अग्निवीर के 25,000 पदों के लिए जारी की अधिसूचना,1 से 15 जून के बीच होगी परीक्षा

8वीं, 10 वीं और 12वीं पास उम्मीदवार 1 अप्रैल तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
भोपाल। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती रैली 2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इसके लिए देशभर के 8वीं, 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अग्निपथ योजना के अंतर्गत विभिन्न अग्निवीर श्रेणियों में 25,000 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। यह उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है जो देश की सेवा करना चाहते हैं और सशस्त्र बलों में अनुशासित व सम्मानजनक करियर बनाना चाहते हैं। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि एक अप्रैल तय की गई है।
अग्निवीर भर्ती परीक्षा में इस बार क्या है नया-इस बार अग्निवीर भर्ती में जनरल ड्यूटी, ट्रेड्समैन, क्लर्क/स्टोर कीपर और ऑल आर्म्स पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। खास बात यह है कि अधिकतम आयु सीमा में एक साल की छूट दी गई है, जिससे अब 17.5 से 22 वर्ष तक के युवा आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार दो अलग-अलग श्रेणियों के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए अलग-अलग फॉर्म भरकर दोनों की लिखित परीक्षा देनी होगी। शारीरिक और मेडिकल परीक्षण एक ही बार होंगे। 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थी जो अग्निवीर ट्रेड्समैन पद के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें अपनी पसंद के ट्रेड स्वयं चुनने होंगे। अगर कोई उम्मीदवार ट्रेड का विकल्प नहीं भरता है, तो मेरिट में आने के बाद भी उसका चयन नहीं होगा। 10वीं पास श्रेणी में अधिकतम 9 ट्रेड और 8वीं पास श्रेणी में 2 ट्रेड तक विकल्प चुने जा सकते हैं। इसलिए आवेदन करते समय प्राथमिकता सावधानी से भरना जरूरी है, वरना सीट न मिलने पर चयन रुक सकता है।
भर्ती से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारी
पद का नाम: अग्निवीर भर्ती रैली
शैक्षणिक योग्यता: 8वीं, 10वीं, 12वीं पास (श्रेणी के अनुसार)
कुल पदों की संख्या: 25,000 से अधिक (संभावित)
प्रारंभिक वेतन: 30 हजार रुपए प्रति माह*
आयु सीमा: 17.5 से 21 वर्ष (जन्म 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच)
आवेदन शुल्क: 250 रुपए सभी उम्मीदवारों के लिए
चयन प्रक्रिया: लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा, चिकित्सीय परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन
आवेदन का माध्यम: ऑनलाइन
नौकरी का स्थान: पूरे भारत में
आवेदन की अंतिम तिथि: 01 अप्रैल 2026
परीक्षा तिथि: 01 जून से 15 जून 2026 को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।वैध ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें।ऑनलाइन आवेदन पत्र में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक प्रमाणपत्र अपलोड करें। आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें। आखिरी में प्रिंट लेकर रखें।



