डॉ. रघुवीर सिंह महाविद्यालय सीतामऊ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हुई विविध आयोजन

डॉ. रघुवीर सिंह महाविद्यालय सीतामऊ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हुई विविध आयोजन
सीतामऊ। डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय सीतामऊ में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर ज्ञान-विज्ञान एवं नवाचार को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश सकवार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की प्रभारी सुश्री पूजा चौधरी रहीं तथा संचालन डॉ. रेखा कुमावत द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में श्री नारायण हरगोड़ (प्राचार्य, हाई स्कूल मानपुरा) उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 32 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘विकसित भारत’ एवं आधुनिक तकनीकों पर आधारित विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने सोलर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, डीएनए संरचना, पारिस्थितिकी तंत्र तथा हृदय के रक्त परिसंचरण जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता की सराहना की।
मॉडल प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंगूरवाला डांगी एवं ममता डांगी ने प्रथम, नैना पोरवाल एवं कृतिका कुंवर ने द्वितीय तथा अंगूरवाला परमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि श्री हरगोड़ ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को विज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री पूजा चौधरी द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। आयोजन के सफल संपन्न होने पर महाविद्यालय परिवार में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण रहा।



