श्री राधेश्याम मंदिर में 27 फरवरी को भक्ति और रंगों से सजेगा फागोत्सव

श्री राधेश्याम मंदिर में 27 फरवरी को भक्ति और रंगों से सजेगा फागोत्सव
भवानी मंडी। फाल्गुन माह की रंगत अब शहर में दिखने लगी है। इसी क्रम में आगामी 27 फरवरी को शहर के प्राचीन श्री राधेश्याम मंदिर परिसर में भव्य फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7:30 बजे होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्तिरस और फाग की उमंग में सराबोर होंगे।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष कृष्ण कुमार राठी ने बताया कि फागोत्सव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक श्रीकांत ओझा अपनी टीम के साथ पारंपरिक फाग, होली गीत एवं राधा-कृष्ण भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे। मंदिर परिसर को विशेष सजावट से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो उठेगा।
इस आयोजन के मनोरथी जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) जिला झालावाड़ इकाई रहेगी। जार जिलाध्यक्ष दिलीप जैन एवं महासचिव दिलीप श्रंगी ने बताया कि जार जिला इकाई विगत कई वर्षों से फागोत्सव जैसे सांस्कृतिक-धार्मिक आयोजनों से समाज को जोड़ती रही है। इस वर्ष भी मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के प्रेरक
जार प्रदेश संगठन महामंत्री भंवर सिंह कछवाहा हैं, जिनके मार्गदर्शन में आयोजन को अंतिम रूप दिया गया है। फागोत्सव को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और शहर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर ट्रस्ट एवं जार पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर फागोत्सव में भाग लेने और धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। कार्यक्रम में पुष्प वर्षा, अबीर-गुलाल के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से फाल्गुनी उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।



