गौ काष्ठ से होगा होलिका दहन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

गौ काष्ठ से होगा होलिका दहन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मंदसौर 2 मार्च 2026/ ग्राम तितरोद में शालीग्रांम जनकल्याण सेवा समिति तितरोद द्वारा श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर परिसर में इस वर्ष होलिका दहन हेतु विशेष पहल करते हुए पूर्ण रूप से गौ काष्ठ का उपयोग किया जा रहा है। समिति द्वारा बिना लकड़ी के होलिका दहन की संपूर्ण तैयारी कर पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया है।
पारंपरिक होलिका दहन में बड़ी मात्रा में लकड़ी का उपयोग होने से पेड़ों की कटाई बढ़ती है और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसको ध्यान में रखते हुए इस वर्ष गौ काष्ठ से होलिका दहन का निर्णय लिया गया है, जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ प्रदूषण भी कम करता है।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए होली जैसे त्योहारों में प्राकृतिक और पर्यावरण हितैषी संसाधनों का उपयोग करें तथा अधिक से अधिक गौ काष्ठ से होलिका दहन कर पर्यावरण बचाने में योगदान दें।
=================



