प्रयागराज में बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: सुरक्षा गार्ड भर्ती शिविरों का आगाज, प्रशिक्षण के बाद स्थायी नौकरी की गारंटी

प्रयागराज में बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: सुरक्षा गार्ड भर्ती शिविरों का आगाज, प्रशिक्षण के बाद स्थायी नौकरी की गारंटी
प्रयागराज, जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो रही है। कार्यालय जिला विकास अधिकारी, प्रयागराज द्वारा जारी पत्र संख्या 1936/विकास-जीसी/सुरक्षा प्रशिक्षण/2025 (दिनांक 5 अक्टूबर 2025) के अनुसार, सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक मुख्यालयों पर विशेष शिविर आयोजित करें। यह शिविर भारतीय सुरक्षा कौशल परिषद (नई दिल्ली) और एसआईएस इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षा कार्यों (सिक्योरिटी गार्ड) के लिए युवाओं का पंजीकरण, प्रशिक्षण और उसके बाद स्थायी रोजगार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगाया जाएगा।पत्र में उल्लेख है कि यह अनुरोध आर. जायसवाल, कमांडेंट, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, लखनऊ के पत्र संख्या 311-एसएससीआई एसआईएस (दिनांक 4 अक्टूबर 2025) पर आधारित है। खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विकास खंड की ग्राम पंचायतों में इच्छुक युवाओं को शिविर की जानकारी दें और आयोजन में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें। साथ ही, भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न होने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार प्राप्त हो सके।जिला प्रशासन के इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों बेरोजगार युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। शिविरों में पंजीकरण के बाद युवाओं को विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके समापन पर एसआईएस इंडिया लिमिटेड द्वारा स्थायी नौकरी का अवसर प्रदान किया जाएगा। इच्छुक युवा अपने नजदीकी ब्लॉक मुख्यालय या ग्राम पंचायत से संपर्क कर शिविर की तिथियों व विवरण प्राप्त कर सकते हैं।



