ग्रामीण पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक 13 फरवरी को

जिलाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में होगी रणनीतिक चर्चा, मनरेगा बचाओ अभियान पर भी मंथन
भवानीमंडी। आगामी ग्रामीण पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर ब्लाक कांग्रेस कमेटी भवानीमंडी द्वारा 13 फरवरी, शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री विरेन्द्र सिंह गुर्जर करेंगे।
बैठक में ब्लाक के सभी ग्रामीण क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पंचायत चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती एवं बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के बीच मनरेगा बचाओ अभियान को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसी क्रम में भवानीमंडी नगर कांग्रेस द्वारा नगर पालिका चुनावों को लेकर भी अलग से चर्चा की जाएगी, ताकि शहरी क्षेत्र में संगठन को सक्रिय कर आगामी चुनावों के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके।
बैठक में कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व एवं वर्तमान विधायक, जिला परिषद सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच, पार्षद, पंच, विभिन्न समितियों के पदाधिकारी तथा कांग्रेस के अग्रिम संगठनों—सेवादल, महिला प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, ओबीसी प्रकोष्ठ, एसटी प्रकोष्ठ, पंचायती राज संगठन, एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस आदि—के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस विचारधारा से जुड़े क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों से भी उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय आस्तोलिया ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने का आह्वान किया है।
कांग्रेस संगठन इस बैठक के माध्यम से चुनावी तैयारियों को धार देने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर अंतिम रूप देगा।
========



