लूट या सोची-समझी कहानी? 65 ग्राम सोना लेकर निकले मुनीम अचेत अवस्था में मिले, पुलिस जांच में उलझी

लूट या सोची-समझी कहानी? 65 ग्राम सोना लेकर निकले मुनीम अचेत अवस्था में मिले, पुलिस जांच में उलझी
नीमच। शहर के सर्राफा बाजार क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसाय फर्म ‘मंगलम ज्वैलर्स’ के मुनीम संदिग्ध परिस्थितियों में गली के बाहर अचेत (बेहोश) अवस्था में पाए गए।
जानकारी के अनुसार, मुनीम दिलखुश नागदा (42 वर्ष), पिता शांतिलाल नागदा, अपनी फर्म से ‘स्वास्तिक बुलियन’ पर गोल्ड एक्सचेंज करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही वे बेहोश मिले। उन्हें तुरंत शहर के श्री राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मुनीम के पास मौजूद लगभग 65 ग्राम सोना गायब बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नीमच पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह वास्तव में लूट की वारदात है, कोई सोची-समझी साजिश या फिर चोरी का कोई अन्य मामला।
बता दें कि दिलखुश नागदा पिछले करीब 4 वर्षों से मंगलम ज्वैलर्स संस्थान में मुनीम के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुनीम के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उनके बयान दर्ज किए जा सकें। नीमच पुलिस का कहना है कि विस्तृत अनुसंधान के बाद ही किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। फिलहाल पूरे शहर में इस रहस्यमयी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
==========



