
बेडला के 40 छात्रों को व्यवसायिक भ्रमण पर भेजा, आईटीआई व 11 केवी सब स्टेशन का कराया अवलोकन
गंगधार / झालावाड़गंगधार उपखंड के बेडला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 40 छात्र-छात्राओं को व्यवसायिक शिक्षा के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जुनेद समी खान ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को रवाना किया।
व्यवसायिक शिक्षा प्रभारी कुंज बिहारी निगम ने बताया कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यवसायिक ज्ञान देना भी अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को एलीट आईटीआई इंस्टीट्यूट, मोदी इलेक्ट्रॉनिक्स, 11 केवी सब स्टेशन एवं गंगधार के विभिन्न दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को संबंधित संस्थानों की कार्यप्रणाली, तकनीकी उपकरणों और रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। भ्रमण के पश्चात सभी विद्यार्थियों को पुनः विद्यालय लाया गया। इस दौरान छात्रों के लिए अल्पाहार एवं चाय-नाश्ते की भी व्यवस्था की गई।
भ्रमण में शिक्षक राजेंद्र कुमार, मनोज ढोकिया एवं शैलेश सोलंकी भी साथ रहे।



