नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 03 मार्च 2026 मंगलवार

/////////////////////////////////////

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संदेश के साथ गौकाष्‍ठ आधारित होलिका दहन का उत्‍सव मनाए

होलिका दहन में उपलों एवं गोकाष्‍ठ का उपयोग करें

नीमच 02 मार्च 2026, राज्‍य शासन द्वारा इस वर्ष पर्यावरण और सामाजिक संदेश के साथ आपसी मतभेदों को मिटाकर, भाईचारे, सामाजिक एकता और हर्षोल्‍लास के साथ होली का त्‍यौहार मनाने का नागरिकों से आव्‍हान किया गया है। इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है, कि जनसहयोग एवं सामाजिक सहभागिता के माध्‍यम से यह प्रयास किया जाए, कि होलिका दहन में लकड़ी की जगह उपलों और गौकाष्‍ठ का प्रयोग हो। साथ ही पर्यावरण सरंक्षण और पानी बचाने के लिए प्राकृतिक व हर्बल रंगों से होली खेलने तथा पशु-पक्षियों पर रंग न डालने के संकल्‍प के साथ हुड़दंग से दूर रहकर भाईचारे के साथ होली का उत्‍सव मनाने का आव्‍हान किया गया हैं।

शासन द्वारा विशेष रूप से लकड़ी की जगह उपलों और गौकाष्‍ठ के प्रयोग को बढ़ावा देने जिले में विभिन्‍न स्‍तरों पर आयोजित किए जाने वाले सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रम का नि:शुल्‍क पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह पंजीयन सभी जिला मुख्‍यालयों में पंचायत तथा अन्‍य स्‍थानों पर तहसील तथा नगरीय निकायों के माध्‍यम से पूर्णत: नि:शुल्‍क किया जाएगा।

होलिका दहन के दिन मैदानी अमले के साथ स्‍थानीय संस्‍थाओं द्वारा आयोजित सार्वजनिक होलिका दहन आयोजनों का भ्रमण कर जलाऊ एवं इमारती वनों की लकड़ी के स्‍थान पर गौकाष्‍ठ आधारित होलिका दहन को प्रोत्‍साहित किया जाएगा। होलिका दहन का आयोजन पूर्ण रूपेण गौकाष्‍ठ आधारित होने के आगामी दो-तीन दिवस में संबंधित नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी द्वारा प्रमाणीकरण कर प्रस्‍तुत किया जाएगा। जिला कलेक्‍टर जिले में इस प्रकार के गौकाष्‍ठ आधारित होलिका दहन आयोजन का सूचीकरण करेंगे। राज्‍य शासन के निर्देशानुसार आगामी दिनों में निर्धारित दिनांक या अवधि में सभी जिला मुख्‍यालयों में जिला स्‍तरीय सम्‍मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जिले में स्‍वच्‍छ और स्‍वस्‍थ्‍य होली के इस अभियान में सभी से सहभागी बनने का आव्‍हान किया गया हैं।

================

होली पर आज 3 व 4 मार्च को अवकाश

नीमच 02 मार्च 2026, राज्‍य शासन द्वारा पूर्व में वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में आज 3 मार्च 2026 मंगलवार को होली के पावन पर्व के उपलक्ष्‍य में सार्वजनिक एवं सामान्‍य अवकाश घोषित किया गया हैं। राज्‍य शासन द्वारा होली पर्व के पावन अवसर पर 4 मार्च 2026 को भी निगोशिएबल इंस्‍ट्रमेन्‍टस एक्‍ट 1881 के अधीन सार्वजनिक अवकाश एवं सामान्‍य अवकाश घोषित किए जाने का निर्णय लिया गया हैं। अत: अब तीन मार्च व 4 मार्च को भी शासकीय अवकाश रहेगा।

===============

कलेक्टोरेट में सामुहिक राष्‍ट्रगॉन एवं वन्‍दे मातरम का गायन

नीमच 02 मार्च 2026, कलेक्‍टर कार्यालय नीमच में सोमवार को सामुहिक राष्‍ट्रगॉन एवं वंदेमातरम का गायन किया गया। राष्ट्रगॉन, म.प्र.गान एवं वन्‍देमातरम का गायन अपर कलेक्‍टर श्री बी.एस.कलेश तथा जिला अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में हुआ।

इस मौके पर कलेक्‍टोरेट परिसर स्थित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामुहिक रूपसे राष्‍ट्रगॉन, वंदे मातरम एवं म.प्र.गॉन का गायन किया। तदपश्‍चात मार्च माह में शासकीय कार्यो की शुरूआत की गई।

इस अवसर पर डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री चंद्रसिह धार्वे सहित कलेक्‍टोरेट, राजस्‍व, भू-अभिलेख, श्रम, सहकारिता विभाग, शिक्षा, कोषालय, जनसंपर्क कार्यालय, शहरी विकास अभिकरण सहित विभिन्‍न विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

================

3 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, सप्लायर भी नामजद

नीमच । जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी सरवानिया महाराज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 3 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं अफीम उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी प्रकरण में सह-आरोपी बनाया गया है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद रोहीत राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में चौकी सरवानिया महाराज पुलिस टीम ने यह सफलता अर्जित की।

मुखबिर सूचना पर दबिश- 01 मार्च 2026 को चौकी सरवानिया महाराज, थाना जावद को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति अवैध अफीम का परिवहन कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने ग्राम खेड़ा मोड़ी से ग्राम *नानपुरिया के कच्चे मार्ग पर घेराबंदी की*

कार्रवाई के दौरान आरोपी रोडमल उर्फ रोडू सिंह पिता लच्छीराम सुरावत (40 वर्ष), निवासी ग्राम रतनपुरिया, थाना जावद, जिला नीमच (म.प्र.) को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो प्लास्टिक थैलियों में कुल 3 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर अफीम उपलब्ध कराने वाले निर्भय सिंह उर्फ पप्पू पिता भेरूलाल बावरी, निवासी ग्राम खेड़ा मोड़ी, थाना जावद को भी प्रकरण में सह-आरोपी बनाया गया है। वह वर्तमान में फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जप्त मशरूका-दो प्लास्टिक थैलियों में भरी कुल 3 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम । पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

==============

न्यायालय का महत्वपूर्ण फैसला, दिनदहाड़े चाकूबाजी मामले में आरोपी कुलदीप वर्मा को 7 वर्ष का सश्रम कारावास

नीमच। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेन्द्रसिंह राजपूत ने गांधी वाटिका में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना में आरोपी कुलदीप वर्मा को दोषी ठहराते हुए 7 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 10,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। न्यायालय का यह फैसला 28 फरवरी 2026 को सुनाया गया। जिला लोक अभियोजक चंचल बाहेती ने बताया कि घटना 31 जुलाई 2024 को दोपहर 1:27 बजे की है। गांधी वाटिका में दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना में घायल बालिका को पीसीआर 100 डायल वाहन से जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया। पीड़िता ने बताया कि गांधी वाटिका के बाहर आरोपी ने उस पर चाकू से हमला किया। उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया तथा सूचना थाना नीमच कैंट को भेजी गई। करीब 1:55 बजे उपनिरीक्षक शशिकला चौहान ने इमरजेंसी वार्ड में पीड़िता के बयान दर्ज किए। पीड़िता ने बताया कि वह कक्षा 9वीं में ज्ञानोदय स्कूल में पढ़ती थी और उसी दौरान कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले कुलदीप वर्मा से उसकी दोस्ती हुई थी। बाद में पीड़िता 12वीं उत्तीर्ण कर आगे की पढ़ाई के लिए इटली जाने की तैयारी कर रही थी। जब यह बात उसने आरोपी को बताई तो आरोपी ने प्रेम प्रस्ताव रखते हुए विवाह का दबाव बनाया। पीड़िता ने स्पष्ट कहा कि वह उसे केवल एक अच्छा मित्र मानती है और विवाह नहीं करेगी। घटना वाले दिन आरोपी ने फोन कर गांधी वाटिका बुलाया और पुनः विवाह के लिए दबाव डाला। मना करने पर आरोपी ने जेब से लोहे का धारदार चाकू निकालकर जान से मारने की नियत से पीड़िता के पेट, पीठ, दाहिने हाथ और घुटने पर वार किए। गंभीर रूप से घायल पीड़िता मौके पर गिर पड़ी। राहगीरों ने घटना देखी और बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्रकरण में थाना नीमच कैंट पर अपराध क्रमांक 350/2024 धारा 109(9) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना पूर्ण कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रकरण सत्र प्रकरण क्रमांक 04/2025 के रूप में दर्ज हुआ। न्यायालय में अभियोजन पक्ष द्वारा महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर आरोपी को दोषसिद्ध पाते हुए 7 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 10,000 रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया। मध्यप्रदेश शासन की ओर से सफल पैरवी जिला लोक अभियोजक चंचल बाहेती एवं सहयोगी अपर लोक अभियोजक मो. इमरान खान द्वारा की गई।

==============

प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने दी होली की शुभकामनाएं

नीमच 2 मार्च 2026, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने प्रदेश के साथ ही नीमच जिलेवासियों को होली की शुभकामनांए दी है। प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने अपने संदेश में कहा, कि रंगों का यह पर्व हमें आपसी भाईचारे, सदभाव, प्रेम के साथ मिल जुलकर रहने और अपनी खुशियां एक–दूसरे के साथ बांटने का संदेश देता हैं। प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने सभी जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों को होली पर शुभकामनाएं देते हुए, आशा व्‍यक्‍त की है, कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में खुशी और तरक्‍की के नये रंग भरेगा।

===================

जिले के जनप्रतिनिधियों ने दी होली की शुभकामनाएं

नीमच 2 मार्च 2026, सांसद श्री सुधीर गुप्‍ता, जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीपसिह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरूद्ध मारू, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री सज्‍जनसिह चौहान ने नीमच जिलेवासियों को होली की शुभकामनांए दी है। जनप्रतिनिधियों ने अपने संदेश में कहा, कि रंगों का यह पर्व हमें आपसी भाईचारे, सदभाव, प्रेम के साथ मिल जुलकर रहने और अपनी खुशियां एक–दूसरे के साथ बांटने का संदेश देता हैं। सभी जनप्रतिनिधियों, आमनागरिकों को होली पर शुभकामनाएं देते हुए, आशा व्‍यक्‍त की हैं, कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में खुशी और तरक्‍की के नये रंग भरेगा।

=============

कलेक्टर एवं एस.पी. ने दी होली पर्व की बधाई

नीमच 2 मार्च 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनांए दी है। अधिकारीगणों ने अपने शुभकांमना संदेश में कहा, कि सूखे रंगों से होली खेले। पानी का अपव्‍यय ना करें और किसी पर भी उसकी इच्‍छा के विरूद्ध रंग ना डाले तथा होली पर प्रेम व भाईचारे की परम्‍परा बरकरार रखें।

================

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और कैबिनेट मंत्रियों ने निमाड़-मालवा के लोक देवता भीलट देव से सभी की समृद्धि के लिए की कामना

लोक देवता भीलट देव के आंगन नागलवाड़ी में है पहली कृषि कैबिनेट

नीमच 02 मार्च 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और कैबिनेट मंत्रियों ने सोमवार को निमाड़-मालवा के लोक देवता भीलट देव का दर्शन कर प्रदेश के किसानों की सुख समृद्धि की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। किसान कल्याण वर्ष में बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में आयोजित कैबिनेट बैठक के पहले दर्शन लाभ लेने के बाद सतपुड़ा की पहाडी पर विराजित लोक देवता के रमणीय स्थल की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। भीलट देव निमाड़-मालवा क्षेत्र के आराध्य देव है। आज वे आराध्य के दर्शन के साथ ही कैबिनेट बैठक की शुरूआत करेंगे। कैबिनेट में जो भी निर्णय लिये जायेंगे वे प्रदेशवासियों एवं किसानों के हितार्थ होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कहा कि निमाड़वासी बड़े सौभाग्यशाली हैं जो उन्हें मां नर्मदा का आंचल मिला है। मां नर्मदा के जल से ही सिंचाई करके निमाड़ क्षेत्र के किसान समृद्ध एवं प्रगतिशील हो रहे हैं। आज निमाड़ क्षेत्र के किसान कृषि एवं उद्यानिकी की एक से अधिक फसलें लेकर आर्थिक रूप से भी उन्नति कर रहे हैं। मां नर्मदा का जल सूक्ष्म उन्नयन सिंचाई परियोजनाओं से बड़वानी जिले सहित निमाड़ क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिये मिल रहा है। किसानों की आर्थिक उन्नति से ही प्रदेश की उन्नति होगी प्रदेश की सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है, जिससे किसानों को और अधिक समृद्ध एवं संपन्न बनाया जाए। उन्होंने किसानों से यह अपील भी कि की मृदा की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए किसान भाई रासायनिक खेती के स्थान पर प्राकृतिक खेती को अपनाएं। शुरुआती वर्षों में प्राकृतिक खेती में उत्पादन कम होगा लेकिन उससे प्रारंभ में मृदा की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और फिर धीरे-धीरे उत्पादन की क्षमता भी बढ़ती जाएगी।

भीलट देव मंदिर अत्यंत रमणीय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संपूर्ण मंदिर परिसर को देखते हुए कहा कि सतपुड़ा की सुरम्य वादियों में बसा हुआ नागलवाड़ी भीलट देव मंदिर अत्यंत रमणीय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण स्थल है। भीलट देव के तपस्या स्थल पर बने मंदिर के जीर्णोद्धार में निमाड़ के संत श्री सियाराम बाबा का भी अमूल्य योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद सदस्यों के साथ नागलवाड़ी मंदिर दर्शन के बाद सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।

निमाड़ के खेत और बाड़ियों में उपजने वाली फसलों की प्रदर्शनी का अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कैबिनेट से पहले निमाड़ के फार्म/खेतो और बाड़ियों में उपजने वाली फसलों का परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव को किसानों ने निमाड़ की कृषि पद्धतियों के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी के सम्बंध में बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने प्रस्तुतिकरण भी दिया।

अलग-अलग थीम पर आधारित रही प्रदर्शनी

कृषि कैबिनेट के मद्देनजर जिला प्रशासन और कृषि कार्यों से जुड़े विभागों ने प्रदर्शनी में अलग-अलग थीम पर अपना प्रस्तुतिकरण किया गया। इनमें प्राकृतिक खेती क्रियान्वयन और प्रभावी मॉडल, वोकल फ़ॉर लोकल, केले का विकास मॉडल, डॉलर चना संपूर्ण मूल्य श्रृंखला, बड़वानी मिर्च प्लास्टर, तिल उभरती हुई विकासशील फसल, गन्ना आर्थिक और प्रभावी मॉडल, मिशन सिकलसेल उन्मूलन कार्यक्रम, नवाचार वन्य ग्राम समृद्धि अभियान थीम पर आधारित थी।

===============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}