समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 05 मार्च 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////////////
मंदसौर से सीतामऊ,फोरलेन से संबंधित सर्वे भी अपनी पूर्णता की ओर
मंदसौर:- सीतामऊ सुवासरा रोड पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए मंदसौर से सीतामऊ, सुवासरा, घसोई तक फोर लाइन रोड स्वीकृत है, जो कि मंदसौर से सीतामऊ दलावदा से सीधा सुवासरा घसोई तक रोड़ बनेगा जिसमें बायपास केवल डिगाव, सीतामऊ, लदुना, सुवासरा इन शहरों में बनेगा । इस रोड निर्माण का कार्य 2026 के अंत में निर्माण शुरू होगा, जो 2028 तक पूर्ण होने की संभावना हे, फोरलेन से संबंधित सर्वे भी अपनी पूर्णता की ओर है।
==============
वाहन असंतुलित होने के कारण घायल हो गए प्राथमिक उपचार दिया
पिपलियामंडी।महू-नीमच हाईवे के बोटलगंज में शाम करीब 5 बजे एक सड़क हादसा हो गया। मोटरसाइकिल सवार रामप्रसाद पिता कोदार अहिरवार (50 वर्ष), निवासी मुल्तानपुरा, वाहन असंतुलित होने के कारण गिर पड़े और घायल हो गए। सूचना मिलते ही टोल टैक्स एम्बुलेंस मौके पर पहुँची। एम्बुलेंस में मौजूद पैरामेडिकल स्टॉप डॉक्टर विशाल गिरीश भाटी और पायलट हरीश ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया।इसके बाद घायल रामप्रसाद को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया।===========
नाहर सैय्यद मेला कौमी एकता का प्रतीक, मेले भारतीय धर्म व संस्कृति के आधार हैं – श्री गुर्जर
महफीले कव्वाली का हुआ आयोजन, तीन दिवसीय राष्ट्रीय एकता नाहर सैय्यद मेला का समापन
कव्वाली के प्रोग्राम के पूर्व नपा परिषद मंदसौर के द्वारा कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अतिथि छोटे मियांजी सरकार, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष पं. राजेश दीक्षित, मंदसौर विधायक श्री विपिन जैन, भाजपा जिला महामंत्री विजय सुराना, महेश जुनवाल, पूर्व नपा सभापति शेहजाद पटेल का स्वागत नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर, मेला सभापति श्रीमती बब्बन गौरी, समिति सदस्य आशीष गौड, खेरून बी पटेल, मंजू मालवीय, रफत पयामी, नपा जलकार्य सभापति श्री नीलेश जैन, नाहर सैय्यद दरगाह कमेटी सदर युनुस मेव, जिला वक्फ समिति अध्यक्ष शाकिर गढवी, भाजपा नेता राजेश गुर्जर, पार्षद गोवर्धन कुमावत, राजेश सोनी ऐरावाला, राकेश भावसार, भाजपा नेता गुड्डू शाह, धमनार, अफ़ज़ल हुसैन शाह, खलील खान पठान, विश्वास दुबे, मेला अधिकारी पी.एल. धारवे, मेला लिपिक राजेन्द्र नीमा आदि ने पुष्पहार पहनाकर किया।
मियाजी सरकार ने कहा कि यह मेला कौमी एकता का प्रतीक है यहाँ निःसंतान दम्पति की संतान की मनोकामना पूरी होती है। नपा परिषद अध्यक्ष श्रीमती गुर्जर एवं मेला समिति ने इस वर्ष मेला की व्यवस्थाएं अच्छी की है।
राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि मेला भारतीय संस्कृति के आधार हैं। मेला में केवल व्यापार व्यवसाय ही नहीं होता, बल्कि एक दूसरे से मिलना जुलना होता है इससे हमारा भाईचारा भी बढ़ता है। नाहर सैय्यद की दरगाह कौमी एकता की मिसाल है हिन्दू मुस्लिम भाईचारे की पहचान है हमें इससे प्रेरणा लेनी चाहिये।
भाजपा जिलाध्यक्ष पं. राजेश दीक्षित ने कहा कि नाहर सैय्यद की दरगाह पर नपा परिषद 49 वर्षों से कौमी एकता का मेला लगा रही है। नपा की जो व्यवस्थाएं है वह कौमी एकता की भावना को मजबूत करने वाली है।
विधायक श्री विपिन जैन ने कहा कि नपा परिषद के द्वारा मेला की जो व्यवस्थाएं की गयी है वह सराहनीय है यह कौमी एकता का मेला मंदसौर की पहचान है।
स्वागत उद्बोधन देते हुए नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर ने कहा कि तीन दिवसीय मेला के आयोजन में मेला समिति के सदस्यों ने सराहनीय कार्य किया है नपा के कर्मचारियों ने इस मेला के लिये बहुत परिश्रम किया है। कार्यक्रम का संचालन पूर्व नपा सभापति शेहजाद पटेल ने किया व आभार मेला सभापति श्रीमती बब्बन युसुफ गौरी ने माना।
========
ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क करें
मंदसौर 4 मार्च 26 / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित सूखा एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।
पेयजल संबंधी किसी भी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
====
मंदसौर। भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) इकाई द्वारा क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु के शहादत दिवस पर 23 मार्च को राष्ट्रीय एवं जंग विरोधी गीतों का गायन होगा।
इस आशय का निर्णय इप्टा की बैठक में लिया गया। इकाई अध्यक्ष श्रीमती शोभा कश्यप सचिव सुश्री हूर बानू सैफी ने बताया कि इप्टा ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर से ही कला और संस्कृति को जन संघर्षों से जोड़ा है। गीतों,, नाटकों और रंग कर्म के माध्यम से समाज में समानता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक मूल्य और विश्व शांति को मजबूत करने का प्रयास किया है।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च की सायं 5.30बजे पर्यटन स्थल तेलिया तालाब परिसर में शहीदों की स्मृति में जन गीतों का गायन होगा इस अवसर पर भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की शहादत को याद किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के सुधी श्रोता आमंत्रित हैं। बैठक में इप्टा के पदाधिकारी हेमंत कच्छावा, अदिति शर्मा, लोकेश शर्मा एवं प्रलेसं राज्य सचिव मंडल के सदस्य असअद अंसारी मौजूद थे
========
सुपर 5 हजार योजना के लिए 10वीं–12वीं के विद्यार्थी 31 मार्च तक करें आवेदन
मंदसौर 4 मार्च 26 / सहायक श्रम आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीबद्ध निर्माण श्रमिकों के पुत्र/पुत्रियों के लिए संचालित “सुपर 5 हजार” योजना अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2024–25 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं परीक्षा में प्रथम 5 हजार तथा 12वीं कक्षा में संकायवार प्रथम 5 हजार विद्यार्थियों की प्रावीण्य सूची श्रम सेवा पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।
योजना अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को मंडल द्वारा एकमुश्त 25 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। पात्र निर्माण श्रमिकों की संतानों द्वारा विद्यालय के माध्यम से निर्धारित आवेदन पत्र 31 मार्च 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों में निर्माण श्रमिक का पोर्टल जनरेटेड परिचय पत्र, निर्माण श्रमिक/पंजीयन धारक की बैंक पासबुक की छायाप्रति (जिसका बैंक खाता विवरण परिचय पत्र में अंकित हो), संस्था प्रमुख द्वारा जारी वर्तमान में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र एवं अंकसूची की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी हेतु संबंधित विद्यालय या श्रम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
===========
जिले के समस्त वाहन संचालक अपने वाहनो के दस्तावेज शीघ्र दुरुस्त करवायें : अतिरिक्त क्षैत्रीय परिवहन अधिकारी
मंदसौर 4 मार्च 26 / अतिरिक्त क्षैत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा बताया गया कि समस्त स्कूल संचालक, ऑटो रिक्शा संचालक एवं मार्ग परमिट पर संचालित यात्री बस संचालक जिले में संचालित समस्त वाहनो के दस्तावेज जैसे परमिट, फिटनेस, बिमा, मोटरयान कर, एच.एस.आर.पी नम्बर प्लेट, पी.यु.सी. आदि को दुरुस्त करवाना सूनिश्चित करें। परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर म.प्र. मोटरयान अधिनियम की धाराओ के अंतर्गत नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी।
=================
रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु गेहूं पंजीयन की प्रक्रिया 7 मार्च तक
मंदसौर 4 मार्च 26 / जिला अपूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने हेतु किसान पंजीयन की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। शासन द्वारा पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
शासन निर्देशानुसार समय-सीमा समाप्त होने के पश्चात पंजीयन की तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। अतः किसान भाई पंजीयन हेतु अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि संबंधी दस्तावेज (ऋण पुस्तिका) और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लेकर अपने नजदीकी निर्धारित पंजीयन केंद्रों, एमपी ऑनलाइन कियोस्क, या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर अपना पंजीयन समय रहते पूर्ण कराएं।
अंतिम दिनों में सर्वर पर दबाव बढ़ने और तकनीकी समस्याओं की संभावना को देखते हुए, सभी किसान भाईयों से अनुरोध है कि वे 7 मार्च की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल अपना पंजीयन सुनिश्चित करें। “समय पर पंजीयन कराएं, असुविधा से बचें।”
========
तनाव डिप्रेशन में आकर पीयुष ने कि आत्महत्या, परिवार हुआ गमगीन
सीतामऊ। नगर में दसवीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।जानकारी के मुताबिक लक्ष्मीनारायण उर्फ पप्पू राठौर के पुत्र पीयुष के कक्षा 10 का 2 तारीख को हुए सामाजिक विज्ञान का पेपर खराब जाने की वजह से तनाव में था ओर डिप्रेशन में आकर उसने बुधवार को उनके निज निवास शिव विहार कालोनी सीतामऊ आत्महत्या कर ली। नगर में शोक कि लहर देखने को मिली।बालक हंसमुख था और नाबालिग लड़के द्वारा अचानक ऐसे कदम उठाने से पुरा परिवार गमगीन हैं तथा इधर घटना पर पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।==========
इंटरसिटी एक्सप्रेस में कोटा से नागदा यात्रा के दौरान महिला का पर्स पार, मोबाइल और नगदी हुए चोरी
शामगढ़। हजरत निजामुद्दीन- उज्जैन इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक दंपत्ति चोरी का शिकार हो गए। घटना नागदा रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां अज्ञात चोरों ने एक महिला का पर्स चोरी कर लिया। मामले में शामगढ़ GRP पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता विशाल परमार (निवासी उज्जैन) ने पुलिस को बताया कि 28 फरवरी 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ ट्रेन नंबर 12416 (निजामुद्दीन इंटरसिटी एक्सप्रेस) के कोच एस-5 में सीट नंबर 17 और 18 पर मथुरा से उज्जैन की यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान जब ट्रेन नागदा स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी विशाल की पत्नी ने देखा कि सीट के पास टंगा हुआ उनका गुलाबी रंग का पर्स गायब है। काफी तलाश करने के बाद भी पर्स का कहीं पता नहीं चला। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए पर्स मे एक मोबाइल POCO M3 PRO 5G (पीला रंग), जिसकी कीमत लगभग 13,999 रुपये है, 1,500 रुपये नगद, बैग की चाबियां और अन्य जरूरी सामान थे। कुल नुकसान लगभग 15,499 रुपये का हुआ है।चूंकि घटना नागदा रेलवे स्टेशन क्षेत्र की थी, इसलिए पीड़ित ने पहले जीआरपी उज्जैन में ‘शून्य’ पर मामला दर्ज कराया। अब असल अपराध डायरी प्राप्त होने पर पुलिस थाना शामगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(सी) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। वर्तमान में मामला जांच और अनुसंधान के अधीन है।



