समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 27 नवंबर 2025 गुरुवार

///////////////////////////////
मल्हारगढ़ में 27 को रोजगार मेले का आयोजन
मल्हारगढ़। स्थानीय क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय मन्दसौर के द्वार अपेक्स कम्पुटर इंस्टिट्यूट मल्हारगढ़ 27 नवम्बर को प्रातः 11 बजे एक विशाल रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।
मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी, जिनमें एसआईएस सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड, बजाज कैपिटल मंदसौर, शुभम सोलर पावर सॉल्यूशन, श्रीकाका जी ऑटोमोबाइल्स महिंद्रा नीमच, एच डी बी फाइनेंशियल सर्विस लिमिटेड मंदसौर, सुख सुविधा फाइनेंस मंदसौर, आई के एसोसिएट्स मल्हारगढ़, एस भाना एसोसिएट मल्हारगढ़ एवं स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठान, हॉस्पिटल, स्मॉल इंडस्टरीज, शोरूम आदि शामिल हैं।
कंपनियों द्वारा युवाओं की योग्यता एवं कौशल के अनुसार विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।आयोजक संस्था के अनुसार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई डिप्लोमा एवं स्नातक धारक युवक-युवतियाँ भाग ले सकेंगे।
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, फोटो, पहचान पत्र एवं शैक्षणिक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है।रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को एक ही स्थान पर अनेक रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि स्थानीय स्तरों पर रोजगार सृजन का सपना पूरा हो सके।आयोजक समिति ने अधिक से अधिक युवाओं से अपील की है कि वे रोजगार मेले में उपस्थित होकर इस सुअवसर का लाभ उठाएँ।
===========
पुलिस द्वारा अमजद पर कसा शिकंजा, एक और एफआईआर दर्ज
बसई। धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने अमजद पर एक और एफआईआर दर्ज की। थाना सुवासरा पर फरियादी रमेश पिता हीरालाल अहिरवार निवासी बसई की रिपोर्ट पर अमजद पिता नूर मोहम्मद ख़ान निवासी सुवासरा पर प्लॉट की रजिस्ट्री में धोखा धड़ी करने और अडीबाज़ी करने के संबंध में धारा 420 आईपीसी एवं 119(1), 296,115(2), 351(3) बी एन एस एक्ट 3(1)द, 3(1)घ, 3(2)(वीए) एससी एसटी एक्ट अंतर्गत अपराध क़ायम किया है।
==============
संविधान दिवस पर सुशासन भवन में उद्देशिका का हुआ सामूहिक वाचन ,अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
मंदसौर 26 नवंबर 25/ संविधान दिवस के अवसर पर सुशासन भवन स्थित सभागृह में प्रातः 11 बजे संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को जीवन में उतारने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रभारी डिप्टी कलेक्टर श्रीमती देव कुंवर सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने संविधान में निहित आदर्शों और कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
==========
गौरव गिरवाल स्मृति 6-साइडर फुटबॉल टूर्नामेंट 28 से
मन्दसौर। जिला फुटबॉल संघ, मंदसौर दिवंगत फुटबॉल खिलाड़ी स्व. गौरव गिरवाल की स्मृति में उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक 3 दिवसीय 6-साइडर फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन करने जा रहा है। यह आयोजन दिनांक 28 से 30 नवंबर तक नूतन फुटबॉल परिसर, मंदसौर में आयोजित किया जाएगा। इस फुटबॉल टूर्नामेंट में मंदसौर नगर की 6 से 8 टीमें हिस्सा लेंगी। जिनके बीच 28 और 29 नवंबर को लीग मुकाबले खेले जाएंगे। सभी टीमों के बीच लीग मुकाबले समाप्त होने के बाद 30 नवंबर रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सभी मैचों के टाइमिंग और शेड्यूल के लिए सभी टीमों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। सभी प्रतिनिधियों को मैच के नियम और टाइमिंग के विषय में बैठक में सूचित कर दिया जाएगा, ताकि टूर्नामेंट के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी दी जाएगी और इसके अतिरिक्त मैनऑफ द सीरीज की ट्रॉफी टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्रदान की जाएगी। ऐसा निर्णय संघ के बैठक में लिया गया। बैठक में जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष श्री बाबू गुर्जर, सचिव श्री विपिन शर्मा, उपाध्यक्ष श्री ईश्वर सिंह चौहान, सहसचिव श्री गोरधन सिंह चौहान, मुजम्मिल काजी, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, अंशुल शर्मा, अक्षय उपाध्याय, प्रतीक रोखले, निमिष दुग्गड़, राजेश चौहान, गोपाल तनान, दीपक शर्मा आदि सदस्य उपस्थित थे।
======
मंदसौर जिले विशेष गहन पुनरीक्षण का 85.88 प्रतिशत कार्य पूर्ण
जिले में 1136 में से 237 मतदान केंद्रों का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण
613 मतदान केंद्रों पर 80% से अधिक प्रगति दर्ज
मंदसौर 26 नवंबर 25 / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अदिति गर्ग के निर्देशन में जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। नवीनतम समीक्षा के अनुसार मंदसौर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का 85.88 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया है। जिले के 1136 मतदान केंद्रों में से 237 केंद्रों का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। वहीं 613 मतदान केंद्रों पर 80 प्रतिशत से अधिक कार्य संपन्न हो चुका है, जो जिले में तेजी से चल रही कार्यप्रणाली को दर्शाता है। बीएलओ एवं सहयोगी अमला निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सक्रियता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।
कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग द्वारा पुनरीक्षण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर संपूर्ण कार्य पूर्ण किया जा सके। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में प्रगति कर रहे मतदान केंद्र यह प्रमाण हैं कि फील्ड अमला दक्षता और तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। साथ ही डिजिटलीकरण की प्रक्रिया भी समान गति से जारी है। इस सकारात्मक प्रगति से जिले में निर्वाचन संबंधी कार्यों को समय पर पूर्ण करने का लक्ष्य और सुदृढ़ हुआ है।
========
दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं ने फांसी लगाकर कि आत्महत्या
मंदसौर। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर आत्महत्या करने कि घटना सामने आई जिसमें मल्हारगढ़ के पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र टीलाखेड़ा में बुधवार दोपहर एक नवविवाहिता महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सलोनी पति पीयूष माली उम्र 22 वर्ष ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही मल्हारगढ़ एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी, थाना प्रभारी संदीप मंगोलिया, और चौकी प्रभारी भीम सिंह राठौड़ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल मंदसौर भेजा है। आत्महत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पिपलियामंडी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वहीं सीतामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलारा में महिला ने फांसी लेकर अपनी जीवन लीला समाप्त की जानकारी अनुसार नायक समाज की बताई जा रही हे फिलहाल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पीएम के लिए ले जाया गया।
========
संविधान दिवस पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालागंज, मंदसौर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ
मंदसौर 26 नवंबर 25 / प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंदसौर श्री अनीष कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालागंज, मंदसौर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन सम्पन्न हुआ। उक्त शिविर को न्यायाधीश एवं सचिव श्री सुधीर सिंह निगवाल, न्यायाधीश श्रीमती रूची पटेरिया अरोरा द्वारा सम्बोधित किया गया।
न्यायाधीश श्री सुधीर सिंह निगवाल ने अपने उद्बोधन में शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों को संविधान दिवस की शुभकामनाये देते हुये अपने सम्बोधन में इस बात जोर दिया कि कानून की जानकारी आखीर क्यू आवश्यक होती है। उन्होने व्यक्त किया कि एक व्यक्ति को अपने जीवन में घर से निकलते ही तथा घर पहुंचने तक कानूनी नियमों का पालन करना होता है। नियमों की अनभिज्ञता से व्यक्ति कभी भी किसी कानूनी समस्या में पड़ सकता है। श्री निगवाल नें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह की उपलब्धता, निःशुल्क विधिक सहायता हेल्प नंबर 15100 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
न्यायाधीश श्रीमती रूची पटेरिया अरोरा ने उपस्थित छात्राओं को अपने सहज सम्बोधन में संवैधानिक अधिकार, विशेषकर समता के अधिकार के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुये कहा कि संविधान लैंगिक भेदभाव वर्जित करता है, लड़कियों को भी लड़कों के समान अधिकार होते है। उन्होंने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों से भी उपस्थित छात्राओं को अवगत कराते हुये लैंगिक अपराधों के परीप्रेक्ष्य में व्यक्त किया कि यदि किसी व्यक्ति का व्यवहार जो उन्हें असहज लेगे, तो चुप नहीं रहना चाहिये। तुरंत अपने पेरेन्ट्स को, टीचर को, या जिन पर वह विश्वास करे, उन्हें बता देना चाहिये।प्रारंभिक उद्बोधन, संचालन एवं आभार विद्यालय के प्राचार्य श्री सुदीप दास द्वारा किया गया।इस अवसर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्रायें उपस्थित रहीं।
=============
डेयरी विकास के साथ दुग्ध उत्पादन को बढ़ाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पशु चिकित्सा सेवाओं का किया जाए विस्तार
1000 नई समितियां बनीं, 585 समितियों को बनाया गया गतिशील
700 पदों पर नियुक्ति की कार्यवाही अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशुपालन और डेयरी विभाग की समीक्षा की
मंदसौर 26 नवंबर 25 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में गोपालन को बढ़ावा देने के कार्य निरंतर संचालित किए जाएं। दुग्ध सहकारी समितियों की संख्या में निरंतर वृद्धि होना चाहिए। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन दोगुना करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पशुपालन और डेयरी विभाग सभी कार्य सुनिश्चित करें। गत दो वर्ष में डेयरी विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी अर्जित हुई हैं। इन्हें निरंतर कायम रखा जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी श्री उमाकांत उमराव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में एक वर्ष में करीब 1000 नई दुग्ध सहकारी समितियां गठित की गई हैं। साथ ही 585 निष्क्रिय समितियों को गतिशील बनाया गया है।
पशु चिकित्सा कार्य को दें प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पशु चिकित्सा एक महत्वपूर्ण आयाम है, इसकी अवहेलना नहीं होना चाहिए। पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तार आवश्यक है। राज्य के पशुधन के मान से चिकित्सक और सेवा भावी स्टॉफ की व्यवस्था से युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में वर्तमान में कार्यरत पशु चिकित्सालयों और पशु औषधालयों की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि प्रदेश में 1065 पशु चिकित्सालय स्थापित हैं।
700 पदों पर नियुक्ति शीघ्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिक्त पदों की पूर्ति शीघ्र करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि लोकसेवा आयोग द्वारा शीघ्र ही 200 पशु चिकित्सकों के चयन की कार्यवाही पूर्ण की जा रही है। इसी तरह कर्मचारी चयन मंडल ने 500 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के पदों की पूर्ति के लिए परिणाम घोषित किए हैं। इनकी पदस्थापना भी शीघ्र हो जाएगी। आगामी वर्ष 735 पशु चिकित्सालय स्थापित करने की प्रक्रिया भी संचालित है। बताया गया कि प्रदेश में गौशालाओं को प्रति गाय 20 रुपए के स्थान पर 40 रुपए राशि दी जा रही है। प्रदेश में दुग्ध संघों द्वारा पशुपालकों से खरीदे गए दूध पर प्रति लीटर ढाई रुपए से लेकर साढ़े आठ रुपए तक वृद्धि की गई है।
दुग्ध उत्पादकों को दूध के मूल्य के नियमित और समय पर भुगतान के लिए समय- सीमा निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि गाय के दूध से निर्मित घी, गौ काष्ठ और गौ मूत्र जैसे पदार्थों के विक्रय की बेहतर व्यवस्था बनाई जाए।
सहकार्यता अनुबंध के बाद बनी मैनेजमेंट कमेटी
बैठक में जानकारी दी गई कि गत 13 अप्रैल 2025 को मध्यप्रदेश शासन, एमपी स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन, संबंद्ध दुग्ध संघों और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के बीच सहकार्यता अनुबंध हुआ है। इसके परिपालन में दुग्ध संघों में मैनेजमेंट कमेटी का गठन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित स्टीयरिंग कमेटी में डेयरी डेवलपमेंट प्लान शीघ्र प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय पशुधन मिशन उद्यमिता विकास कार्यक्रम में मध्यप्रदेश तृतीय स्थान पर रहा है। इसी तरह पशुपालन से जुड़े किसानों को क्रेडिट कार्ड प्रदान करने के कार्य में भी मध्यप्रदेश देश में तृतीय स्थान पर है।
बैठक में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, चलित पशु चिकित्सा इकाइयों के दायित्वों, आर्चा विद्यासागर गौ संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, टीकाकरण कार्य, हिरण्यगर्भा अभियान, दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान, क्षीर धारा ग्राम योजना स्वावलंबी योजना और कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता पुरस्कार योजना के संबंध में चर्चा हुई।
===============
मध्यप्रदेश ने एसआईआर में हासिल की बड़ी उपलब्धि, राज्यों में तीसरे स्थान पर पहुंचा
समन्वित प्रयास और सतत संवाद से पुनरीक्षण कार्य में आई उल्लेखनीय तेजी
मंदसौर 26 नवंबर 25 / भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में देशभर के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में मध्यप्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) मध्यप्रदेश श्री संजीव कुमार झा के नेतृत्व में प्रदेश ने 72.72 प्रतिशत कार्य पूरा कर अब तक के आंकड़ों में देश में10 बड़े राज्यों में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
प्रदेश में कुल 5 करोड़ 74 लाख 6 हजार 143 गणना पत्रकों में से 4 करोड़ 18 लाख से अधिक पत्रकों का डिजिटाइजेशन सफलता पूर्वक पूरा किया गया है। यह उपलब्धि तकनीकी दक्षता, टीमवर्क और जिला स्तर तक सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है।
सीईओ श्री संजीव कुमार झा ने इस प्रगति पर कहा कि प्रदेश में एस आई आर अभियान को समय सीमा में पूरा करने के लिए निरंतर समन्वित प्रयास जारी हैं,परिणामत: प्रदेश इस स्थान पर पहुंच पाया है। मध्यप्रदेश में चल रहे एसआईआर कार्य को आम नागरिकों के लिए अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न जिलों में शिविर, ऑनलाइन सुविधा और बूथ स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयास और अधिक तेज किए जाएंगे।
=============
एक दिसम्बर को प्रदेश में होगा गीता जयंती का भव्य आयोजन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
9 दिसम्बर को खजुराहो में होगी मंत्रि-परिषद की बैठक
8-9 दिसम्बर को विभिन्न विभागों की दो वर्ष की उपलब्धियों और आगामी कार्य योजनाओं पर खजुराहो में होगी चर्चा
बुंदेलखंड के विकास और केन-बेतवा लिंक परियोजना को समर्पित होगी यह पहल
प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा लागू श्रम कानूनों की नवीन व्यवस्था से उद्योग और व्यापार जगत को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले किया संबोधित
मंदसौर 26 नवंबर 25 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा श्रम कानून के संबंध में लिए गए फैसले के लिए मंत्रि-परिषद की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उद्योग व्यापार के लिए यह अद्भुत कला है, श्रम से संबंधित 44 कानून की बजाय केवल 4 कानून की व्यवस्था से उद्योग व्यापार जगत को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। यह कानून पूरे देश में एक साथ लागू होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खजुराहो में 8 और 9 दिसंबर को विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें विभागों की दो वर्ष की उपलब्धियों, नवाचारों, आगामी वर्षों के प्रमुख लक्ष्यों, चुनौतियों और कार्य योजनाओं पर चर्चा होगी। इसके साथ ही 9 दिसंबर को मंत्री परिषद की बैठक खजुराहो में होगी। यह गतिविधि केन बेतवा लिंक परियोजना और बुंदेलखंड के विकास को समर्पित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत में जन्मी मादा चीता “मुखी” द्वारा 5 शावकों को जन्म देना बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा और प्रदेश में औद्योगिक तथा निवेश गतिविधियों के विस्तार के लिए हैदराबाद में हुए रोड-शो की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने एक दिसंबर से आरंभ होने वाले गीता जयंती समारोह के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विगत वर्ष की भांति एक दिसम्बर को गीता जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। कुरूक्षेत्र में 24 नवम्बर से एक दिसम्बर की अवधि में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में मध्यप्रदेश द्वारा भाग लिया जा रहा है। इसमें जय श्रीकृष्णा नृत्य नाट्य, श्री कृष्ण लीला, कृष्णायन, जनजातीय एवं लोकनृत्य, चित्र प्रदर्शनी इत्यादि विभिन्न कार्यक्रम होगें। प्रदेश के 313 विकासखण्डों, 55 जिला मुख्यालय एवं 10 संभागों में श्रीकृष्ण परंपरा के आचार्यों की सन्निधि में 3 लाख गीता प्रेमी श्रीमद् भागवत गीता के 15 वें अध्याय के श्लोक का सस्वर पाठ करेंगे। कार्यक्रमों में गीता ज्ञान प्रतियोगिता, कृष्णायन-नृत्य नाटिका आदि का भी प्रदर्शन होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटीज इन मध्यप्रदेश के अंतर्गत हैदराबाद में 22 नवम्बर को हुई उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 10 कम्पनियों की ओर से 36 हजार 600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इससे लगभग 27 हजार 800 नये रोजगार सृजित होंगे। प्रदेश में एजीआई ग्रीनपैक कम्पनी द्वारा पैकेजिंग इंजीनियरिंग सेक्टर में 1500 करोड़ रुपये, एक्सिस एनर्जी वेंचर्स इंडिया कम्पनी द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा सेक्टर में 29 हजार 500 करोड़ रुपये, अनंत टेक्नालॉजीज कम्पनी द्वारा एयरो स्पेस सेक्टर में एक हजार करोड़, ऑटोमेटस्की सॉल्यूशंस कम्पनी द्वारा आईटी सेक्टर में एक हजार करोड़, कोलावेरी इंक कम्पनी द्वारा फार्मा एण्ड ट्रेडिंग सेक्टर में एक हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावदिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि हैदराबाद में ग्रीनको कम्पनी के मुख्यालय का दौरा भी किया। यह कम्पनी प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी में बड़ा काम कर रही है। ग्रीनको ने पिछले 10 वर्षों में 3 हजार मेगावॉट क्षमता वाले नवकरणीय ऊर्जा प्रोजेक्ट स्थापित किए हैं। आने वाले समय में कंपनी द्वारा 5 वर्षों में 25 हजार करोड़ के निवेश की योजना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत में जन्मी मादा चीता ‘मुखी’ द्वारा 5 शावकों को जन्म देने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि प्रदेश में चीता अफ्रीका से लाये गये थे। उनकी भारत में जन्मी अगली पीढ़ी ने शावकों को जन्म दिया है। यह उपलब्धि भारतीय वनों में चीता प्रजाति के अनुकूलन का महत्वपूर्ण संकेतक है। यह भारतीय आवासों में चीता प्रजाति के अनुकूलन, स्वास्थ्य और दीर्घकालिक संभावनाओं का एक मजबूत संकेतक है। इससे देश में जैव विविधता के संरक्षण लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हो रहे प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिये यह गौरव का विषय है। उन्होंने मंत्रि-परिषद के साथियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक नवम्बर को पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा के शुभारंभ से प्रदेश ने हवाई पर्यटन के एक नए युग में प्रवेश किया है। इससे यात्रा अब अधिक तेज, सुरक्षित, किफायती और सुगम होगी। इस सेवा का नियमित संचालन 20 नवंबर से प्रारंभ हो गया है। इससे धार्मिक, वाईल्ड लाइफ और वेलनेस सेक्टर में हवाई कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध होगी। धार्मिक सेक्टर के अंतर्गत इंदौर उज्जैन ओंकारेश्वर के मध्य हवाई सेवा का संचालन होगा। श्रद्धालु एक ही दिन में भगवान महाकाल और ओंकारेश्वर दोनों ज्योर्तिलिंग के दर्शन कर सकेंगे। वेलनेस सेक्टर के अंतर्गत भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी के मध्य हवाई सेवा का संचालन होगा। वाइल्डलाईफ सेक्टर के अंतर्गत जबलपुर, मैहर, चित्रकूट, अमरकंटक, कान्हा, बांधवगढ़ से हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन किया जा रहा है।
=============


