गरोठ नगर परिषद का बड़ा फैसला: शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों के कार्यों को मिली मंजूरी

गरोठ नगर परिषद का बड़ा फैसला: शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों के कार्यों को मिली मंजूरी
गरोठ।नगर पंचायत परिषद के सभाकक्ष में 06 जनवरी 2026 मंगलवार को नपं अध्यक्ष राजेश सेठिया की अध्यक्षता में परिषद की साधारण बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर सर्वसम्मति और बहुमत से मुहर लगाई गई। बैठक में शहर की सड़कों और उद्यानों के कायाकल्प पर विशेष जोर दिया गया। हॉस्पिटल चौराहा से खडावदा रोड तक शेष सीसी रोड और डिवाइडर निर्माण के लिए न्यूनतम दरों को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही वार्ड 9 में अशोक बैरागी के मकान से बोलिया रोड तक, वाल्मीकि यात्री प्रतीक्षालय से गणेश मंदिर होते हुए प्रदीप मौर्य के मकान तक और दीपक रसाल के मकान से तीन सड़क तक नई सीसी रोड के निर्माण को मंजूरी मिली। शहर के आकर्षण को बढ़ाने के लिए महाराणा प्रताप उद्यान के विस्तारीकरण और आमजन की सुविधा हेतु अटल मांगलिक भवन के नवीनीकरण व विस्तार का निर्णय लिया गया। निकाय की आय बढ़ाने और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए परिषद ने सख्त और पारदर्शी कदम उठाए हैं। नवीन बस स्टैंड स्थित शेष 58 दुकानों और मटन मार्केट की दुकानों की ई-नीलामी करने का फैसला लिया गया। सर्वे क्रमांक 435 की लीज निरस्त कर उसे पुनः आवंटित करने की स्वीकृति बहुमत से दी गई। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर 500 रुपये प्रति वाहन जुर्माना लगाने का कड़ा निर्णय लिया गया है। विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वार्ड क्रमांक 1, 6, 9, 12 और 14 की विभिन्न गलियों को ‘मलिन बस्ती’ घोषित करने की स्वीकृति दी गई, जिससे यहाँ शासन की विशेष योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।एनएसकेएफडीसी से प्राप्त होने वाले ऋण के माध्यम से स्वच्छता शाखा के लिए नए वाहन और ई-चार्जिंग पॉइंट खरीदे जाएंगे। इसके लिए आगामी कार्यवाही हेतु अध्यक्ष और मुख्य नगरपालिका अधिकारी को अधिकृत किया गया है।
बैठक में नप उपाध्यक्ष महेश मालवीय, उपयंत्री राहुल गणावा सहित पार्षदगण श्रीमती सरोज शर्मा, राजू मगर, अर्जुन बागरी, श्रीमती रेखा पुरी गोस्वामी, सतीष गुजराती, श्रीमती पूजा कमलेश गुर्जर, राजेश चौधरी, श्रीमती हरियाबाई शंकरलाल ग्वाला, ललित चंदेल और श्रीमती संगीता ललित चंदेल उपस्थित रहे।
===========



