सीबीएन की टीम देखकर डोडाचुरा से भरी कार में तस्करों ने लगाई आग

चित्तौड़गढ़ में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की दो बड़ी कार्रवाइयाँ, 496.620 किलो अवैध मादक पदार्थ बरामद, दो गिरफ्तार..
कोटा/चित्तौड़गढ़ :- नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत Central Bureau of Narcotics (केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो) की चित्तौड़गढ़ सेल ने 13 फरवरी 2026 को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 496.620 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
20 फीट ऊंचा गेट फांदकर बचाई बड़ी खेप – पहली कार्रवाई गांव मानसिंहजी का खेड़ा, तहसील गंगरार (चित्तौड़गढ़) में की गई। विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की चित्तौड़गढ़ सेल एवं चित्तौड़गढ़-तृतीय खंड की टीम ने एक बाड़े पर छापा मारा। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि बाड़ा चारों ओर से लगभग 20 फीट ऊंची दीवारों से घिरा हुआ था तथा मुख्य द्वार बंद था। टीम को देखते ही आरोपियों ने अंदर खड़ी बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी, जिसमें मादक पदार्थ भरे हुए थे, ताकि साक्ष्य नष्ट किया जा सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के एक सिपाही ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लगभग 20 फीट ऊंचा द्वार फांदकर अंदर प्रवेश किया और द्वार खोल दिया। टीम ने तुरंत आग बुझाने के प्रयास शुरू किए तथा अग्निशमन दल को सूचना दी। बाड़े में बंधे पशुओं को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन से 323.630 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसे 13 बैगों में पुनः पैक किया गया था। आसपास तलाशी के दौरान एक आरोपी भूसे के ढेर के पीछे छिपा मिला, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन और बरामद मादक पदार्थ जब्त कर लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
मकान से अफीम और डोडा चूरा बरामद – दूसरी कार्रवाई गांव झाजलवास, तहसील गंगरार (चित्तौड़गढ़) में की गई। विशेष सूचना के आधार पर एक मकान की तलाशी ली गई, जहां से 9.570 किलोग्राम अवैध अफीम और 163.420 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। कानूनी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के बाद मादक पदार्थों को जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
नशा मुक्त भारत के लिए सख्त कार्रवाई जारी – दोनों कार्रवाइयाँ उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की समस्या से बचाने के लिए अभियान तेज किया जाएगा। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना नियंत्रण कक्ष नंबर 0744-2438928, व्हाट्सएप नंबर 8764748232 या ईमेल dnc-kota@cbn.nic.in पर साझा करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।



