श्री संभवनाथ जैन मंदिर के शिखर पर लहराई धर्मध्वजा

श्री संभवनाथ जैन मंदिर के शिखर पर लहराई धर्मध्वजा
सीतामऊ।श्री संभवनाथ जैन मंदिरजी के शिखर पर ध्वजारोहण लाभार्थी नाजुककुंवर – कुबेरसिंह जी बरडिया परिवार द्वारा किया गया। ध्वजारोहण के पूर्व लाभार्थी परिवार के निवास स्थान कृष्णा कालोनी से भव्य वरघोड़ा प्रारम्भ हुआ जो नगर के मुख्य मार्गो से होते हुए व्यास घाटी स्थित श्री संभवनाथ जैन मंदिर पहुँचकर धर्मसभा में परिवर्तित हुआ।धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वी जी ने फ़रमाया की 18 देशों के अधिपति कुमारपाल महाराज की तरह श्रीसंघ के प्रत्येक सदस्य को प्रतिदिन मंदिर दर्शन का संकल्प लेना चाहिए। प्रवचन के माध्यम से साध्वीजी ने कहा कि प्रतिदिन परमात्मा के दर्शन करने से अत्यंत आनंद की अनुभूति होती है व लाभ प्राप्त होता है। साथ ही साध्वी जी में जिनालय के शिखर पर ध्वजारोहण के महत्व को समझाते हुए कहा कि ध्वजारोहण के समय ॐ पुण्यहाम पुण्यहाम का नाद होते ही सभी जीवो में खुशी की लहर फैलती है एवं भव भव के पापों का नाश होता है। प्रवचन के पश्चात मंदिरजी मे विधि विधान से ध्वजा का पूजन सम्पन्न हुआ। जिसके बाद मंदिर जी के शिखर पर प.पु. शीलरेखा श्री जी म.सा की पावनकारी निश्रा में लाभार्थी परिवार द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात महोत्सव में पावनकारी निश्रा प्रदान करने पधारे प.पू. शीलरेखा श्री जी म.सा. द्वारा जिनालय परिसर में बड़ी शांति पाठ व मांगलिक उपस्थित श्रावक श्राविकाओ को फरमाई व सुवासरा रोड स्थित खाती पंचायत में लाभार्थी परिवार द्वारा स्वामीवात्सल्य का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण ध्वजा महोत्सव के लाभार्थी निशिद बरडिया, डॉ.अनिल बरडिया, सुनील बरडिया, शरद बरडिया एवं समस्त बरडिया परिवार ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।



