समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 20 फरवरी 2026 शुक्रवार

मध्य प्रदेश के युवा जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह रिंगनोद के चयन ने बढ़ाया रतलाम जिले का गौरव
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत भारतीय प्रबंधन संस्थान बोधगया, बिहार में नेतृत्व विकास कार्यक्रम संपन्न
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026,

भारतीय प्रबंधन संस्थान बोधगया में आयोजित नेतृत्व विकास कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम संस्थान की निदेशक प्रो. डॉ. विनीता एस. सहाय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में समन्वयक डॉ. अजीत टॉम जेम्स एवं डॉ. बिजॉय फिलिप वी. जी. का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इस नेतृत्व विकास कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा से जुड़े प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों में नेतृत्व क्षमता तथा प्रशासनिक दक्षता को सशक्त बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुशासन, प्रभावी निर्णय-निर्माण, टीम प्रबंधन एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के सबसे युवा जिला पंचायत सदस्य श्री महेंद्र सिंह रिंगनोद (जिला रतलाम) ने भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण जनसेवा के क्षेत्र में नेतृत्व कौशल विकसित करने तथा प्रशासनिक समझ को सुदृढ़ बनाने वाला प्रेरणादायी अनुभव रहा। कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग वे अपने क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनहित के कार्यों में करेंगे।
==========
जावरा विधायक डॉ पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग में नियुक्ति के संबंध में विधानसभा में प्रश्न किए
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026,
प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किये जा रहे है, रिक्त पदों पर नियुक्ति की जा रही है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न पर उक्त जानकारी दी।विधायक डॉ पांडेय ने जावरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में रिक्त पदों की पूर्ति का मामला उठाया।
उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में सिविल हॉस्पिटल जावरा व पिपलौदा के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद व उपस्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है।हालांकि दोनों विकासखण्डों के चिकित्सा केंद्रों में विभिन्न पदों की रिक्ति है। जिनमे प्रथम श्रेणी चिकित्सको से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल है। इन रिक्त पदों की पूर्ति के लिए नियुक्ति प्रक्रिया की जा रही है। इनमें 8 चिकित्साकर्मी उच्च अध्ययन के लिए अवकाश पर गए है।
विधायक डॉ पांडेय के एक प्रश्न पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जावरा में आदर्श हायर सेकेंडरी(मॉडल)स्कूल संचालित किया जा रहा है । यहां स्वीकृत 25 शिक्षकों के पदों में 17 पद रिक्त है। जिनकी पूर्ति अतिथि शिक्षकों के माध्यम से की जा रही है। मॉडल स्कूल में नवनिर्मित 11 स्टॉफ क्वार्टर में से 3 के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है। शिक्षा मंत्री ने आगे बताया कि हायर सेकंडरी व हाईस्कूल में रिक्त पदों की पूर्ति शीघ्र नियुक्ति से की जाएगी। विधायक डॉ पांडेय के एक प्रश्न पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने बताया कि रतलाम जिले में भूमि सीमांकन,बंटवारा,नक्शा त्रुटि सुधार,ड्रोन सर्वे में त्रुटि सुधार जैसे तीन वर्षो में 45162 आवेदन प्राप्त हुए। जिले के अलग अलग तहसील व अनुविभागीय कार्यालयों में विभिन्न स्तर पर इन प्रकरणों को निराकृत किया गया। वर्तमान में 6369 प्रकरण लम्बित है। एक अन्य प्रश्न के जवाब में श्री वर्मा ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय भूमि के निजी भूमि किये जाने की 4 प्रमुख शिकायतों पर कार्यवाही की गई,लेकिन प्रकरण न्यायालय में जाने से लंबित स्थिति में है।
=========
प्रशासन गांव की ओर अभियान 20 फरवरी को आलोट ब्लाक में क्लस्टर पंचायत मुख्यालय ग्राम पंचायत भोजाखेड़ी पर होगी समीक्षा
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026,
जिले में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की चिन्हित फ्लैगशिप योजनाओं में शत प्रतिशत सेचुरेशन को प्राप्त करने के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में “प्रशासन गाँव की ओर अभियान“ चलाया जा रहा है। इस अभियान अंतर्गत शासन की फ्लैगशिप स्कीम का क्रियान्वयन, प्रगतिरत महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा एवं जन सुनवाई/किसान चौपाल आयोजित की जाती है।
प्रशासन गांव की ओर अभियान अंतर्गत 20 फरवरी को जनपद पंचायत आलोट अंतर्गत 20 ग्राम पंचायत भोजाखेडी, कलस्या, गोयल, रावतखेड़ा, थूरिया, बोरखेड़ी, मुंज, भीम, बर्डिया राठौर, खजुरी सोलंकी, तालोद, गुराडिया, खामरिया, कंथारिया, रीछा, निपानिया राजगुरु, डाबडिया, धरोला, जोयन, पाटन में अनुश्रवण शिविर आयोजित किए जाऐगे। प्रत्येक पंचायत के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी, ब्लाक स्तरीय नोडल अधिकारी एवं ग्राम पंचायत स्तरीय अमले द्वारा उपस्थित होकर प्रातः 09:00 बजे से 01:00 बजे तक आमजन की समस्याओं को सुनकर अनुश्रवण पंजी में दर्ज किया जाएगा। दोपहर 01:00 से 01:30 बजे तक अभियान के क्लस्टर पंचायत मुख्यालय पर सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित होगे। क्लस्टर पंचायत मुख्यालय पर अनुश्रवण पंजी की कलेक्टर द्वारा समीक्षा की जाएगी।
==============
रतलाम जिले में नरवाई जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर 15,000 रुपए तक जुर्माना
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026,
पर्यावरण संरक्षण, जन-धन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती मिशा सिंह ने जिले में खेतों में नरवाई (खापे) जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
आदेशानुसार रबी फसल कटाई के बाद खेतों में नरवाई जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हार्वेस्टर मशीनों के उपयोग के दौरान स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) अथवा स्ट्रॉ रीपर का उपयोग अनिवार्य किया गया है। बिना एसएमएस अथवा स्ट्रॉ रीपर के कंबाइन हार्वेस्टर चलाने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षति पूर्ति के रूप में 2 एकड़ तक भूमि रुपए 2500 प्रति घटना, 2 से 5 एकड़ भूमि रुपए 5000 प्रति घटना, 5 एकड़ से अधिक भूमि रुपए 15000 प्रति घटना जुर्माना भी निर्धारित किया गया है।
==============
जैविक/प्राकृतिक उत्पाद विक्रय हाट 22 फरवरी को
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026,

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास के सभागृह में जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले कृषकों की कार्यशाला 19 फरवरी को आयोजित की गई । कार्यशाला में उप संचालक कृषि श्रीमती नीलम सिंह चौहान, परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश, उप संचालक उद्यानिकी श्री मंगल सिंह डोडवे एवं मण्डी सचिव श्रीमती लक्ष्मी भंवर सहित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यशाला में जिलें के विभिन्न विकासखण्डों से 50 से अधिक कृषकों को जैविक हाट के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा किसानों के द्वारा जैविक/प्राकृतिक उत्पाद विक्रय से संबंधित सुझाव लिये गये । वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती आमजन को जहर मुक्त भोजन उपलब्ध करवाने की हैं । जिसके लियें कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा प्रति सप्ताह रविवार को जैविक/प्राकृतिक उत्पाद विक्रय हाट लगाने के निर्देश दिये गये हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार सब्जी मण्डी पॉवर हाउस रोड रतलाम में पृथक से प्राकृतिक एवं जैविक उत्पाद विक्रय हेतु स्थान का निर्धारण कर 22 फरवरी, रविवार सुबह 8.00 बजें से जैविक/प्राकृतिक उत्पाद विक्रय हाट का शुभारंभ किया जायेगा । हाट में कृषक शुद्ध प्राकृतिक जैविक उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय करेंगे ।
=============
फसलोत्तर प्रबंधन व कोल्ड स्टोरेज इकाइयों पर अनुदान हेतु आवेदन आमंत्रित
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026
उपसंचालक उद्यान श्री मंगल सिंह डोडवे ने बताया कि उद्यानिकी विभाग अन्तर्गत एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) योजना वर्ष 2025-26 हेतु किसानों को फसलोत्तर प्रबंधन एवं परियोजना आधारित घटकों जैसे- फार्मगेट पैक हाउस, इंटीग्रेटेड पैक हाउस, कलेक्शन एग्रीगेशन सेंटर, प्री-कूलिग यूनिट, कोल्ड रूम, कोल्ड स्टोरेज (5000 एम.टी.), कोल्ड स्टोरेज 3 टाईप-1 (प्याज), रेफ्रिजरेटेड ट्रांसपोर्ट व्हीकल, रायपनिंग चैम्बर तथा इंटीग्रेटेड सप्लाई चेन की स्थापना के पश्चात अनुदान सहायता दी जाएगी।
आवेदकों को एमपीएफएसटीएस पोर्टल पर डी.पी.आर., बैंक ऋण स्वीकृति पत्र, बैंक एप्रेजल रिपोर्ट, भूमि के दस्तावेज, कोल्ड स्टोरेज एवं रायपनिंग चेंबर प्रकरणों में भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र, चार्टर्ड इंजीनियर द्वारा हस्ताक्षरित बेसिक डाटाशीट, केन्द्र एवं राज्य सरकार से पूर्व में लाभ प्राप्त नहीं करने का घोषणा-पत्र, एन.सी.सी.डी. की ड्राइंग डिजाईन अनुसार का घोषणा पत्र एवं भारत सरकार द्वारा स्वीकृत मानकों और मापदण्डों अनुसार निर्माण कराने का घोषणा-पत्र सहित परियोजना प्रस्ताव/आवेदन दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
उद्यानिकी विभाग की योजनाओं में अनुदान सहायता प्राप्त करने के इच्छुक कृषक विभाग की वेबसाईट www.mpfsts.mp.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु विकास खण्ड स्तर पर कार्यालय वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, शासकीय रोपणियों एवं जिला स्तर पर कार्यालय उप संचालक उद्यान जिला रतलाम कलेक्ट्रोरेट भवन रूम न. 201 में सम्पर्क कर सकते है।
==========
चिकलाना में नव दंपति सम्मेलन आयोजित किया गया
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026

राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत नव विवाहित दंपतियों को परामर्श प्रदान कर परामर्श प्रदान करने के लिए ग्राम चिकलाना ब्लॉक पिपलोदा में नवदंपति सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के दौरान नवविवाहित दंपतियों को शादी के 2 साल बाद पहला बच्चा, दो बच्चों के बीच 3 साल का अंतर रखने के संबंध में परिवार कल्याण संबंधी साधनों निरोध, ओरल पिल्स, माला गोलियां, छाया, अंतरा, आई यू सी डी की जानकारी दी गई। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर तनुजा गंधर्व ने बताया कि सही उम्र में शादी, दो बच्चों के बीच अंतर रखने से माता और शिशु का स्वास्थ्य बेहतर रखा जा सकता है। सम्मेलन के दौरान संभागीय समन्वयक श्री आशीष पुरोहित द्वारा सभी धात्री, गर्भवती एवं नवदंपति को आयरन कैल्शियम एवं गर्भावस्था के दौरान पोषण युक्त भोजन, साफ सफाई के विषय में जानकारी दी गई। सम्मेलन में बीपीएम श्री अनिल डुडवे, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तनुजा गंधर्व, एएनएम श्रीमती प्रेमलता गोदा, आशा सहयोगिनी शांति प्रजापत एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थिति थी।
============
उपसंचालक डॉ निधि शर्मा ने रतलाम जिले में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की
रतलाम : गुरूवार, फरवरी 19, 2026

उप संचालक एनएचएम डॉ निधि शर्मा ने जिला चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरमावल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत रतलाम जिले में 19 फरवरी को विशेष हेपेटाइटिस बी के स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन गर्भवती महिलाओं के लिए किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य एवं हेपेटाइटिस बी की स्क्रीनिंग संबंधी कार्य की मॉनिटरिंग उपसंचालक द्वारा की गई। उन्होंने विभागीय अधिकारी और कर्मचारी को शत प्रतिशत महिलाओं के हेपेटाइटिस बी का स्क्रीनिंग करने एवं पॉजिटिव पाई गई महिलाओं को आवश्यक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे, सिविल सर्जन डॉ एम एस सागर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील, डीपीएम श्रीमती अर्चना राठौर जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ गौरव बोरीवाल, हेमंत मकवाना, लैब टेक्नीशियन एवं नर्सिंग ऑफिसर उपस्थित थे।



