समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 02 जनवरी 2025 शुक्रवार

/////////////////////////////////////////////
खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीते पदक
नगर की बेटियों ने रच दिया गौरव का इतिहास
मंदसौर। नगर की तीन होनहार बेटियों ने अलग-अलग खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नगर एवं जिले का नाम गर्व से रोशन किया है। प्रतिभाशाली खिलाड़ी मानवी बघेरवाल ने ए एसजीएफआई नेशनल कराते प्रतियोगिता (इंदौर) में मंदसौर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और रजत पदक अपने नाम किया। वहीं दूसरी ओर, जया सिसौदिया एवं नंदिनी शर्मा ने वेस्ट जोन किक बॉकिं्सग प्रतियोगिता (इंदौर) में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, गोवा, तेलंगाना सहित अनेक राज्यों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला करते हुए रजत पदक हासिल कर मंदसौर जिले को गौरवान्वित किया। इन तीनों बेटियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ अब ये खिलाड़ी आगामी मार्च माह में चेन्नई में आयोजित होने वाली नेशनल किक बॉकिं्सग चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह जानकारी सिंह फाइट क्लब मन्दसौर कोच नितिराज सिंह चौहान ने दी। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर तीनों खिलाड़ियों का विश्वपति शिवालय गाँधी चौराहे पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल कियावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय दुबेला, परशुराम सेना प्रदेश अध्यक्ष पं. जितेंद्र व्यास, राजेश चौहान, महेंद्र सिंह सिसोदिया, हरीश सालवी, नरेंद्र त्रिवेदी, योगेश गोड़, युगल वगैरवाल, परी शर्मा, नमन शर्मा, लक्ष्य भावसार सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ये बेटियाँ आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी।
===============
सुशासन भवन परिसर में 1 जनवरी को राष्ट्रगीत वंदेमातरम् का हुआ सामूहिक गायन
मंदसौर 1 जनवरी 26/ नववर्ष के अवसर पर मंदसौर कलेक्टर कार्यालय स्थित सुशासन भवन परिसर में शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगीत वंदेमातरम् का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रगीत गायन के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।
=============
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने जिलेवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रदान की
मंदसौर 1 जनवरी 26/ नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दीं। उन्होंने कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि लेकर आए—इसी मंगलकामना के साथ उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों को नववर्ष की शुभेच्छाएँ प्रेषित कीं।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि नववर्ष को नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच एवं आपसी सहयोग के साथ प्रारंभ करें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वर्ष 2026 जिले के समग्र विकास, सामाजिक सद्भाव, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में नई उपलब्धियाँ लेकर आएगा।
उन्होंने जिलेवासियों से कानून-व्यवस्था, स्वच्छता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, जिससे जिले को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर किया जा सके। अंत में उन्होंने कामना की कि नववर्ष जिले के प्रत्येक परिवार के लिए खुशहाली, शांति एवं सफलता का संदेश लेकर आए।
=========
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने नागरिकों को दी नव वर्ष की शुभकामनाएं
मंदसौर 1 जनवरी 26 / उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने नव वर्ष के शुभागमन पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। श्री देवड़ा ने कहां कि गत वर्षों में राज्य सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास, सुशासन और समावेशी प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं। किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प मजबूत हुआ है।
श्री देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। उन्हें कहा कि निवेश के माध्यम से रोजगार निर्माण की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ा है और अब नया वर्ष कृषि कल्याण को समर्पित होगा।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि नववर्ष सबके जीवन में स्वास्थ्य, सम्मान और समृद्धि लेकर आए। सब मिलकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में और तेज़ी से आगे बढ़ें, यही नववर्ष का संकल्प है।
================
प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने दी नववर्ष की बधाई
मंदसौर 1 जनवरी 26 / प्रदेश की महिला बाल विकास मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने प्रदेश के साथ ही मंदसौर जिले के नागरिकों को नववर्ष पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने अपने संदेश में कहा, कि प्रदेश एवं जिले के नागरिकों को वर्ष-2026 में प्रत्येक क्षैत्र में विकास का ओर अधिक लाभ प्राप्त होगा तथा शासन के जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों और योजनाओं से समाज के हर एक वर्ग के लोगों को खुशहाली एवं सुख समृद्धि मिलेगी। प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारियों और नागरिकों को नववर्ष पर हार्दिक बधाई दी हैं।
==========
धोखाधड़ी से बचें—टाइगर रिज़र्व में सफारी MPOnline.gov.in से ही करें बुकिंग
मंदसौर 1 जनवरी 26 / वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के टाइगर रिजर्व में सफारी टिकटों की बुकिंग केवलMPOnline के माध्यम से ही अधिकृत है। इसके अलावा किसी भी निजी वेबसाइट, मोबाइल ऐप या डिजिटल प्लेटफॉर्म को सफारी बुकिंग की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे किसी भी प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जा रही बुकिंग अवैध है। विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अत्यंत सतर्क रहें और केवल अधिकृत MPOnline पोर्टल के माध्यम से ही सफारी बुकिंग करें।
विभाग की अपील है कि यदि किसी पर्यटक ने इन अनधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सफारी बुक कराई है और वह धोखाधड़ी का शिकार हुआ है, इससे किसी प्रकार का नुकसान हुआ है अथवा बुकिंग संबंधी कोई अन्य शिकायत है, तो वह तत्काल संबंधित कार्यालय को इसकी सूचना दे। शिकायतों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिये राज्य साइबर पुलिस सेल को भेजा जाएगा। विभाग इस प्रकार की अनियमित और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने के लिए तत्पर है।
मध्यप्रदेश के टाइगर रिज़र्व में सफारी बुकिंग के लिये कुछ वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म मिलते जुलते भ्रामक नामों से सेवाएं देने का दावा कर रहे हैं। मध्यप्रदेश वन विभाग ने चेतावनी दी है कि ये वेबसाइट्स अनधिकृत हैं। इनसे बुकिंग कराने पर पर्यटकों को धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने कहा है कि पर्यटकों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी, सुरक्षित एवं वैधानिक सफारी बुकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
=================
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के 4,767 रिक्त पदों हेतु आवेदन आमंत्रित
एमपी ऑनलाइन चयन पोर्टल से 31 दिसंबर 2025 से होंगे आवेदन
मंदसौर 1 जनवरी 26 / महिला एवं बाल विकास द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों की बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं के पूर्णतः अस्थाई, मानदेय आधारित एवं मानसेवी रिक्त पदों की पूर्ति हेतु पात्र महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2025 (फेज-2) के अंतर्गत की जा रही है। इच्छुक एवं पात्र आवेदिकाएँ MP Online द्वारा विकसित “चयन पोर्टल” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 1,573 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं 3,194 आंगनवाड़ी सहायिका पद, इस प्रकार कुल 4,767 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें दिसंबर 2025 तक के रिक्त पदों के साथ-साथ जनवरी 2026 से जून 2026 तक संभावित रिक्तियाँ भी सम्मिलित हैं।
आवेदन की प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होकर 10 जनवरी 2026 तक चलेगी। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 12 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदनों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।
निर्देशानुसार आवेदिका का उसी ग्राम अथवा नगरीय वार्ड की निवासी होना अनिवार्य है, जहाँ रिक्त पद की पूर्ति की जानी है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पद हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी (12वीं उत्तीर्ण) निर्धारित की गई है। साथ ही 01 जनवरी 2025 की स्थिति में आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है।
आवेदन के समय समस्त आवश्यक प्रमाण पत्र PDF प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन शुल्क ₹100/- एवं 18 प्रतिशत जीएसटी निर्धारित किया गया है। आवेदिकाएँ स्वयं MP Online पोर्टल पर जाकर या अधिकृत कियोस्क के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
रिक्त पदों का परियोजना एवं आंगनवाड़ी केंद्रवार विवरण, भर्ती से संबंधित नियम, शर्तें, पात्रता एवं अन्य आवश्यक जानकारी चयन पोर्टल (https://chayan.mponline.gov.in) तथा विभागीय वेबसाइट mpwcdmis.gov.in पर उपलब्ध है। MP Online से संबंधित किसी भी तकनीकी समस्या के निराकरण हेतु हेल्पलाइन नंबर 0755-6720208 जारी किया गया है।
======================
अन्नदाता बनेंगे ऊर्जादाता
प्रदेश के 52 हजार किसानों के खेत अब लहलहाएंगे सोलर पंप से
मंदसौर 1 जनवरी 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों के हित में किये जा रहे अनेक कल्याणकारी कार्यों से प्रदेश में अन्न उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है। किसानों को खेती के लिये खाद बीज की सहज उपलब्धता के साथ सिंचाई के संसाधन भी उपलब्ध कराये जा रहे है। इसी दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में 52 हजार किसानों के खेत में सोलर पंप स्थापित करने की योजना प्रारंभ की गई है। सोलर पंप स्थापित हो जाने से अब प्रदेश का किसान अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता भी बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस अभिनव पहल के तहत 34 हजार 600 इकाइयों को लेटर ऑफ अवार्ड जारी कर 33 हजार कार्यदेश जारी किए जा चुके हैं। किसान के खेत में सोलर पम्प स्थापित होने से अब उन्हें विद्युत प्रदाय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ेगा। बिजली बिल पर व्यय होने वाली यह राशि अब उनके पास बचत के रूप में रहेगी। इसके अतिरिक्त सोलर पम्प से उत्पादित अतिरिक्त ऊर्जा को किसान सरकार को बेच कर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग द्वारा लगातार किसानों को सोलर प्रोजेक्ट लगाने के लिए विभिन्न योजनाओं में लाभ प्रदान कर सक्षम बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 52 हजार किसानों के खेतों में सोलर पम्प लगाने का अभिनव नवाचार किया है
प्रदेश में प्रधानमंत्री कुसुम (प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान) योजना के द्वारा किसानों के लिये ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। केन्द्र सरकार की इस योजना को प्रदेश में “प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना” के नाम से संचालित किया जा रहा है। इसमें (कुसुम-ब) कृषकों के यहां ऑफ ग्रिड सोलर पम्पों की स्थापना की जाती है। योजना में किसानों को 1 एच.पी. से 7.5 एच.पी. तक क्षमता के पम्प पर 90 प्रतिशत सब्सिडी (अनुदान) दिये जाने का प्रावधान किया गया है। इसमें सभी वर्ग को समान सब्सिडी (अनुदान) प्रदान की जाती है। योजनांतर्गत 1 से 7.5 हार्सपावर तक के सोलर पंप की बेंचमार्क लागत का 30 प्रतिशत अनुदान भारत सरकार द्वारा दिये जाने का प्रावधान है। सोलर पंप की वास्तविक लागत का लगभग 10 प्रतिशत कृषक अंशदान व लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा कृषक ऋण राशि के रूप में लिया जाने का प्रावधान किया गया है, जिसका ब्याज सहित भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
सोलर पंप के द्वारा निर्मित ऊर्जा के दैनिक उपयोग के बाद उत्पादित अतिरिक्त ऊर्जा के वैकल्पिक उपयोग के लिये भी किसानों को विकल्प दिया जा रहा है। इसका उपयोग नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार किया जा सकेगा। समान क्षमता के यू.एस.पी.सी. युक्त पंपों पर बिना यू.एस.पी.सी. (सामान्य कन्ट्रोलर) के सोलर पंप पर देय अनुदान ही लागू होगा। स्थापित सोलर पम्पों के, 5 वर्ष तक रख-रखाव की जिम्मेदारी, संबंधित स्थापनाकर्ता इकाई की है। योजना की विस्तृत जानकारी निगम की वेबसाईट cmsolarpump.mp.gov.in पर उपलब्ध है।
योजना में मंदसौर, नीमच, बैतूल,भिंड, सागर, शाजापुर, जबलपुर, अशोकनगर, भोपाल एवं सीहोर जिलों में कृषकों के यहाँ सोलर पम्पों की स्थापना का कार्य प्रारम्भ किया जा चुका है।
प्रमुख बिन्दु
प्रदेश में प्रधानमंत्री कुसुम-बी (प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान) योजना के द्वारा किसानों के लिये की जा रही ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित।
प्रदेश में प्रधानमंत्री कुसुम-बी योजना “प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना” के नाम से संचालित
किसानों को अन्नदाता के साथ ही ऊर्जा दाता बनाने की दिशा में कार्य जारी।
प्रदेश के 33 हजार किसान के खेतों में सोलर पंप स्थापना के लिए कार्यादेश जारी।
सोलर पंप स्थापना के लिए 34 हजार 600 लेटर ऑफ अवॉर्ड, इकाइयों को प्रदान किये गये।
52 हजार किसानों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य होगा पूर्ण।
किसानों को 1 एच.पी. से 7.5 एच.पी. तक क्षमता के पम्प पर 90 प्रतिशत सब्सिडी (अनुदान) दिये जाने का प्रावधान।
सभी वर्गों के लिये समान सब्सिडी (अनुदान) व्यवस्था।
योजना में 1 से 7.5 हॉर्स पॉवर तक के सोलर पंप की बेंचमार्क लागत का 30 प्रतिशत अनुदान भारत सरकार द्वारा।
सोलर पंप की वास्तविक लागत का लगभग 10 प्रतिशत कृषक अंशदान।
लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा कृषक ऋण राशि के रूप में, जिसका ब्याज सहित भुगतान राज्य सरकार द्वारा।
योजना में मंदसौर, नीमच, बैतूल,भिंड, सागर, शाजापुर, जबलपुर, अशोकनगर, भोपाल एवं सीहोर जिलों में कृषकों के यहाँ सोलर पम्पों की स्थापना का कार्य प्रारम्भ।
जानकारी निगम की वेबसाईट cmsolarpump.mp.gov.in पर उपलब्ध।
================
निर्मल स्वभाव एवं सरल चरित्र के धनी श्यामलाल धनोतिया हुए सेवानिवृत्त
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने सेवानिवृत्ति पर सम्मान कर दी विदाईमंदसौर। मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मंदसौर के नोडल अधिकारी तथा मार्केटिंग डेवलपमेंट असिस्टेंड योजना प्रभारी श्री श्यामलाल धनोतिया 40 वर्षों की शासकीय सेवा से आज सेवानिवृत्त हो गए है। विभाग आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता है। आपने शासन के निर्देशों का पालन किया और समय पर कार्य पूर्ण कर एक मिसाल पेश की जिसे हमारा विभाग कभी भूल नहीं सकता। खुशी इस बात की है कि आपने 40 साल इस विभाग को दिए और दुख इस बात का है कि आप आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
उक्त बात मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड कंबल केंद्र मंदसौर में वक्ताओं ने कही। अवसर था मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के नोडल अधिकारी श्री श्यामलाल धनोतिया के सेवानिवृत्ति का। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आप बडे ही निर्मल स्वभाव एवं सरल चरित्र के धनी है। आपका मुस्कराने वाला चेहरा हमें हरदम याद आएगा। जब भी आप किसी कार्य को हाथ में लेते थे उसे समय से पूर्व करवाते थे। आपका सेवाकाल बडा ही शानदार रहा। आपके पास कम्बल केंद्र के साथ-साथ नोडल अधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार था।
श्री श्यामलाल धनोतिया के सेवानिवृत्ति पर प्रबंधक श्री अजीत कुमार प्रजापति, सहायक प्रबंधक श्री ध्रुवसिंह गुर्जर, जिला प्रभारी श्री दिनेश रेकवार, कम्बल केंद्र कर्मचारी सर्वश्री राजेंद्र सिंह, कैलाश गायरी, राजेश तिवारी, मोहनलाल कुरवीय, जितेन्द्र शर्मा, जिला व्यापार उद्योग केन्द्र के श्री कुलाडे, श्री शिवनारायण, निरज उइके सहित समस्त स्टॉफ कर्मचारियों ने आपको शॉल श्रीफल भेंटकर साफा बांधकर सम्मानित करते हुए पुष्प मालाओं से भव्य स्वागत किया।
================



