समाचार मध्यप्रदेश नीमच 04 दिसंबर 2025 गुरुवार

///////////////////////////////////
नीमच जिले में चायनीज मांझे के इस्तेमाल पर रहेगा पूर्णत: प्रतिबंध
डी.एम.श्री चंद्रा ने किया प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
नीमच 3 दिसम्बर 2025, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा नीमच जिले की राजस्व सीमा में नायलॉन या सिंथेटिक सामग्री से बने डोर चायनीज (मांझा) के निर्माण, विक्रय, भंडारण, खरीद और उपयोग पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। जिले में 14 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले मकर संक्रांति पर्व के दौरान जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।
आदेशानुसार चायनीज डोर, सिंथेटिक सामग्री या मांझा के विनिर्माण, विक्रय, भंडारण, खरीद एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया, कि इस आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत कठोर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश जारी होने की तिथि से 31 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।
उल्लैखनीय है,कि मीडिया व अन्य जनसामान्य द्वारा यह तथ्य ध्यान में लाया गया है, कि पतंगबाजी में उपयोग होने वाले चायना के धागे के उपयोग से पक्षियों व जनसामान्य को हानि पहुंच रही हैं। कई बार चायना के धागे से पतंग उड़ाते समय पक्षी इसमें उलझ कर, फंस जाते है और घायल हो जाते हैं एवं कई बार तो पक्षियों की मृत्यु तक हो जाती है। इस धागे से पतंगबाजी के दौरान रोड़ पर चलने वाले राहगीर भी कई बार घायल हो जाते है। चायना धागे की मजबूती इन हादसों का कारण है व इस धागे का उपयोग पतंगबाजी में किये जाने से पशु-पक्षियों व जनसामान्य के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। निकट भविष्य में मकर संक्रान्ति पर्व आने वाला है तथा इस त्यौहार पर बड़ी संख्या में पतंगबाजी की जाती है। इस प्रकार चायना के धागे का पतंगबाजी में उपयोग की गतिविधियों पर रोकथाम की दृष्टि से इसके उपयोग को प्रतिबंधित किया गया है।
अतः नीमच जिले की सीमा में चायना धागे का पतंगबाजी में उपयोग करने से कानून एवं व्यवस्था तथा स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की स्थिति को रोकने व आमजन के जान-माल को खतरा उत्पन्न होने की स्थिति को रोकने के लिए यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।
==============
विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगों के सामर्थ्य प्रदर्शन के लिए खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
जि.प.अध्यक्ष श्री चौहान, कलेक्टर श्री चंद्रा व न.पा.अध्यक्ष श्रीमती चौपड़ा ने किया झण्डी दिखाकर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ
नीमच 03 दिसम्बर 2025, विश्व दिव्यांग दिवस पर मंगलवार को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शा.बा.उ.मा.वि.क्र.2 नीमच के परिसर में किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जि.प.अध्यक्ष श्री सज्जनसिह चौहान, न.पा.अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खण्डेलवाल, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया।
तदपश्चात उप संचालक सामाजिक न्याय श्री पराग जैन, एसडीएम श्री संजीव साहू, सुश्री अभिलाषा शर्मा, डीईओ श्री एस.एम.मांगरिया, सुश्री खुमान कुंवर, श्री सुनील तिवारी आदि ने अतिथियों को तुलसी का पौधा भेटकर स्वागत किया। दिव्यांग सामाजिक सेवा संस्थान के कलाकरों ने संगीतमय मधुर भजनों का गायन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री चौहान, कलेक्टर श्री चंद्रा एवं अतिथियों ने हरी झण्डी दिखाकर दिव्यांगजनों के सामर्थ्य प्रदर्शन के लिए खेलकूल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि श्री आदित्य मालू, श्री हेमंत हरित, श्री नीलेश पाटीदार, श्री लोकेश चांगल, दिव्यांग संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, रेडक्रास कर्मचारी एवं बडी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित थे।
==============
खाद्य विभाग द्वारा मनासा की एक दुकान से दो घरेलु गैस सिलेण्डर जप्त
नीमच 3 दिसम्बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग नीमच के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मनासा श्री जितेन्द्र नागर द्वारा मेसर्स विजय रेस्टोरेंट रामपुरा नाका मनासा से दो नग घरेलू गैस सिलेण्डर का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर जप्त कर, संबंधितों के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.एन.दिवाकर ने बताया, कि जिले में होटलों, संस्थानों, रेस्टोरेंटो में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेण्डर का उपयोग तथा वाहनों में अवैध रूप से रिफलिंग किये जाने वालों के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्यवाही की जावेगी।
===000000=====
नीमच जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है उर्वरक – खाद की नहीं है कोई कमी
नीमच 3 दिसम्बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले के किसानों की सुविधा के लिए रबी 2025-26 में पर्याप्त मात्रा में विभिन्न प्रकार के उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जिले में रबी 2024-25 में 3 दिसम्बर की स्थिति में कुल 52737 मीट्रीक टन विभिन्न प्रकार की उर्वरक का वितरण किसानों को किया गया था। जबकि रबी 2025-26 में 3 दिसम्बर 2025 की स्थिति में कुल 41 हजार 323 मिट्रीक टन उर्वरक किसानों को विक्रय किया जा चुका है। रबी 25-26 में कुल 59 हजार 500 मीट्रीक टन की उर्वरक की मांग प्रस्तावित है। इसके विरूद्ध 3 दिसम्बर 2025 तक की स्थिति में जिले में कुल 54 हजार 843 मिट्रीक टन उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसमें से 41323 मिट्रीक टन जिले के किसानों को रबी 2025-26 में विक्रय किया जा चुका है। इसमें यूरिया 23224 मिट्रीक टन, डी.ए.पी.4725 मिट्रीक टन, एम.ओ.पी.966 मिट्रीक टन, एन.पी.के.एस.4088 मिट्रीक टन एवं एस.एस.पी.8320 मिट्रीक टन उर्वरक का विक्रय किया जा चुका है।
जिले में 3 दिसम्बर 2025 की स्थिति में कुल 13 हजार 520 मिट्रीक टन उर्वरक उपलब्ध है। इससे यूरिया 5547 मिट्रीक टन, डी.ए.पी. 1499 मिट्रीक टन, एम.ओ.पी.816 मिट्रीक टन, एन.पी.के.एस.1943 मिट्रीक टन एवं एस.एस.पी.3714 मिट्रीक टन उर्वरक वर्तमान में उपलब्ध है। उप संचालक कृषि नीमच से प्राप्त जानकारी के लिए रबी फसलों के लिए जिले में वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। साथ ही आगामी दिनों में नीमच में यूरिया और डी.ए.पी.की एक-एक रैंक जल्दी ही लगने वाली है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जिले में खाद की कोई कमी नहीं है।
उप संचालक कृषि श्री पी.सी.पटेल ने बुधवार को जावद में मार्केटिंग खाद गोदाम एवं विपणन संघ के खाद गोदामों का निरीक्षण कर उर्वरक की उपलब्धता का जायजा लिया और किसानों की उर्वरक की वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
=================
युवा शक्ति मिशन के तहत रावणरूण्डी में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर सम्पन्न
नीमच 03 दिसम्बर 2025, स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन के तहत बुधवार 03 दिसम्बर 2025 को शासकीय आयुर्वेद औषधालय नीमच सिटी द्वारा वार्ड नं. एक शिव नगर रावणरुन्डी में व शासकीय माध्यमिक विद्यालय रावणरुंडी में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमे कुल 58 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। इसमें डॉ.विवेक शर्मा, डॉ.हर्षवर्धन शर्मा, श्री हरीश दास बैरागी, श्री विनीत सोनी, श्री प्रमोद रेडार ने अपनी सेवाएं दी एवं आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने भी विशेष सहयोग किया।
==============
सर्पदंश से पीडित परिवार को 4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नीमच 03 दिसम्बर 2025, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड मनासा श्री किरण आंजना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत एक पीडित परिवार को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। एसडीएम मनासा द्वारा हतुनिया निवासी इन्द्रपाल पिता रमेशचंद्र की 22 जुलाई 2025 को कृषि कार्य करते समय जहरीले सांप के काटने से मृत्यु हो जाने पर मृतक के वारिश रमेशचंद्र पिता रामलाल को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। तहसीलदार रामपुरा द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर, अनुशंसा के लिए एसडीएम मनासा को प्रस्तुत किया गया था।
=============
मनासा में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर सम्पन्न- 39 रोगियों ने लिया लाभ
नीमच 03 दिसम्बर 2025, शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर वार्ड नंबर 5 आंगनवाड़ी केंद्र क्र. एक मनासा में आयोजित किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास,कास,प्रतिशाय, रक्त अल्पता, उच्च रक्तचाप,, मधुमेह आदि बीमारियों की जांच कर, निशुल्क औषधीय वितरित की गई। शिविर में कुल 39 रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
शिविर में डॉ.मदनलाल पाटीदार आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी द्वारा शिविर में अपनी सेवाएं दी गई। शिविर में श्रीमति सुशीला खिंचावत आयुर्वेद कंपाउंडर, श्रीमती हेमलता व्यास आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, श्रीमती अनीता रुद्रवाल आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, श्रीमति राधा उचवानीया आंगनवाड़ी सहायिका द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
================
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने की नीमच जिले के नवाचार हमारी आंगनवाडी अभियान की सराहना
नीमच 03 दिसम्बर 2025, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल मंत्रालय में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने जिला प्रशासन नीमच द्वारा किए गये नवाचार हमारी आंगनवाडी अभियान, कुपोषित बच्चों को न्यूट्री बास्केट, हेल्थ चेकअप, पोषण मित्र के माध्यम से देखभाल की सराहना की है।
”हमारी आंगनवाडी- पोषण भी, पढ़ाई भी”
नवाचार की अवधारणा– ”हमारी आंगनवाडी – पोषण भी पढ़ाई भी ” नीमच जिले में संचालित 1112 आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण केंद्र के रूप में ही नहीं, बल्कि शालापूर्व शिक्षा (Pre-school Education) के सशक्त माध्यम के रूप में विकसित करने के लिए “हमारी आंगनवाड़ी- पोषण भी, पढ़ाई भी” अभियान कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र को बाल विकास एवं शाला पूर्वशिक्षा का आदर्श केंद्र बनाने, पोषण और शिक्षा दोनों पहलुओं को समान प्राथमिकता देने, जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में आधारभूत संरचना सुधार, बच्चों के समग्र विकास और पोषण स्तर में सुधार लाने एवं महिलाओ और बच्चो के स्वास्थ्य एवं पोषण हेतु पुरुषो की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान में नीमच जिले में संचालित सभी 1112आंगनवाड़ी केन्द्रों को शामिल किया गया है।
इस अभियान के तहत 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं, हितग्राहियों के परिवार के पुरुष सदस्यों को लक्षित रखकर कार्य किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चोक, कुपोषण मुक्त करने, श्रेणी सुधार, प्रारंभिक संज्ञानात्मक, सामाजिक व भाषाई विकास करना, गर्भवतीमहिलाओ एवं धात्री माताओ के पोषण व स्वास्थ्य में सुधार तथा बच्चो के प्रारंभिक पालन-पोषण से सम्बंधित जागरूकता लाने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका में शिक्षण क्षमता व कार्य कुशलता में वृद्धि लाने और जिले की सभी 1112 आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त एवं उन्नत बनाने की विशेष पहल की जा रही है।
नवाचार क्रियान्वयन हेतु विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण- मिशन नींव के अंतर्गत रॉकेट लर्निंग संस्था के सहयोग से जिले की सभी आंगनवाड़ीकार्यकर्ताओं का सेक्टरवार ईसीसीई (अर्ली चाईल्डहूड एवं एज्यूकेशन) प्रशिक्षण आयोजन दिया जा रहा है।
प्रत्येक कार्यकर्ता की रिपोर्टिंग एवं रैंकिंग प्रणाली लागू की गई है, जिससे उनमें उत्साह, प्रतिस्पर्धा एवं नवाचार की भावना विकसित हो रही है। जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों,सामाजिक संस्थाओं एवं प्रबुद्धजनों के सहयोग सेअपेक्षित लक्ष्य प्राप्ति के प्रयास किए जा रहे है।
जिले में वर्तमान में 616 आंगनवाडी केंद्र, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारीयों द्वारा गोद लिए जा चुके है। बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करने हेतु जन समुदाय के सहयोग से वर्तमान में 450 न्यूट्रीबास्केट वितरित किये जा चुके है। जिले की सभी 1112 आंगनवाडी केन्द्रों पर पुरुष पोषण मित्रोके सहयोग से बच्चो की स्वास्थ्य जाँच तथा कुपोषण मुक्त नीमच के लिए विशेष सहयोग लिया जा रहा है।
प्रशिक्षण- निपसीड संस्था द्वारा प्रशिक्षित किये गए मास्टर ट्रेनर्स एवं मिशन नींव के अंतर्गत रॉकेट लर्निंग संस्था के सहयोग से जिले की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सेक्टरवार पोषण भी पढाई भी एवं ECCE (अर्ली चाईल्डहूड केयर एण्ड एज्यूकेश) प्रशिक्षण आयोजित।
(निगरानी एवं मूल्यांकन(Monitoring& Evaluation- कार्य की निरंतरता, पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने विस्तृत निगरानी तंत्र स्थापित किया गया है।
कलेक्टर की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठके आयोजित की जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा पाक्षिक समीक्षा, जिला स्तरीय मूल्यांकन टीम द्वारा प्रमुख सूचकांकों (Indicators) पर रैंकिंग निर्धारित की जा रही है। समर्पित जिला स्तरीय टीम द्वारा प्रगति का फोटोग्राफिक एवं भौतिक निरीक्षण के माध्यम से संकलन किया जा रहा है। परियोजना अधिकारी द्वारा त्रैमासिक समीक्षा बैठकें एवं फील्ड विजिट की जा रही है। सेक्टर पर्यवेक्षक (Supervisor) द्वारा मासिक निरीक्षण कर, फीडबैक लिया जा रहा है।
नवाचार से प्राप्त परिणाम- इस नवाचार के बेहतर परिणाम मिल रहे है। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का रूपांतरण पोषण शिक्षा आधारित मॉडल के रूप में हो रहा है। प्रारंभिक बाल शिक्षा (अर्ली चाईल्डहूड केयर एण्ड एज्यूकेशन) में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कुपोषण दर में कमी और बच्चों के संज्ञानात्मक विकास में वृद्धि हो रही है। कार्यकर्ताओं में प्रतिस्पर्धा, नवाचार और कार्य के प्रति समर्पण की भावना जागृत हुई है। समुदाय की भागीदारी से आंगनवाड़ी केंद्रों का सतत विकास हो रहा है।
==================
अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना खाद्य पंजीयन के खाद्य कारोबार करने पर एक लाख रूपये का जुर्माना
नीमच 3 दिसम्बर 2025, खाद्य सुरक्षा नीमच की टीम द्वारा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के निराकरण हेतु 14 जुलाई 2025 को मूलचंद मार्ग नीमच स्थित होटल यादगार का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा और मानव अधिनियम 2006 के अंतर्गत किया गया। निरीक्षण के समय मौके पर फर्म के मालिक मोहम्मद आरिफ पिता अब्दुल गनी उपस्थित पाए गए। मौके पर मानव उपभोग के लिए विक्रय हेतु खाद्य पदार्थ चिकन नॉनवेज सब्जी आदि का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में विक्रय, भंडारण होते पाया गया । फर्म के मालिक के पास वेध खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया । खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण कर निरीक्षण प्रतिवेदन तैयार किया गया । खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी द्वारा प्रकरण विवेचना उपरांत अभियोजन स्वीकृति प्राप्त कर प्रकरण खाद्य सुरक्षा और मानव अधिनियम 2006 के अंतर्गत न्यायालय न्याय निर्णयन अधिकारी एवं अतिरिक्त दंडाधिकारी नीमच के समक्ष प्रस्तुत किया गया । प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी मोहम्मद आरिफ पिता अब्दुल गनी मालिक होटल यादगार मूलचंद मार्ग नीमच पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 की धाराओं के अंतर्गत एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्यवाही श्री राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा द्वारा की गई थी। यह जानकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी ने दी है।
========
विकासखण्ड स्तरीय गणित एवं विज्ञान विषय के ओलम्पियाड आयोजन
नीमच 3 दिसम्बर 2025, समग्र शिक्षा अभियान (सेकेण्डरी ऐजुकेशन) अन्तर्गत लोक शिक्षण संचालनालय म.प्र. भोपाल द्वारा जारी निर्देश के क्रम में जिला अंतर्गत समस्त शासकीय हाईस्कूल एवुं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 10वीं में अध्यापन कराने वाले गणित, विज्ञान के ओलम्पियाड में भाग लेने हेतु पंजीयन किया गया था उन विद्यार्थियों की विकासखण्ड स्तरीय परीक्षा 7 दिसम्बर 2025 दिन रविवार को प्रातः 11 से एक बजे तक विज्ञान विषय की एवं 2 से 4 तक गणित विषय की परीक्षा आयोजित की जावेगी। कोई भी विद्यार्थी दोनों ही परीक्षाओं में भाग ले सकता है। इस परीक्षा से संबंधित पश्नपत्र, विद्यार्थियों के रोलनम्बर, परीक्षा केन्द्र आदि की जानकारी म.प्र. राज्य ओपन स्कूल द्वारा आपको पृथक से भेजी जा रही है। विकासखण्ड स्तरीय परीक्षा का परिणाम 18 दिसम्बर 2025 के पूर्व घोषित कर दिया जावगा। इसमें उत्तीर्ण विद्यार्थी संभाग स्तरीय ओपम्पियाड 21 दिसम्बर 2025 में भाग लेगें।
=============
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा
बच्चों और महिलाओं के पोषण व स्वास्थ्य तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की पूर्णत: ऑनलाइन पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू करने में देश का पहला राज्य बना मध्यप्रदेश
कुपोषण निवारण में झाबुआ जिले के “मोटी आई”नवाचार की सराहना की गई
नीमच, 03 दिसम्बर 2025, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियां बच्चों और महिलाओं के पोषण व स्वस्थ सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित हैं। अधिक से अधिक लोगों तक विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों का सुगमता पूर्वक लाभ पहुंचाने के लिए सुशासन की भावना के अनुसार पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए गतिविधियों का संचालन किया जाए। कार्यक्रम क्रियान्वयन के अनुवीक्षण में आईटी का अधिक से अधिक उपयोग करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभागीय अधिकारियों को बच्चों और महिलाओं के पोषण व स्वास्थ्य के लिए स्कूल शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग तथा महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए कौशल उन्नयन व रोजगार की दृष्टि से तकनीकी शिक्षा तथा उद्योग विभाग से बेहतर समन्वय कर गतिविधियां संचालित करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए। मंत्रालय में हुई बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में विभाग की दो वर्ष की उपलब्धियों और नवाचारों का प्रेजेंटेशन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी वर्षों की कार्य योजना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रदेश की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। विभाग यह सुनिश्चित करे कि किसी भी चरण पर लाड़ली लक्ष्मी बेटियों का ड्रॉप आउट न हो। ड्रॉपआउट होने वाली बालिकाओं पर सख़्त निगरानी रखी जाए और तुरंत कारणों का निराकरण कर उन्हें योजना में पुनः जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पारदर्शिता, समयबद्धता और लाभार्थी-केंद्रित व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला स्तर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से समन्वय कर आंगनवाड़ियों की बाउण्ड्रीवॉल बनवाने के संबंध में निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में महिला बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जानकारी देते हुए कहा कि पीएम जनमन योजना अंतर्गत भवनों की डिज़ाइन एवं ऑनलाइन मॉनिटरिंग मॉड्यूल को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। इसी योजना में प्रदेश को सर्वाधिक 704 आंगनवाड़ी भवनों की स्वीकृति मिली है, जिनमें निर्माण प्रगति देश में सर्वोच्च है। उन्होंने बताया कि कुपोषण निवारण में झाबुआ जिले के “मोटी आई” नवाचार को देश के सर्वोच्च सम्मान प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
विभाग की दो वर्ष की उपलब्धियों:- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की पूर्णत: ऑनलाइन पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू करने में मध्यप्रदेश, देश का पहला राज्य बना। टेक होम राशन की एफआरएस प्रक्रिया में मध्यप्रदेश प्रथम। राष्ट्रीय स्तर पर हुई सराहना। स्पॉन्सरशिप योजना में 20,243 बच्चों को लाभ। प्रदेश, देश में दूसरे स्थान पर रहा। भवन निर्माण की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूल विकसित किया गया। उपस्थिति के लिए 20 मीटर जियो-फेंसिंग व्यवस्था डिजिटल पारदर्शिता की मिसाल बनी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 9.70 लाख गर्भवती महिलाओं को 512 करोड़ रूपए से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई। लाड़ली बहना योजना में जनवरी 2024 से नवंबर 2025 तक 36 हजार 778 करोड़ रूपए का अंतरण कि किया गया। 1 लाख 72 हजार महिलाओं को महिला हेल्पलाइन से सहायता प्रदान की गई। वन स्टॉप सेन्टर्स द्वारा 52,095 महिलाओं को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत 6,520 ड्राइविंग लाइसेंस और 8,637 बालिकाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों का बड़े पैमाने पर उन्नयन करते हुए 12 हजार 670 केंद्र ‘सक्षम आंगनवाड़ी’घोषित किए गए।
जिलों में हुए नवाचार :- कुपोषण निवारण में झाबुआ जिले के “मोटी आई”नवाचार की सराहना की गई। साथ ही डिण्डौरी, अशोकनगर, देवास, नीमच, दतिया में हुए विभिन्न नवाचरों को प्रोत्साहित किया गया। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने जिलों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की प्रभावशीलता का अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान से वैज्ञानिक आधार पर अध्ययन कराने और उनकी उपयुक्तता के आधार पर अन्य जिलों में क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
आगामी 3 वर्ष की कार्य योजना के अंतर्गत निम्न बिन्दुओं पर हुआ विचार-विमर्श
मध्यप्रदेश में सेंट्रल किचन से शहरी आंगनवाड़ियों में गर्म भोजन की व्यवस्था 2026 से लागू की जाएगी। विजन 2047 अनुरूप शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता वृद्धि के लिए वर्क बुक और विकास कार्ड की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 34 लाख से अधिक बालिकाओं को छात्रवृत्ति/प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। आंगनवाड़ी भवन निर्माण के मेगा प्लान के अंतर्गत अगले तीन वर्षों में 9,000 नए भवन बनाए जाएंगे। हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमन योजना के अंतर्गत जेंडर, सुरक्षा व कानूनी सहायता के संबंध में बड़े पैमाने जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। बेटो बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शाला त्यागी बालिकाओं को स्कूल शिक्षा पूर्ण कराने, बालिकाओं के कौशल प्रशिक्षण, आत्मरक्षा व ड्राइविंग लायसेंस उपलब्ध कराने के लिए गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
=============



