समाचार मध्यप्रदेश नीमच 07 फरवरी 2026 शनिवार

///////////////////////////////
समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन आज से प्रारंभ
गेहूं उपार्जन के लिए 38 किसान पंजीयन केंद्र स्थापित
नीमच 6 फरवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नीमच जिले में गत वर्षानुसार इस वर्ष भी गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन हेतु कुल 38 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए है। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं का उपार्जन ई-उपार्जन परियोजना तहत आज 7 फरवरी से प्रारम्भ होकर 7 मार्च 2026 तक किसान अपना पंजीयन नजदीकी पंजीयन केन्द्र पर निःशुल्क करवा सकते हैं। इस वर्ष सभी किसानों को नवीन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पूर्व में कराये गये किसान पंजीयन मान्य नहीं होगें।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार गेहूं उपार्जन के लिए नवीन पंजीयन कराते समय कृषक निर्धारित आवेदन पत्र के साथ बैंक खाता, आधार नम्बर एवं ऋणपुस्तिका की छायाप्रति संलग्न करेगा। यदि कृषक द्वारा भूमि शिकमी पर ली गई है, तो शिकमी अनुबंध-पत्र की प्रति भी प्रस्तुत करना होगा।
यदि कोई किसान पंजीयन स्वयं भी करना चाहता है, तो वह स्वयं के मोबाईल अथवा कम्प्यूटर से पंजीयन हेतु निर्धारित लिंक पर जाकर, ग्राम पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधां केन्द्र पर, पूर्व वर्षों की भांति सहकारी समिति, SHG / FPO/FPC द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर पंजीयन कर सकते है। पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था (शुल्क राशि रूपयें 50/-), एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क पर, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क पर,लोकसेवा केन्द्र पर, निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर 50 रूपये शुल्क जमा कर पंजीयन करवाया जा सकता हैं। पंजीकृत किसान भाईयों से आग्रह किया गया है, कि रबी पंजीयन हेतु अपने नजदीकी पंजीयन केन्द्र पर अंतिम तिथि के पूर्व किसान पंजीयन कराना सुनिश्चित करें।
============
जिले के दूरस्थ गांव झांतला में संकल्प से समाधान शिविर में
ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए कलेक्टर श्री चंद्रा
अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण को दिए निर्देश
नीमच 6 फरवरी 2026, नीमच जिले की जावद विकासखंड के ग्राम झांतला मे शुक्रवार को संकल्प से समाधान अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए और उनकी समस्या का त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को दिए हैं।
इस शिविर में झांतला के श्री राजेश वर्मा ने गांव के बड़े नाले की सफाई करवाने, गांव से सिंगोली रोड तक की सड़क का चौडीकरण एवं दुरूस्त करवाने, नया पुराना जलाशय की मरम्मत एवं सुधार नहरों की मरम्मत एवं सुधार करवाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव को तत्काल जेसीबी लगवा कर, मुख्य नाले की सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नया पुराना तालाब के सुधार एवं मरम्मत तथा नहरों का आवश्यक सुधार और तालाब का सुव्यवस्थित रख रखाव करवाने के निर्देश दिए।
जिले की सभी लाड़ली लक्ष्मियों को लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित करें
शिविर में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा को तीन लाड़ली लक्ष्मी छात्राओं द्वारा छात्रवृत्ति का भुगतान शेष होने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए, कि वे जिले की सभी लाड़ली लक्ष्मियों को छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा कर ले और भुगतान से शेष रही छात्रवृत्ति का भुगतान अविलंब सुनिश्चित करें।
ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने जल निगम की पाईपलाईन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का गुणवत्तापूर्ण सुधार कार्य करवाने और घर के अंदर तक नीला पाइप पहुंचाकर, जल आपूर्ति करवाने के निर्देश जल निगम महाप्रबंधक को दिए हैं।
कृषि के साथ ही पशुपालन कर अपनी आय बढ़ाए – कलेक्टर
इस अवसर पर ग्रामीणों और किसानों से रूबरू होते हुए कलेक्टर ने कहा, कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले में पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष केसीसी अभियान चलाया जा रहा हैं। इस अभियान के तहत सभी पशुपालकों के केसीसी जारी करवाए जा रहे हैं। सभी पशुपालक पशुपालन केसीसी के लिए आवेदन करें और केसीसी के माध्यम से ब्याज मुक्त ऋण प्राप्त कर उन्नत पशुपालन को बढ़ावा दे, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में सहयोग करें।
सभी सरपंच, सचिव गांव में अपशिष्ट प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करें
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रेतपूरा के ग्रामीणों की मांग पर सभी सरपंच सचिवों से कहा, कि वे अपनी ग्राम पंचायत के माध्यम से क्षेत्र में मृत पशुओं के समुचित निपटान एवं अपशिष्ठ प्रबंधन के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर, वहां अपशिष्ट प्रबंधन की सुव्यवस्थित व्यवस्था करें।
कलेक्टर ने एमपीईबी कार्यालय के पास स्थित बस्ती में नल से जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को तत्काल मौके पर भेज कर नल से जलापूर्ति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
झांतला में पुनः प्रारंभ होगी प्रसूति की सुविधा
झांतला के ग्रामीणों ने शिविर में कलेक्टर को अवगत कराया, कि पहले गांव में गर्भवती महिलाओं की प्रस्तुति की सुविधा उपलब्ध थी, जो अब नहीं है। इस पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए, कि वे आवश्यक संसाधनों की अविलंब व्यवस्था कर, झांतला में गर्भवती महिलाओं की प्रसूति की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिससे, कि क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके।
पशुओं का एफ.एम.डी.टीकाकरण करवाएं
शिविर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा, कि जिले में पशुओं में नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान का अभियान चलाया जा रहा हैं। साथ ही पशुओं में होने वाले मुंह पका खुर पका रोग से बचाव के लिए एफएमडी टीकाकरण का अभियान चलाया जा रहा है। सभी पशुपालक अपने पशुओं का एफएमडी टीकाकरण अवश्य करवाए।
स्वास्थ्य शिविर का ग्रामीणों ने उठाया लाभ
संकल्प से समाधान अभियान के तहत आयोजित झांतला कलस्टर स्तरीय शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर लगाया गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, बी.पी.शुगर की जांच कर, नि:शुल्क दवाईयां वितरित की।
उन्होंने पशुपालकों से पशुओं की नस्ल सुधार के लिए पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान अवश्य करवाने का आव्हान किया। कलेक्टर ने जिले की सभी ग्राम पंचायत क्षेत्र में पी.एम.एफ.ई. योजना के तहत सूक्ष्म खाद्य उद्योग इकाइयों की स्थापना करने पर बल देते हुए ग्रामीणजनों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्रीमती प्रीति संघवी, सरपंच श्रीमती पूजा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि जिला अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
==================
संकल्प से संमाधान शिविर में किसान सोहनलाल को मिला ट्रेक्टर
कलेक्टर ने किसान को सौंपी ट्रेक्टर की चाबी
नीमच 06 फरवरी 2026, जिले के जावद विकासखण्ड के ग्राम झांतला में शुक्रवार कोक संकल्प से समाधान शिविर में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय बागवानी यंत्रीकरण योजना के तहत लांभावित किसान सोहन लाल पिता पन्नालाल धाकड़ को ट्रेक्टर की चाबी प्रदान कर ट्रेक्टर प्रदान किया गया है। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैश्ण्व, एसडीएम सुश्री प्रीती संघवी, उपसंचालक उद्यानिकी श्री अतरसिह कन्नौजी व अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कलेक्टर ने किसान सोहनलाल से चर्चा कर योजना तहत मिले 4.20 लाख के लाभ व 1.80 लाख के अनुदान के बारे में जानकारी ली व ट्रेक्टर का बागवानी कार्यो में उपयोग के बारे में भी चर्चा की। संकल्प से समाधान शिविर में ट्रेक्टर प्राप्त कर किसान काफी खुश नजर आ रहा था। कलेक्टर ने किसान को उद्यानिकी विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ उठाने की समझाईश भी दी।
==============
संकल्प से समाधान के तहत नीमच में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर आज
नीमच 06 फरवरी 2026, जिले में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार संकल्प से समाधान अभियान तहत जिले में निःशुल्क मोतियाबिंद शिविरो का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में रेडक्रास परिसर नीमच में आज 7 फरवरी को नि:शुल्क नेत्र परिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.प्रसाद ने बताया, कि आज 7 फरवरी शनिवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित रेडक्रॉस भवन में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में आंखों की जांच की जाएगी व संभावित मोतियाबिंद के मरीजों को चिन्हित किया जाएगा। चिन्हित किए गए मरीजों को राष्ट्रीय दृष्टि हीनता निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क मोतियाबिंद आपरेशन किए जाएंगे। डॉ.प्रसाद ने आमजन से अपील की है, कि ऐसे व्यक्ति जिनकी दृष्टि कमजोर है या आंखों से संबंधित अन्य समस्या है, वे अपना निःशुल्क परीक्षण अनिवार्य रूप से करवाए।
================
पशुपालक घर बैठे अपने पशुओं उपचार करवाएं- 1962 पशु संजीवनी सेवाओं का ले लाभ
नीमच 6 फरवरी 2026, पशु चिकित्सा विभाग द्वारा घर पहॅुच 1962 पशु संजीवनी पशु उपचार सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। उक्ते सेवा का लाभ जिले का कोई भी पशुपालक 1962 पर कॉल कर ले सकता हैं।
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ.राजेश पाटीदार ने बताया, कि पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को घर बैठे पशु चिकित्सा सेवाऍ उपलब्ध करवाने हेतु प्रत्येक विकासखण्ड में पशु संजीवनी 1962 के नाम से दो-दो वाहन संचालित किए जा रहे हैं। इस सेवा के लिए 1962 पर कॉल कर प्राप्त कर सकते हैं। 1962 के माध्यम से पशुपालक पशु उपचार, टीकाकरण एवं क़ृत्रिम गर्भाधान की सेवाएँ शासन द्वारा निर्धारित शुल्क का भुगतान कर प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ.राजेश पाटीदार ने बताया, कि कई बार पशु को घर से उपचार, कृत्रिम गर्भाधान आदि के लिए विभाग की संस्थाओं पर लेकर जाना पशुपालक व पशु के लिए जोखिम भरा होता है, वहीं पशु परिवहन में समय भी अधिक लगता है, ऐसी स्थिति में पशुपालक घर बैठे विभाग की सेवाएँ प्राप्त कर सकते हैं। 1962 कॉल सेन्टर प्रातः7 बजे से शाम 5 बजे तक चालू रहता है तथा अवकाश दिवस में भी ये सेवाएँ जारी रहती हैं।
==============



