समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 02 मार्च 2026 सोमवार

///////////////////////////////
शिवना शुद्धिकरण अभियान का 93वां दिन
नदी किनारे और जलधारा से प्लास्टिक कचरा हटाया गया
रविवार को शुद्धिकरण अभियान में नदी से 1 ट्राली कचरा निकाला गया
मंदसौर । शिवना शुद्धिकरण अभियान के 93वें दिन श्रमदानियों ने पूरे उत्साह के साथ नदी के आसपास साफ-सफाई अभियान चलाया। नदी के तट पर लंबे समय से जमा प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें और अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाया गया । इसके बाद श्रमदानियों ने नदी में उतरकर जलधारा के भीतर फंसे प्लास्टिक कचरे को भी बाहर निकाला । नदी के पानी में जमा कचरा व गाद को श्रमदानियों ने निकाला । इस अवसर पर लोकप्रिय विधायक श्री विपिन जैन ने बताया कि इस अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक उपयोग कम करने और कचरा इधर-उधर न फेंकने के लिए जागरूक भी किया गया । श्री जैन ने सभी मंदसौर वासियों से आहवान किया कि शिवना शुद्धिकरण अभियान में प्रति रविवार को प्रातः 7:30 से 9:30 बजे के बीच श्रमदान करने जरूर पधारे । रविवार को शिवना शुद्धिकरण अभियान के 93वे दिन श्रमदान करने वालों में सर्वश्री विधायक विपिन जैन, समाज सेवियों में सर्वश्री हेमराज खाबिया,रमेश सोनी, भंवरलाल प्रजापत,अभिषेक तिवारी,महेश दुबे,राकेश जैन पिंटू,विजय आनंद ,नमन पालीवाल,गांव गुराडिया शाह से रामनिवास पाटीदार ,रामसुख पाटीदार, फकीरचंद पाटीदार, परशराम पाटीदार, देवीलाल सेन, अर्पित पाटीदार,दिलीप पाटीदार,महिला नेत्रीयों में इष्टा भाचावत ,राखी सत्रावाला,अनीता भदोरिया, वर्षा सांखला,प्रमिला पंवार,वर्षा धोसरिया,कांग्रेसजन मे सर्वश्री राजनारायण लाड़,विकास दशोरा, सोहन धाकड़,दिलीप देवड़ा,विनोद शर्मा, शैलेन्द्र गोस्वामी,संजय नाहर,रमेश सिंगार,अजय सोनी,रमेश ब्रिजवानी,मनोहर नाहटा,विश्वास दुबे,राजेश खिंची,सादिक गौरी,राकेश सेन,नितनेश बसेर,राजेश चौधरी,ऋषिराज लाड़ ,प्रिंस सत्रावाल गोपाल बंजारा,आदि श्रमदान में उपस्थित रहे ।
===========
पंछी बचाओ अभियान संस्था का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, नए पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
=========
किसान कल्याण वर्ष 2026
जैविक एवं प्राकृतिक हाट बाजार को मिला नागरिकों का उत्साहपूर्ण समर्थन
प्रत्येक रविवार को अभिव्यक्ति स्थल पर प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक लग रहा जैविक हाट बाजार
मंदसौर 1 मार्च 26/ किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महाराणा प्रताप बस स्टैंड स्थित अभिव्यक्ति स्थल पर आयोजित जैविक एवं प्राकृतिक हाट बाजार को नागरिकों का उत्साहपूर्ण समर्थन प्राप्त हो रहा है। यह हाट बाजार प्रत्येक रविवार को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
उपसंचालक कृषि श्री मोदी ने बताया कि जैविक हाट बाजार में स्थानीय किसानों द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक विधि से उत्पादित सब्जियाँ, फल, अनाज, दालें, मसाले तथा अन्य कृषि उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आम नागरिकों ने रसायन मुक्त एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई तथा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खरीदारी की। बाजार में लोगों का उत्साह देखने योग्य रहा।
जैविक हाट बाजार के माध्यम से जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक, कृषक समूह एवं स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय कर रहे हैं। इससे किसानों को उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिल रहा है। किसानों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से उन्हें बेहतर विपणन मंच उपलब्ध हो रहा है तथा उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।
इस हाट बाजार में मटर, पालक, मेथी, टमाटर, हरा धनिया, मूंगफली, पपीता, संतरा, अमरूद, गेहूं, मक्का, ज्वार, चना, काबुली चना, किनोवा, चिया सीड, कुसुम करडी, केंचुआ खाद, हल्दी, अश्वगंधा, शहद, घी, जीवामृत एवं बीजामृत सहित अनेक जैविक उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध रहे। शहर के उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा जिले के समस्त जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों, उत्पादक समूहों तथा क्रेता-विक्रेताओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस पहल को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।
===
जिला पंचायत साधारण सभा की बैठक 5 मार्च को
मंदसौर 1 मार्च 26 / मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा बताया गया कि जिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार की अध्यक्षता में 5 मार्च 2026 को दोपहर 1:00 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष मे आयोजित होगी।
=======
ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क करें
मंदसौर 1 मार्च 26 / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित सूखा एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।
पेयजल संबंधी किसी भी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
=========
सुपर 5 हजार योजना के लिए 10वीं–12वीं के विद्यार्थी 31 मार्च तक करें आवेदन
मंदसौर 1 मार्च 26 / सहायक श्रम आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीबद्ध निर्माण श्रमिकों के पुत्र/पुत्रियों के लिए संचालित “सुपर 5 हजार” योजना अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2024–25 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं परीक्षा में प्रथम 5 हजार तथा 12वीं कक्षा में संकायवार प्रथम 5 हजार विद्यार्थियों की प्रावीण्य सूची श्रम सेवा पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।
योजना अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को मंडल द्वारा एकमुश्त 25 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। पात्र निर्माण श्रमिकों की संतानों द्वारा विद्यालय के माध्यम से निर्धारित आवेदन पत्र 31 मार्च 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों में निर्माण श्रमिक का पोर्टल जनरेटेड परिचय पत्र, निर्माण श्रमिक/पंजीयन धारक की बैंक पासबुक की छायाप्रति (जिसका बैंक खाता विवरण परिचय पत्र में अंकित हो), संस्था प्रमुख द्वारा जारी वर्तमान में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र एवं अंकसूची की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी हेतु संबंधित विद्यालय या श्रम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
==========
वाहन संचालक अपने वाहनो के दस्तावेज शीघ्र दुरुस्त करवायें : अतिरिक्त क्षैत्रीय परिवहन अधिकारी
मंदसौर 1 मार्च 26 / अतिरिक्त क्षैत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा बताया गया कि समस्त स्कूल संचालक, ऑटो रिक्शा संचालक एवं मार्ग परमिट पर संचालित यात्री बस संचालक जिले में संचालित समस्त वाहनो के दस्तावेज जैसे परमिट, फिटनेस, बिमा, मोटरयान कर, एच.एस.आर.पी नम्बर प्लेट, पी.यु.सी. आदि को दुरुस्त करवाना सूनिश्चित करें। परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर म.प्र. मोटरयान अधिनियम की धाराओ के अंतर्गत नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी।
==============
किसानों को कृषि केबिनेट में देंगे होली की सौगात : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
2 मार्च को जनजातीय अंचल बड़वानी में होगी पहली कृषि केबिनेट
केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह से नई दिल्ली में की सौजन्य भेंट
मंदसौर 1 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के सभी किसानों की बेहतरी के लिए हम कई प्रकार के नवाचार कर रहे हैं। हमारी सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। राज्य सरकार के 17 अलग-अलग विभागों पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, कृषि, उद्योग को साथ लेकर किसानों की समृद्धि के लिए बगीचे से लेकर बाजार तक विस्तृत योजना तैयार की गई है। राज्य में पहली बार कृषि केबिनेट जनजातीय अंचल बड़वानी में 2 मार्च को आयोजित की जा रही है। इसमें हम किसानों को होली की सौगात देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए समर्पित इस वर्ष में हम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने वाले सभी कार्यों और नवाचारों को प्रोत्साहन देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से सौजन्य भेंट के बाद यह बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह से भेंटकर उन्हें अवगत कराया कि राज्य सरकार द्वारा विश्व के श्रेष्ठ शासकों में सर्वोच्च स्थान रखने वाले सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित कई आयोजन किए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में 40 साल पहले भीषण गैस त्रासदी हुई थी। जिसमें 25 हजार से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई। राज्य सरकार ने बीते साल यूनियन कार्बाइड कारखाने में जमा कचरे का सफलतापूर्वक निष्पादन कराया है। यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री की खाली पड़ी जमीन पर एक भव्य स्मारक बनाये जाने के लिये केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह से मार्गदर्शन प्राप्त किया है। यहां 87 एकड़ भूमि पर भोपाल गैस त्रासदी स्मारक, साइंस पार्क, कन्वेंशन सेंटर, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित आधुनिक प्रयोगशाला, विकास आधारित राष्ट्रीय अनुसंधान केन्द्र स्थापित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश नक्सलवादी अभियान से मुक्त हो गया है। लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य है, यह हमारे लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। प्रदेश में हर तरह की नक्सल गतिविधियों पर नकेल कसी है। बालाघाट ने लंबे समय तक नक्सलवाद का दंश झेला है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए यहां बैगा महोत्सव आयोजित किया जाए, इस दिशा में गृह मंत्री श्री शाह से मार्गदर्शन लिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में आज प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरूआत की है। इसके अंतर्गत प्रदेश की 8 लाख से अधिक बालिकाओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान प्रदेश की 14 से 15 साल की बालिकाओं के लिए एक वरदान साबित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर मुश्किल वक्त में किसानों के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुई फसल क्षति के मुआवजे के लिए सर्वे के बाद सरकार मदद कर रही है। मध्यप्रदेश देश का फूड बॉस्केट है। प्रदेश में रबी, खरीफ, ग्रीष्मकालीन फसलों की अच्छी उत्पादकता है। मध्यप्रदेश दलहन उत्पादन में अग्रणी राज्य है। गेहूं उत्पादन में भी हम देश में दूसरे स्थान पर हैं। प्रदेश में उड़द, मसूर, तुअर पर्याप्त मात्रा में पैदा होती है। मध्यप्रदेश तिलहन में भी प्रथम स्थान रखता है। सोयाबीन और मूंगफली सबसे अधिक मध्यप्रदेश में ही होती है। प्राकृतिक खेती और बागवानी में भी मध्यप्रदेश सबसे आगे है। किसानों की समृद्धि के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। प्रदेश में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय वर्ग के पारम्परिक त्यौहार भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मना रही है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं शुक्रवार को आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में भगोरिया उत्सव में शामिल हुए और अमर शहीद चंद्रशेखर के बलिदान दिवस पर उनकी जन्मस्थली भाभरा में श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उन्होंने शनिवार को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन को राज्य में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी और उन्हें बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने का निमंत्रण भी दिया।
===========
कृषक कल्याण वर्ष-2026
कृषि को पारंपरिक उत्पादन से आगे बढ़ाकर बनाया जायेगा लाभकारी व्यवसाय : मुख्यमंत्री डॉ.यादव
म.प्र.को देश के कृषि पॉवर-हाउस के रूप में किया स्थापित
मंदसौर 1 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने पिछले दशक में कृषि क्षेत्र में 16 प्रतिशत से अधिक की वार्षिक विकास दर हासिल कर स्वयं को देश के ‘कृषि पॉवर-हाउस’ के रूप में स्थापित किया है। फसल उत्पादन, उत्पादकता, दुग्ध और मत्स्य पालन में हुई। इस अभूतपूर्व प्रगति के बाद अब राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य कृषि को पारंपरिक उत्पादन से आगे बढ़ाकर एक ‘लाभकारी व्यवसाय’ के रूप में परिवर्तित करना है। इस संकल्प के केंद्र में कृषि के उत्पादन और उत्पादकता को तकनीक के माध्यम से बढ़ाते हुए, मार्केटिंग और प्रोसेसिंग से जोड़ना है। समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश के लिए वर्ष-2026 कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि और किसानों पर केन्द्रित पूरे वर्ष संचालित होने वाली गतिविधियों से किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने का मार्ग प्रशस्त किया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में कृषि को ‘लाभकारी व्यवसाय’ बनाने के इस संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सरकार कृषि अनुसंधान और मौसम आधारित जोखिम प्रबंधन को एक नई दिशा देने जा रही है। इस संकल्प के अंतर्गत राज्य की विशिष्ट फसलों की उत्पादकता में वृद्धि करते हुए उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए महत्वपूर्ण अनुसंधान केंद्रों की स्थापना की जा रही है, इसी क्रम में डिंडौरी में स्थापित होने जा रहे ‘मध्यप्रदेश राज्य श्रीअन्न अनुसंधान केंद्र’ के माध्यम से मिलेट्स के उत्पादन एवं पोषण सुरक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा। इसी कड़ी में, ग्वालियर में सरसों अनुसंधान केंद्र और उज्जैन में चना अनुसंधान केंद्र की स्थापना कर इन प्रमुख फसलों की गुणवत्ता और पैदावार को बढ़ाने पर विशेष बल दिया जायेगा।
‘विदेश अध्ययन भ्रमण योजना’
कृषि क्षेत्र में वैश्विक नवाचारों को आत्मसात करने के लिए किसानों और अधिकारियों के लिए ‘विदेश अध्ययन भ्रमण योजना’ को पुनः प्रारंभ किया जा रहा है, जिससे विश्व की उन्नत तकनीकों को स्थानीय स्तर पर लागू किया जा सके। इसके साथ ही, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए ग्रीष्मकालीन मूंगफली की खेती के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जो किसानों के लिए आय का एक अतिरिक्त और मजबूत स्रोत बनेगी।
खेती की मौसम पर निर्भरता और उससे जुड़ी अनिश्चितताओं को कम करने के लिए सरकार तकनीक-आधारित जोखिम प्रबंधन पर विशेष निवेश कर रही है। इसके तहत पूरे प्रदेश में ‘विंडस’ (Weather Information Network Data System) विकसित किया जा रहा है, जो किसानों को सटीक मौसम पूर्वानुमान और तात्कालिक कृषि सलाह (एग्री-एडवाइजरी) सीधे उनके मोबाइल पर उपलब्ध कराएगा। यह प्रणाली न केवल प्राकृतिक आपदाओं से फसल को बचाने में मदद करेगी, बल्कि बुवाई और कटाई के समय को वैज्ञानिक आधार प्रदान करेगी।
किसानों को दिया जायेगा पूर्ण सुरक्षा कवच
किसानों को पूर्ण सुरक्षा कवच प्रदान करने के उद्देश्य से अब मौसम आधारित बीमा योजना का दायरा बढ़ाकर उसमें उद्यानिकी फसलों को भी शामिल किया जा रहा है। अनुसंधान, विविधीकरण और डिजिटल वेदर मैनेजमेंट का यह एकीकृत संगम न केवल कृषि को जोखिम मुक्त बनाएगा, बल्कि ‘समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश’ के संकल्प को वास्तविकता में बदलकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भरता के नए सोपान पर खड़ा करेगा।
10-दिशात्मक रणनीति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष 2026 को प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने व्यापक ’10-दिशात्मक रणनीति’ तैयार की है। इसके प्रथम आयाम के तहत श्री-अन्न (मिलेट्स), चना और सरसों जैसी फसलों पर गहन शोध और उर्वरकों के अग्रिम भंडारण पर जोर दिया गया है। साथ ही तिलहन भावान्तर व्यापीकरण, उड़द/मूंगफली, गन्ना क्षेत्र विस्तारण, ई-विकास व्यापीकरण, उर्वरक अग्रिम भंडारण, पराली से उर्जा प्रबंधन इत्यादि कार्य सम्मिलित हैं।
द्वितीय आयाम फसल विविधीकरण और प्राइस स्टेबिलाइज़ेशन (मूल्य स्थिरीकरण)’ पर केंद्रित है, जिससे आलू-प्याज-टमाटर जैसी फसलों के दाम गिरने पर भी किसान आर्थिक रूप से सुरक्षित रहें।
तृतीय आयाम पूरी तरह से “प्राकृतिक मध्यप्रदेश” मिशन को समर्पित है, जहाँ रसायन मुक्त खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। चतुर्थ और पंचम आयाम में संसाधनों के इष्टतम उपयोग, जैसे ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप 2.0’ और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन को शामिल किया गया है। कृषि अपशिष्ट से ऊर्जा बनाने के लिए 10 कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की स्थापना इस अभियान का एक मुख्य आकर्षण है। छठे से आठवें आयाम तक का ध्यान कृषि मंडियों के आधुनिकीकरण, “MP ग्लोबल एग्री ब्रांडिंग” और ‘एग्री-हैकाथॉन’ जैसे नवाचारों पर है। अंतिम दो आयाम डिजिटल गवर्नेस और पारदर्शिता सुनिश्चित करते हैं, जिसमें एआई (AI)-आधारित कृषि परामर्श और क्यूआर कोड (QR Code) आधारित फार्म ट्रेसेबिलिटी शामिल है।
संस्थागत सुधार और शैक्षिक पहल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि वर्ष 2026 केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भविष्य के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार करने की पहल है। अनुसंधान केन्द्रों की स्थापना एवं कृषकों का क्षमता संवर्धन इस वर्ष का महत्वपूर्ण घटक होगा। इसी अनुक्रम में सरकार द्वारा कृषि विभाग और मंडी बोर्ड में रिक्त पदों की सीधी भर्ती भी की जाएगी।
==========
समाजसेवी श्री गौड़ बने पंछी बचाओ अभियान संस्था के दलौदा तहसील अध्यक्ष
मंदसौर। जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रदेश कि सबसे बड़ी संस्था पंछी बचाओ अभियान के प्रदेश व जिला नेतृत्व द्वारा कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए समाजसेवी कुलदीप सिंह गौड़ को दलौदा तहसील अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि श्री गौड़ के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र में पक्षियों के संरक्षण हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। विशेषकर आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जगह-जगह सकोरे बांधने और दाना-पानी की व्यवस्था करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर श्री गौड़ ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेजुबान पक्षियों की सेवा करना ही मेरा मुख्य लक्ष्य रहेगा, और जल्द ही तहसील स्तर पर टीम गठित कर कार्य शुरू किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई प्रेषित की है।
=========
नदी किनारे और जलधारा से प्लास्टिक कचरा हटाया गया

