सीतामऊ में रंगपंचमी को लेकर निकाली विशाल वाहन रैली, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह, नगर वासियों को दिया निमंत्रण

सीतामऊ में रंगपंचमी को लेकर निकाली विशाल वाहन रैली, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह, नगर वासियों को दिया निमंत्रण
सीतामऊ । रंगपंचमी के पर्व को लेकर सीतामऊ नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर सद्भावना समिति सीतामऊ के तत्वावधान में शनिवार शाम मयूर वाहिनी माँ मोडीमाता मंदिर से विशाल दोपहिया वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और श्रद्धालुओं ने अपने दोपहिया वाहनों के साथ भाग लिया और हाथों में भगवा ध्वज लेकर पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। डीजे की धुनों और जयकारों के बीच निकली इस भव्य वाहन रैली में युवा डीजे की धुन पर झूमते नजर आए, जिससे पूरे नगर में उत्सवी माहौल बन गया। सैकड़ों दोपहिया वाहनों के साथ निकली यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। रैली के माध्यम से नगरवासियों को रविवार 8 मार्च को प्रातः 10.30 बजे जबरिया हनुमान मंदिर बस स्टैंड से निकलने वाली भव्य गैर एवं फाग यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया गया। इस गैर में डीजे, ढोल पार्टियों का मुकाबला, नासिक के प्रसिद्ध नगाड़ों की गूंज, तोप से फूलों और रंगों की बरसात, फव्वारों की बौछार तथा श्रीकृष्ण के फाग गीतों पर श्रद्धालुओं का नृत्य मुख्य आकर्षण रहेगा। वहीं मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ ठंडाई और विभिन्न प्रकार के नाश्ते की व्यवस्था भी की जाएगी। रंगपंचमी के इस भव्य आयोजन को लेकर नगर में अभी से उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग गैर-फाग यात्रा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।



