉर्ड पंजीयन, जिले के 55 हजार से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन
पिछले वर्ष की तुलना में 115 प्रतिशत अधिक पंजीयन
मंदसौर 9 मार्च 26/ किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में गेहूं उपार्जन हेतु पंजीयन का कार्य जारी है। कलेक्टर के निर्देशन में जिले में अब तक लगभग 55 हजार किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 115 प्रतिशत अधिक है। गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च निर्धारित की गई है।
जिले में पिछले वर्ष 47 हजार 761 किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष अब तक 54 हजार 944 किसानों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका है और पंजीयन प्रक्रिया अभी भी जारी है। शासन द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, साथ ही किसानों को बोनस का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पंजीयन पूर्ण होने के कुछ दिनों बाद खरीदी केंद्रों पर गेहूं खरीदी का कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए सभी खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्रों पर भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वेयरहाउस की नियमित जांच की जाए तथा इसके लिए व्यवस्थित चेकअप प्लान तैयार किया जाए। साथ ही खरीदी से जुड़े कर्मचारियों को गेहूं की गुणवत्ता संबंधी प्रशिक्षण देने तथा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदान उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि पंजीयन एवं गिरदावरी की प्रक्रिया का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए तथा यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसे तुरंत साझा कर उसका त्वरित समाधान किया जाए। इसके अलावा सरसों उपार्जन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित की गई है, इसलिए सभी किसान समय सीमा के भीतर सरसों का पंजीयन अवश्य कराएं।
जिले में अन्य फसलों के पंजीयन के अंतर्गत चना के लिए 11 हजार 696 किसानों, मसूर के लिए 4 हजार 67 किसानों तथा सरसों के लिए 3 हजार 145 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो।
==============
नेशनल लोक अदालत के प्रचार हेतु प्रचार-रथ को माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया
14 मार्च 2026 को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत
मंदसौर 9 मार्च 26/ मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आज 9 मार्च 2026 को माननीय श्री अनीष कुमार मिश्रा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मंदसौर द्वारा प्रचार-रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रचार-रथ के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर नेशनल लोक अदालत के आयोजन का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा आमजन को लोक अदालत में प्रकरणों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निराकरण के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर माननीय श्री मनोज कुमार तिवारी, विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटीज), माननीय श्री सिद्धार्थ तिवारी, विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम, अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह पंवार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुधीर सिंह निगवाल, विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री श्री योगेश आठनेरे, कार्यपालन यंत्री श्री दीपक बांदिल, विद्युत वितरण कंपनी की विधि अधिकारी श्रीमती नेहा सोमपुरा, अधिवक्ता श्री संदीप भार्गव, श्री अमित कटलाना सहित अन्य अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
=============
एचपीवी वैक्सीन का एक टीका बेटियों को बचाएगा सर्वाइकल कैंसर से : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बहनों से सुरक्षा की गारंटी वाले टीके का लाभ लेने का किया आहवान
स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने जबलपुर को दी 37 करोड़ लागत के विकास कार्यों की सौगात
राज्य सरकार लाड़ली बहनों और लाड़ली लक्ष्मी बेटियों के साथ महिलाओं को बना रही है सशक्त
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी नवरात्रि पर्व एवं गुड़ी पड़वा की दीं मंगलकामनाएं
मंदसौर 9 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में माताओं-बहनों के स्वास्थ्य की चिंता करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सर्वाइकल कैंसर बेटियों की जिंदगी में सबसे कठिन समय होता है। मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर एचवीपी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। इसमें 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को 4 हजार रुपए मूल्य का यह टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है। वैक्सीन का एक टीका गर्भाशय एवं ग्रीवा कैंसर के प्रति भविष्य में बेटियों को जीवनभर की सुरक्षा की गारंटी देगा और उन्हें गंभीर रोग से बचाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इंर्फोमेशन सेंटर में महिलाओं के लिए आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आहवान किया कि बहनें और बेटियां सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण का लाभ लेकर टीका अवश्य लगवा लें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीका लगवा चुकी बेटियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही जबलपुर में 37 करोड़ रूपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों से लेकर लाड़ली लक्ष्मी बेटियों तक निरंतर जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। लाड़ली बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार योजना की राशि को निरंतर बढ़ा रही है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को अब 1500 रुपए की राशि हर माह उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। राज्य सरकार ने बहनों को रोजगारपरक उद्योगों में काम करने पर 5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि अलग से देने का निर्णय लिया है। प्रदेश में लैंगिग असमानता को खत्म करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। स्थानीय निकायों के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। लोकसभा और विधानसभा में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। बेटियां सेना से लेकर हर क्षेत्र में आगे बढ़कर बेहतर भविष्य का निर्माण कर रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अशोकनगर जिले में करीला धाम पहुंचकर माता जानकी और उनके पुत्र लव-कुश का आशीर्वाद प्राप्त किया और सभी प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने जबलपुर को दी 37 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में 10.51 करोड़ लागत से आधुनिक जनपद भवन का भूमि-पूजन और 27.16 करोड़ लागत से नवनिर्मित गीता भवन सहित 3 अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 21 स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र और सोलर ट्रैफिक सिस्टम शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संस्कार धानी जबलपुर की छटा देश में सबसे अलग है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को आगामी नवरात्रि पर्व एवं गुड़ी पड़वा की मंगलकामनाएं दीं।
नेत्र दिव्यांग बालिकाओं का किया सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एचपीवी टीकाकरण पूर्ण कर चुकी बालिकाओं जिया सेन और अंशी विश्वकर्मा को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने नेत्रहीन कन्या विद्यालय जबलपुर की बालिकाओं से भेंट कर उनका सम्मान भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लखपति दीदी आरती चौधरी और सीता गोंड को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
पूर्व मंत्री श्री अजय बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी देश का नेतृत्व करते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं शुरू कर रहे हैं। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए शुरू की गई टीकाकरण की यह योजना मील का पत्थर सिद्ध होगी। देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने में माताओं-बहनों का पूर्ण सहयोग सरकार को मिल रहा है। प्रदेश की आंगनवाड़ी एवं हेल्थ वर्कर्स की सहायता से विभिन्न प्रकार के कैंसर की पहचान करने के लिए आमजन को जागरुक किया जा सकता है। कार्यक्रम में विधायक श्री संतोष बरकड़े सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता, लाड़ली बहनें एवं बड़ी संख्या में बेटियां उपस्थित थीं।
========
मौत को दावत! सड़क से 2–3 फीट पर गाड़ दिए बिजली के खंभे, हादसे का इंतजार कर रहा जिला प्रशासन?
मंदसौर नापाखेड़ा–संजीत पीडब्ल्यूडी मार्ग पर जिम्मेदार विभागों की भारी लापरवाही सामने आई है। डबल लाइन पक्की सड़क के बिल्कुल किनारे महज 2 से 3 फीट दूरी पर बिजली के खंभे गाड़ दिए गए हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। सड़क से इतनी कम दूरी पर खड़े ये पोल वाहन चालकों के लिए सीधा मौत का जाल बन गए हैं।
हादसों का रास्ता बना नापाखेड़ा–संजीत मार्ग-
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही दुर्घटनाओं के लिए बदनाम है। आए दिन यहां छोटे-बड़े एक्सीडेंट होते रहते हैं। पिछले वर्ष गर्मी के मौसम में काचरिया चौपाटी क्षेत्र में बड़ा हादसा हो चुका है, लेकिन लगता है कि जिम्मेदार विभागों को किसी बड़ी जनहानि का इंतजार है।
अतिक्रमण से संकरी सड़क, ऊपर से खंभों का खतरा
_*ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण के कारण मार्ग कई जगहों पर पहले ही संकरा हो चुका है। ऐसे में सड़क से महज 2–3 फीट पर खड़े बिजली के खंभे खासकर दोपहिया चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। रात और बारिश के समय यह खतरा और बढ़ जाता है।*_
नियम ताक पर, सुरक्षा मानकों की अनदेखी
सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार Indian Roads Congress (IRC) की गाइडलाइन में सड़क से कम से कम 1.5 से 2 मीटर दूरी पर ही पोल लगाने की अनुमति है, लेकिन यहां नियमों को ताक पर रखकर खंभे लगभग 0.6 से 0.9 मीटर (2–3 फीट) दूरी पर खड़े कर दिए गए हैं।
विभागों में तालमेल या जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना?
यह सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन आती है, जबकि बिजली के खंभों की जिम्मेदारी विद्युत वितरण कंपनी की होती है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या बिना तकनीकी स्वीकृति और विभागीय समन्वय के ही खंभे लगा दिए गए?*_
बड़ा सवाल
क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे?
क्या नियमों को दरकिनार कर खंभे लगाए गए?
अगर कल कोई दुर्घटना हुई तो जिम्मेदारी कौन लेगा?
ग्रामीणों में आक्रोश-
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन खंभों को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट नहीं किया गया, तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
===============
गेहूं उपार्जन हेतु अपर कलेक्टर डॉ. श्रीवास्तव नोडल अधिकारी नियुक्त
रतलाम : सोमवार, शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य 16 मार्च से किया जाएगा । उपार्जन संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अपर कलेक्टर डॉ.शालिनी श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शासन की योजना अनुसार महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया जायेगा – श्रीमती तिवारी



