मध्य प्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 22 जनवरी 2026 गुरुवार

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा ईश्वर नगर एवं लखनगढ़ में 18 लीटर मदिरा जब्त

जिला कलेक्टर  श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में तथा सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज  21 जनवरी को वृत्त रतलाम  के प्रभारी अधिकारी श्री सचिन भास्करे द्वारा वृत क्षेत्र ईश्वर नगर एवं लखनगढ़ में कार्यवाही की गई। इस दौरान शारदाबाई एवं लीलाबाई के कब्जे से कुल 18 लीटर शासन द्वारा प्रतिबंधित हाथ-भट्टी मदिरा जब्त की गई। जब्त की गई मदिरा की अनुमानित कीमत 3,600 रुपये आँकी गई है।

कार्यवाही में आबकारी आरक्षक श्री वरुण चौहान एवं सैनिक श्री चेतराम का सराहनीय योगदान रहा।

============

सर्पदंश से बचाव के संबंध में रतलाम जिले के 45 प्रतिभागी उज्जैन में ले रहे प्रशिक्षण

सर्प दंश से सुरक्षा परियोजना प्रशिक्षण अध्ययन एवं अनुसंधान कार्यक्रम का आयोजन उज्जैन जिले के नाग एनफोनमेंट पार्क में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 19 से 23 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा । प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न सांपों के प्रकार, उन्हें पकड़ने के उचित तरीके, सर्प दंश के दौरान प्रारंभिक उपचार और उन्हें उचित प्रकार से छोड़ने के तरीकों की कार्य आधारित तकनीको की जानकारी दी गई ।प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में श्री मुकेश इंगले ने बताया कि मानव सांप सह अस्तित्व को बढ़ावा देना, सांपों और उनके आवासों का संरक्षण करना साथ ही जागरूकता एवं क्षमता निर्माण के माध्यम से सर्पदंश से मृत्यु मुक्त भारत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान महाराष्ट्र के प्रशिक्षक श्री केदार भिड़े ने बताया कि सांप प्रकृति का अनुपम उपहार है अन्न के दुश्मन चूहों की 80 प्रतिशत आबादी को सांप नियंत्रित करते हैं, भारत जैसे कृषि प्रधान देश में सांप बड़े ही प्रभावी ढंग से चूहों की आबादी को रोकते हैं, क्योंकि केवल वे ही चूहों के बिल में भीतर तक घुसकर उनका सफाया करने में माहिर है, सांपों का धार्मिक और पौराणिक महत्व तो है ही, वह आर्थिक और वैज्ञानिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सांपों को बचाया जाए। चेन्नई के प्रशिक्षक श्री ज्ञानेश्वर जी ने बताया कि मध्य प्रदेश में मुख्य रूप से कोबरा, करैत, रसल वाइपर, सी स्केल्ड वाइपर ही विषैले सर्प है। मध्य प्रदेश में पाए जाने वाले शेष प्रकार के ज्यादातर सर्प विष विहीन होते है। सर्प काटने के प्रारंभिक उपचार के रूप में सर्प द्वारा काटे गये स्थान को  बांधना  नहीं चाहिए। सांप द्वारा काटे गये स्थान पर काटना नहीं चाहिए, उसे पर साबुन इत्यादि का बिल्कुल उपयोग नहीं करना चाहिए। झाड़ फूंक टोना टोटका करने में समय नष्ट नहीं करना चाहिए। तत्काल नजदीकी अस्पताल में ले जाकर एंटी स्नेक वेनम के इंजेक्शन लगवाना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि सांप के कान नहीं होते और सांप दूध नहीं पीता है। प्रशिक्षण में सांप का कार्य करने वाले, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी, वन विभाग के कर्मचारी, आपदा प्रबंधन के कर्मचारी, जिला जन अभियान परिषद के विभिन्न सदस्य ने सहभागिता की।

=============

गणतंत्र दिवस पर शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थलों पर होगी रोशनी की व्यवस्था

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी  के उपलक्ष्य में जिले के समस्त शासकीय भवनों एवं महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। यह व्यवस्था 25 एवं 26 जनवरी 2026 को रात्रि के समय सुनिश्चित की जाएगी।

===========

जिला आपदा प्राधिकरण द्वारा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

जिला आपदा प्राधिकरण रतलाम द्वारा जिला दंडाधिकारी श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित रूप से होने वाली आपदा संबंधी घटनाओं से बचाव एवं प्रभावी आपदा प्रबंधन हेतु अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव के नेतृत्व में संकट मोचन बल सेफ्टी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट द्वारा  आज 21 जनवरी को होटल समता सागर में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। संकट मोचन बल सेफ्टी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट मुंबई, महाराष्ट्र से आए हुए प्रशिक्षक, एसडी फनसालकर इंडियन नेवी, इमरान अहमद इंडियन नेवी, मैनेजर मनीष झा, ट्रेनिंग मेनेजर इच्छांशु वाजपेयी, सीनियर ट्रेनर देवीदास पाटील, श्री विनय पंगारे के द्वारा बाढ़ आपदा सुरक्षा, राहत एवं बचाव तकनीकों की जानकारी कार्यशाला में दी गई।

कार्यशाला के दौरान एसडीआरएफ ,होमगार्ड ,सिविल डिफेंस वौलंटियर, एनसीसी केडेडस उपस्थित थे जिन्हे आपदा से संबंधित कीट प्रदान की गई । बाढ़ आपदा बचाव कार्यशाला जिसमें बाढ़ की स्थिति पैदा होने पर उससे बचाव एवं बाढ़ में फंसे लोगा का रेस्क्यु किए जाने के विषय में प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न आपदाओं से राहत एवं बचाव का प्रशिक्षण  01 फरवरी तक दिया जाएगा। जिसमें जिले की विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आये सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव, जिला डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आपदा प्रबंधन श्रीमती रोशनी बिलवाल, प्लाटून कमांडर श्रीमती ज्योति बघेल, राजस्व निरीक्षक श्री मेहरबान सिंह, पीडब्ल्यूडी श्री तरूण मौर्य ,सीएमओ मनोज शर्मा, केसी डोडीयार एवं सिविल डिफेंस के 10 जवान एसडीआरएफ के 10 जवान, होमगार्ड विभाग के 10 जवान सिविल डिफेंस के 10 जवान, एनसीसी केडेड के 5 जवान उपस्थित थे। प्रशिक्षण के बाद प्रदर्शन कालिका माता मंदिर स्थित झाली वाला तालाब में सकुशल संपन्न हुआ।

===============

कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर, ग्राम पंचायतों में किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्रीमती नीलम सिंह चौहान ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 11 जनवरी से 11 फरवरी तक जिले मे कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। जिसमें कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे उद्यानिकी, पशुपालन, आत्मा, मत्स्य पालन आदि पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कायम कर नवीन एवं वैज्ञानिकी तकनीकी सुधार की जानकारी कृषकों को दी जा रही। आज 21 जनवरी को विकासखण्ड आलोट के ग्राम पंचायत भूतिया, मनुनिया, रणायरा, लसुडिया खेडी विकासखण्ड पिपलोदा के सुजापुर, जैठाना, आक्यादेह  विकासखण्ड जावरा के आसावती ,शंकरखेड़ी,मरमरिया विकासखण्ड सैलाना के बल्लीखेडा, लूणी, इंद्रावल खुर्द विकासखण्ड रतलाम के धराड, मांगरोल, अंबोदिया तथा विकासखण्ड बाजना के ठिकरिया, भोजपुरा, कुण्डल में  कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि क्षेत्रों का विस्तार, पराली न जलाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढावा देना, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था, के संबंध में कृषकों को  जानकारी  दी गई।

22 जनवरी को विकासखण्ड आलोट के ग्राम पंचायत जमुनिया शंकर, देवगढ, हिम्मतखेडी, मोरिया, विकासखण्ड पिपलोदा के राकोदा, धामेडी, नौलखा विकासखण्ड जावरा के लालाखेडा, भूतेडा, उपलई विकासखण्ड सैलाना के बडीखुर्द, मकोडिया रूण्डी विकासखण्ड रतलाम के इटावा माताजी, नगरा, सनावदा तथा विकासखण्ड बाजना के मानपुरा, झोली चंद्रगढ, कुंडल, बाजना एवं रायपाडा में रथ भ्रमण करेगा। किसान भाई इन पंचायतों में सम्मिलित होकर उक्त योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते है।

==========

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण

क्यूब रूट फाउंडेशन द्वारा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में सीएसआर एक्टिविटी के तहत 50 फूड बास्केट जिला क्षय अधिकारी डॉ. अभिषेक अरोरा को प्रदान किए गए।

टीबी मरीजों फूड बास्केट का वितरण कार्यक्रम  फीवर क्लिनिक जिला चिकित्सालय रतलाम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे, लेबड-जावरा राज्य मार्ग टोल प्लाजा-बिलपांक से श्री नवनीत रावल, जिला क्षय अधिकारी डॉ. अभिषेक अरोरा, कार्यक्रम समन्वयक श्री जय सिसौदया सहित क्षय नियंत्रण कार्यक्रम का स्टाफ उपस्थित था।

जिले में विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, जनप्रतिनिधि, जिला अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य दानदाता “नि-क्षय मित्र” बनकर टीबी मरीजों को फूड बास्केट के माध्यम से अतिरिक्त पोषण सहायता प्रदान कर रहे हैं। वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक लगभग 2228 फूड बास्केट टीबी मरीजों को प्रदान किए हैं।

==============

सफलता की कहानी आजीविका मिशन की सहायता से लखपति दीदी बनी-श्रीमती कृष्णा

कपासिया दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में होगी सम्मिलित

आजीविका मिशन अपने उद्देश्य के अनुरूप महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ग्रामीण महिलाएं आजीविका मिशन से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त होकर गांव, प्रदेश एवं देश में अपनी पहचान बना रही है। ऐसी ही कहानी रतलाम जिले के पिपलौदा विकासखण्ड के ग्राम कंसेर निवासी कृष्णा कपासिया की । जिन्होंने मजदूरी से जीवनयापन की शुरूआत की एवं आजीविका मिशन के स्वयं सहायता से जुड़कर लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बनाई। कृष्णा स्वयं तो सशक्त हुई, उन्होंने आसपास की महिलाओं को भी आर्थिक रूप से सशक्त किया। उनकी कहानी और संघर्ष को देखते हुए इस वर्ष दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में उन्हें विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का अवसर मिला है। इससे वे बहुत उत्साहित है एवं उन्होने इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद दिया। रतलाम जिले के ग्राम कंसेर तहसील पिपलौदा की निवासी श्रीमती कृष्णा कपासिया पति राकेश कपासिया ने बताया कि मेरे समूह का नाम ’आदर्श आजीविका स्वयं सहायता समूह’ है और मेरे ग्राम संगठन का नाम ’सरस्वती आजीविका ग्राम संगठन’ है। मेरे सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) का नाम ’प्रतिभा सीएलएफ संकुल स्तर संगठन कालूखेड़ा’ है। मैं 2019 में समूह से जुड़ी। उससे पहले मैं एक गृहिणी थी, घर का काम करती थी और लोगों के खेतों में मजदूरी करती थी। मेरी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर थी और हमें बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मेरे पति पेट्रोल पंप पर काम करते थे, जहाँ उन्हें सिर्फ 3000-4000 रुपये महीने के मिलते थे। समूह से जुड़ने के बाद, मुझे सीआईएफ (कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड) के माध्यम से 20,000 रुपये का ऋण मिला। जिससे मैंने पार्लर की दुकान खोली, जिसका काम मैंने पहले ही सीख रखा था। कॉस्मेटिक सामान भरा और उससे धीरे-धीरे मेरी आमदनी बढ़ने लगी, जिससे मेरी आर्थिक स्थिति में सुधार होने लगा। इसके बाद मुझे सीआरपी (कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन) का काम मिला। मैंने गाँव-गाँव जाकर समूह बनाए और लगभग 46 समूह में 500 महिलाओं को आजीविका मिशन से जोड़ा। फिर मेरा चयन ’बैंक सखी’ के रूप में हुआ। मैंने सेंट्रल बैंक कालूखेड़ा में 199 एसएचजी और 18 ग्राम संगठनों के खाते खुलवाए। मैंने 170 एसएचजी को 8 करोड़ रुपये का सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) लोन दिलवाया और 28 लाख रुपये का व्यक्तिगत लोन, मुद्रा लोन, उद्यमी लोन, लखपति दीदी लोन भी करवाया।

मेरी मेहनत को देखते हुए मुझे सेंट्रल बैंक का बीसी पॉइंट (कियोस्क आईडी) मिला। समूह से मिले सीसीएल लोन से कुछ राशि लेकर कियोस्क ऑनलाइन दुकान भी खोली और प्रिंटर आदि खरीदे। मैंने पति का पेट्रोल पंप का काम छुड़वाकर उन्हें घर पर ही ऑनलाइन दुकान में सहयोग के लिए लगा लिया। अब मेरे बीसी पॉइंट पर रोजाना 2 से 4 लाख रुपये का लेनदेन होता है। इसके बाद मैंने एक स्कूटी खरीदी, जिससे मैं गांव गांव जाकर बुर्जुग व्यक्ति एवं बीमार व्यक्ति जो बैंक नहीं जा सकते उन लोगों के घर जाकर सेवा प्रदान करती हूं। मेरी महीने की आमदनी 40 हजार रूपये तथा सालाना आय लगभग 4,80,000 रुपये तक है। पार्लर और कियोस्क से होने वाली आमदनी से मैंने अपना प्लॉट खरीदकर पक्का मकान भी बना लिया है। मैंने कभी साइकिल भी नहीं चलाई थी पर आज खुद की स्कूटी चलाती हूं। मेरे जीवन में यह परिवर्तन आजीविका मिशन की सहायता से हुआ है। इसलिए मैं आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं।

==========

पशुपालन एवं पशु कल्याण को लेकर 13 फरवरी तक चलेगा जागरूकता अभियान

पशुपालकों, किसानों, छात्र-छात्राओं को पशुपालन एवं डेयरी से संबंधित योजनाओं एवं पशु कल्याण के बारे में किया जाएगा जागरूक

भारत सरकार के निर्देशानुसार मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुपालकों, किसानों, छात्र-छात्राओं को पशुपालन एवं डेयरी से संबंधित योजनाओं एवं पशु कल्याण के बारे में जागरूक करने के लिए पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता गतिविधियों का आयोजन 21 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।

अभियान अंतर्गत पशु कल्याण, पशु चिकित्सा सेवाओं, उन्नत पशुपालन, डेयरी, बकरी एवं मुर्गी पालन से संबंधित योजनाओं के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा पशुपालन से संबंधित चलाई जा रही हितग्राही मूलक योजनाओं के बारे में पशुपालकों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए संगोष्ठियां, ऑनलाइन वेबिनार, युवा संवाद, गोशालाओं एवं पशु कल्याण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में विभागीय दलों द्वारा भ्रमण कर छात्र-छात्राओं को पशुपालन एवं पशु कल्याण की जानकारी दी जाएगी।

जिले एवं विकास खण्ड स्तर पर सभी वेट्स-पैरावेट्स, गौ सेवक-मैत्री कार्यकर्ता, कृषि विज्ञान केंद्र, राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम, दुग्ध संघों के अधिकारी/कर्मचारी, स्व सहायता समूहों के सदस्य एवं पशु-सखी के समन्वय से अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

मोबाइल वेटनरी यूनिट (MVU)  द्वारा ग्रामों एवं पंचायतों में भ्रमण कर पशु चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ पशुकल्याण, रोग रोकथाम, टीकाकरण तथा पशुपालन योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इस दौरान पेंपलेट वितरण एवं जन जागरूकता गतिविधियां भी संचालित होंगी।

=============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}