रतलाममध्य प्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 12 जनवरी 2026 सोमवार

/////////////////////////

युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम होगा

स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन सभी विद्यालयों, महाविद्यालय, शैक्षणिक संस्थानों आदि स्थानों पर होगा। जिला स्तरीय आयोजन रतलाम के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जनवरी को प्रातः 9.00 बजे कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों का एकत्रीकरण एवं सूर्य नमस्कार हेतु पंक्तिबद्ध होंगे। प्रातः 9.20 बजे मुख्य अतिथि तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का आगमन होगा।  शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 9:30 से 10:15 बजे तक आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रगीत वंदे-मातरम, स्वामी विवेकानन्द का रिकार्डेड ऑडियो और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का प्रसारण होगा। इसके बाद रेडियों प्रसारण में दिए गए संकेतों के अनुसार सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया जायेगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी आकाशवाणी केन्द्रों से एक साथ प्रसारित किया जाएगा।

===========

नीति आयोग द्वारा ली गई रतलाम जिले के समग्र आर्थिक विकास एवं निवेश संभावनाओं पर महत्वपूर्ण बैठक

मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग द्वारा राज्य में क्षेत्रीय आर्थिक विकास (Regional Economic Development) को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से G-Hub (Growth Hub)पहल प्रारंभ की गई है। इस पहल के अंतर्गत भोपाल आर्थिक क्षेत्र(BER)  एवं इंदौर आर्थिक क्षेत्र(IER)को विकास के प्रमुख इंजन के रूप में विकसित करते हुए औद्योगिक, अवसंरचनात्मक, मानव संसाधन एवं संस्थागत क्षमताओं का समेकित आकलन कर दोनों क्षेत्रों के लिए इकनॉमिक प्लान तैयार किया जा रहा है।

इस संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय रतलाम में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की उपस्थिति में जिला स्तरीय बैठक में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विजन-2047 एवं दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर(DMIC) के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों को दृष्टिगत रखते हुए रतलाम जिले की विकास संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

’ग्रोथ हब फॉर सिटी रीजन की अवधारणा’

नीति आयोग भारत सरकार की इकोनोमिक सलाहकार  सुश्री एना रॉय ने बताया कि नीति आयोग द्वारा वर्ष 2023 में शहरी नियोजन हेतु “ग्रोथ हब फॉर सिटी रीजन” की नई अवधारणा प्रारंभ की गई है। वर्तमान में भोपाल एवं इंदौर मेट्रोपोलिटन रीजन की योजना तैयार की जा रही है, जिसमें रतलाम जिला इंदौर मेट्रोपोलिटन रीजन में  महत्वपूर्ण घटक हैं।

रतलाम जिले की औद्योगिक एवं निवेश संभावनाएं’  कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने बताया कि इंदौर ग्रोथ हब में रतलाम जिले को सम्मिलित किया गया है जिसमें रतलाम-नागदा एवं शाजापुर-देवास निवेश क्षेत्र आगामी औद्योगिक विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बैठक में संबंधित अधिकारियों से नीति आयोग के सदस्यों द्वारा चर्चा की गई। नवकरणीय ऊर्जा विण्ड एवं सौलर उर्जा की जिले में अपार संभावनाएं है। इसके लिए उद्योगो की उर्जा की आवश्यकताओं को देखते हुए आगामी 10 वर्षों के लिए योजना बनाई जाये। औद्योगिक क्षेत्र के लिए जिले में लेब, रिसर्च इंस्टीट्यूट  को आईआईटी से लिंक किया जाए। उद्योगों में ट्रीटमेंट प्लांट, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, एजुकेशन, अस्पताल, पुलिस स्टेशन, होटल, कामर्शियल इंटिग्रेटेड हाउसिंग की योजना को ध्यान में रख कर शहर के विकास के लिए योजना बनाई जाये। इण्डस्ट्रीयल एरिया सिटी से बाहर एकीकृत विकास के साथ विकसित किये जाये। इण्डस्ट्रीयल एरिया को फोकस करते है ट्रान्सपोर्ट के लिए रोड़, रेलवे एवं व्हीकल प्रस्तावित करें। आईटीआई में क्षेत्र में लगने वाले उद्योग की आवश्यकता के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाए ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करते ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो पाए।   हाउसिंग बोर्ड एवं रतलाम विकास प्राधिकरण आगामी 10 वर्षों के लिए शहर की आबादी की आवश्यकता के अनुसार आवास निर्माण का प्लान बनाये। उद्योगो में आपदा प्रबंधन सिस्टम एक्टिव एवं अपडेट करवाये।

’समन्वित विकास पर चर्चा’

बैठक में उद्योगों से संबंधित नियामक अड़चनों, भूमि उपलब्धता, पर्यावरणीय चुनौतियों एवं कौशल अंतर को दूर करने हेतु समन्वित प्रयासों पर चर्चा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर औद्योगिक विकास एवं जिले में अन्य विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यो को समन्वित करते हुए विकास की कार्य योजना नीति आयोग को भेजने के निर्देश दिए गये। बैठक में नीति आयोग के सहयोगी सदस्य श्री अरूर्णोदय, श्री अक्षत ठाकुर, श्री मृदूद कारिमी, श्री दीपक राना, सुश्री निहारिका गुप्ता, श्री सार्थक कुमार । प्रशासनिक अधिकारियों मे एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, कमिश्नर नगर निगम श्री अनिल भाना, पी. ओ डूडा  अरूण पाठक सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला योजना अधिकारी श्री बी. के. पाटीदार द्वारा सभी का स्वागत एवं आभार प्रदर्शन किया गया।

============

खेलो एम पी यूथ गेम्स के संबंध में बैठक संपन्न ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता 14 जनवरी से एवं जिला स्तरीय 20 जनवरी को

संचालनालय खेल और युवा कल्याण म.प्र भोपाल के निर्देशन में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में खेलो एमपी यूथ गेम्स के आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित 28 खेल संघों के अध्यक्ष व सचिव उपस्थित थे।

बैठक में बताया गया कि खेलो एम पी यूथ गेम्स का आयोजन ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर किया जाना है। खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर चयन स्पर्धा जिला एवं संभाग स्तर पर 28 खेलो का आयोजन किया जाएगा तथा 07 खेल के खिलाड़ी सीधे राज्य स्तर पर सहभागीता करेंगें।

बैठक में सभी खेलो के स्थान कहा-कहा आयोजित होने है निर्धारित किया गया है एवं ब्लॉक स्तरीय 14 से 19 जनवरी 2026 व जिला स्तरीय प्रतियोगिता रतलाम में 20 जनवरी 2026 को आयोजित कि जाएगी। उक्त बैठक में सभी खेल संघो के पदाधिकारीयों से चर्चा की गई व सभी के सुझाव व मार्गदर्शन में प्रतियोगिता आयोजित करने के दिशा निर्देश दिए गये।

आयोजन से संबंधित समस्त जानकारी जिला खेल अधिकारी रूचि शर्मा द्वारा दी गई। जिसमें खिलाडियो द्वारा अपना रजिस्ट्रेशन दिये गये लिंक https://gms.khelompyg25.com/registration-form पर व कार्यालय खेल और युवा कलयाण विभाग नेहरू स्टेडियम रतलाम पर करवा सकता है।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, खेल और युवा कल्याण विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

===========

कृषक कल्याण वर्ष 2026 का शुभारंभ 11 जनवरी से

प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। जिसमें कृषि एवं संबद्ध विभागों जैसे पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन की विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कर नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीक सुधार की जानकारी कृषकों तक पहुंचाने के उद्देश्‍य से शासन द्वारा प्रचार  रथ चलाने का निर्णय लिया गया है।  मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 11 जनवरी को कृषक कल्‍याण वर्ष 2026 का शुभारंभ भोपाल से कृषक रथ को हरी झण्‍डी दिखाकर किया जायेगा। तदोपरांत वृहद किसान सभा में कृषक कल्‍याण वर्ष – 2026 के शुभारंभ की घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्‍तर पर मण्‍डी समिति रतलाम में एवं जिले के समस्‍त विकासखण्‍ड मुख्‍यालयों पर किया जायेगा। साथ ही जिला मुख्यालय एवं समस्त विकासखंड मुख्‍यालयों में कृषक रथ कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों के द्वारा किया जायेगा। कृषक रथ प्रतिदिन 3 पंचायतों में भ्रमण करेगा।

===============

साप्ताहिक जन जागरूकता कार्यक्रम सर्किल जेल रतलाम में आयोजित

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की कार्ययोजना अनुसार प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष सुश्री नीना आशापुरे के मार्गदर्शन में श्री नीरज पवैया, सचिव एवं न्यायाधीश, जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री पूनम तिवारी द्वारा सर्किल जेल रतलाम में जेल प्रशासन एवं एल्कोहल अनानिम्स समूह के समन्वय से नालसा नई दिल्ली के तत्वाधान में राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी के अवसर पर डॉन योजना, 2015 और नालसा (नशीली दवाओं के दुरुपयोग के पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं और नशीली दवाओं के खतरे का उन्मूलन) योजना, 2015 के अंतर्गत 5 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक साप्ताहिक जन जागरूकता कार्यक्रम के क्रम में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।

उक्त शिविर में उपस्थित बंदियों को नशा न करने की अपील की गई क्योंकि नशा करने से व्यक्ति का जीवन व्यर्थ चला जाता है और सभी उपस्थितजन को बताया कि आप यहां पर किसी न किसी अपराध में अंदर आ तो गए हो लेकिन यहां से जाने के बाद ऐसा संकल्प लेना कि जीवन में कभी भी कोई ऐसी गलती न हो कि यहां दुबारा वापिस आना पड़ें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा जेल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष एवं अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। सभी बंदियों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में उनको बताया गया तथा सभी बंदियों से उनके अधिवक्ताओं एवं प्रकरणों की स्थिति अपील, जमानत एवं मुलाकात के बारे में भी पूछा गया। उनकी समस्याओं को सुना एवं समाधान भी बताए गए।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री लक्ष्मण सिंह भदौरिया, उप जेल अधीक्षक श्री बृजेश मकवाने, सर्किल जेल रतलाम, अल्कोहल एनॉनिमस समूह के सदस्यगण श्री नवीन, श्री मनीष, श्री राणा एवं  डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री डी. एस. पाटीदार, जेल तथा विधिक सहायता का स्टॉफ उपस्थित थे।

=========

उप स्वास्थ्य केंद्र सिमलावदा में प्रसव सेवाएं प्रारंभ होगी। रो टेशन आधार पर नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई।

रतलाम जिले के उप स्वास्थ्य केंद्र सिमलावदा को डिलीवरी प्वाइंट के रूप में चिन्हित किया गया था। किंतु विगत समय से नर्सिंग ऑफिसर के सभी पद रिक्त होने के कारण केंद्र पर प्रसव संबंधी सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने मामले में संज्ञान लेते हुए डिलीवरी प्वाइंट सिमलावदा पर प्रसव संबंधी व्यवस्थाएं प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया। प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर वर्षा कुरील द्वारा नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती अर्चना मैन्युअल , सुश्री दीपाली गुप्ता, सुश्री अनीता गुर्जर, सुश्री स्मिता गहलोत , सुश्री राधिका राठौर , सुश्री निहारिका पटेल, सुश्री भारती रावल की रोटेशन आधार पर 15 दिवस के लिए ड्यूटी लगाई गई है। 15 दिवस उपरांत पुनः रोटेशन आधार पर ड्यूटी लगाकर प्रसव संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में पृथक से निर्देश जारी किए जाएंगे।

============

वृद्ध आश्रम में वृद्ध जनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर डाइट चार्ट निर्धारित किया गया

प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव के निर्देशानुसार भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम द्वारा सेवा सप्ताह अंतर्गत शनिवार को विरिया खेड़ी स्थित वृद्ध आश्रम पर डॉक्टर योगेश पाटीदार चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभी वृद्ध जनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा रतलाम हॉस्पिटल में पदस्थ डाइटिशियन डॉक्टर शिफा खान द्वारा वृद्धजनों के वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सभी वृद्धजन का पृथक-पृथक डाइट चार्ट निर्धारित किया गया तथा डाइट चार्ट की सूची संस्था में जमा कर दी गई। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ गौरव बोरीवाल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

=========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}