समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 26 फरवरी 2026 गुरुवार

//////////////////////////
रोजगार मेले में 460 युवक-युवतियों ने कराया पंजीयन, 347 का हुआ प्राथमिक चयन
मंदसौर 25 फरवरी 2026/ जिले में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय एस.एन. उदिया महाविद्यालय, गरोठ (जिला मंदसौर) में जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के संयुक्त समन्वय से युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिस मेला आयोजित किया गया।
रोजगार मेले में कुल 460 युवक एवं युवतियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से मेले में उपस्थित 7 कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा 347 युवक-युवतियों का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, राष्ट्रीय आजीविका मिशन तथा नगर परिषद गरोठ द्वारा हितग्राहियों को स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत चेक वितरण भी किया गया। मेले में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मनुप्रिया विनीत यादव द्वारा किया गया। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार के प्रति जागरूक किया गया।
================
जिला न्यायपालिका मंदसौर के न्यायालयों एवं अनुभागों में उपयोग हेतु लेखन सामग्री आपूर्ति के लिए सील बंद निविदाएं 27 फरवरी तक आमंत्रित
मंदसौर 25 फरवरी 26 / प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा बताया गया कि जिला न्यायपालिका मंदसौर के न्यायालयों एवं अनुभागों में उपयोग हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 में लेखन सामग्री आपूर्ति के लिए इच्छुक व्यापारी/विक्रेता/निर्माता से सील बंद निविदाएं आमंत्रित की जाती है।
निविदाएं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंदसौर के नाम से प्रस्तुत की जावेगी। निविदा की शर्ते एवं सामग्री की सम्पूर्ण जानकारी www.mptenders.gov.in ई-टेण्डरिंग प्रणाली तथा माननीय उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश जबलपुर की वेबसाइट www.mphc.gov.in एवं जिला न्यायालय मंदसौर की वेबसाईट www.district.court.gov.in/mandsaur पर भी उपलब्ध है, जहां से निविदा प्रारूप एवं शर्तें डाउनलोड की जा सकती है।
इच्छुक व्यापारी/विक्रेता / निर्माता अपनी निविदाएं सीलबंद कर पूर्ण जानकारी सहित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, मंदसौर में 27 फरवरी 2026 को शाम 05:00 बजे तक, आवक-जावक शाखा में जमा कर सकते हैं। प्राप्त निविदाएं 28 फरवरी 2026 को दोपहर 02:00 बजे समिति के समक्ष निविदाकर्ता / प्रतिनिधि के समक्ष खोली जाएगी।
===============
जिला पंचायत सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक 5 मार्च को
मंदसौर 25 फरवरी 26 / मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा बताया गया कि जिला पंचायत सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार की अध्यक्षता में 5 मार्च 2026 को दोपहर 12:00 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष मे आयोजित होगी।
=======
जिला पंचायत साधारण सभा की बैठक 5 मार्च को
मंदसौर 25 फरवरी 26 / मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा बताया गया कि जिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार की अध्यक्षता में 5 मार्च 2026 को दोपहर 1:00 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष मे आयोजित होगी।
==========
4 लाख 42 हजार से अधिक किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये कराया पंजीयन
7 मार्च तक होगा पंजीयन
मंदसौर 25 फरवरी 26 / खाद्य , नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकारी दी है कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये अब तक 4 लाख 42 हजार 288 किसानों ने पंजीयन करा लिया है। किसान 7 मार्च तक पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि निर्धारित समय में पंजीयन जरूर करा लें। उन्होंने बताया है कि किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है। कुल 3186 पंजीयन केन्द्र बनाये गए हैं। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिये गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जो गत वर्ष से 160 रूपये अधिक है।
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि अभी तक इंदौर संभाग में 54 हजार 587, उज्जैन में एक लाख 48 हजार 905, ग्वालियर में 9695, चम्बल में 4692, जबलपुर में 39 हजार 885, नर्मदापुरम में 34 हजार 181, भोपाल में एक लाख 9 हजार 134, रीवा में 13 हजार 260, शहडोल में 2551 और सागर में 25 हजार 398 किसानों ने पंजीयन कराया है।
पंजीयन की नि:शुल्क व्यवस्था
पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर और सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर की गई है।
पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था
पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर की गई है।
किसानों को करें एसएमएस
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने बताया है कि विगत रबी एवं खरीफ के पंजीयन में जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें एसएमएस से सूचित करने के निर्देश दिये गये हैं। गांव में डोंडी पिटवाकर ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर पंजीयन सूचना प्रदर्शित कराने तथा समिति/ मंडी स्तर पर बैनर लगवाने के निर्देश भी दिये गये हैं।
===============


