छात्र-छात्राओं द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई – श्रीमती गुर्जर

ग्रामोदय से अभ्युदय ग्राम विकास पखवाड़ा अंतर्गत विकासखंड स्तरीय ग्रामोत्सव का आयोजन हुआ
मंदसौर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मंदसौर के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की कक्षाओं के दौरान 12 जनवरी से 26 जनवरी तक आयोजित ग्राम विकास पखवाड़ा के अंतर्गत आज विकासखंड स्तरीय ग्रामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंदसौर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंसीलाल गुर्जर रहीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनजागरूकता एवं विकासात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। वर्तमान में चल रहे ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान एवं ग्राम विकास पखवाड़ा में युवाओं की सहभागिता अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मार्कशीट का वितरण किया गया। साथ ही छात्रों द्वारा बनाई गई रंगोली का अवलोकन भी किया गया। छात्रा पूर्णिमा सोनी द्वारा बनाई गई रंगोली की विशेष रूप से प्रशंसा की गई। कार्यक्रम में परामर्शदाता रूपदेव सिंह सिसोदिया, संदीप शर्मा, रघुवीर सिंह राठौड़, सृष्टि शर्मा, अनिल सुमन सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन रूपदेव सिंह सिसोदिया ने किया।



