सीतामऊ टीआई कमलेश प्रजापति व सुवासरा टीआई अनिल रघुवंशी को उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस मुख्यालय पर सम्मानित

सीतामऊ टीआई कमलेश प्रजापति व सुवासरा टीआई अनिल रघुवंशी को उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस मुख्यालय पर सम्मानित
मंदसौर- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2025 में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया है, उज्जैन रेंज के अंतर्गत जिला मंदसौर के दो थाना प्रभारियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार राशि प्रदान की गई है, जारी आदेश में बताया गया है कि अजाक (अनुसूचित जाति/जनजाति) प्रकरणों में चालान प्रस्तुत करने, लंबित मामलों के निराकरण और राहत प्रकरणों के प्रभावी क्रियान्वयन में विशेष रुचि लेकर उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों का चयन किया गया।
सम्मानित अधिकारियों में थाना सीतामऊ के निरीक्षक कमलेश प्रजापति शामिल हैं, वर्ष 2025 में उनके द्वारा कुल 33 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 32 का निराकरण किया गया, 32 मामलों में न्यायालय में चालान पेश किए गए तथा सभी राहत प्रकरणों का भी निराकरण किया गया, उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें 1700 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसी तरह थाना सुवासरा के निरीक्षक को भी सम्मानित किया गया, उनके द्वारा वर्ष 2025 में कुल 20 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया, 16 मामलों में न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए गए तथा 20 राहत प्रकरणों का निराकरण किया गया, उन्हें भी 1700 रुपये की पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया गया।
यह आदेश विशेष पुलिस महानिदेशक (अजाक) पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी किया गया है, संबंधित अधिकारियों को सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रतिलिपि उज्जैन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक तथा जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर को प्रेषित की गई है, पुलिस विभाग द्वारा यह सम्मान उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने और अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


