नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 07 नवंबर 2025 शुक्रवार

///////////////////////////////////

राष्‍ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्‍य में

सामुहिक वंदेमातरम गायन कार्यक्रमों का आयोजन

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वीं वर्षगाँठ को देश भर में 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक समारोहपूर्वक आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत की भूमिका और इसकी स्थायी सांस्कृतिक विरासत के महत्व को प्रदर्शित करता है। वंदे मातरम् के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के दृष्टिगत वर्षभर विविध गतिविधियॉं चार चरणों, प्रथम-7 से 14 नवम्बर 2025 (शुभारंभ), द्वितीय 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस), तृतीय 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) तथा चतुर्थ 1 से 7 नवम्बर 2026 (समापन सप्ताह) में रूप से आयोजित की जावेगी।

इन आयोजनों में सभी स्तरों पर आम नागरिकों की सहभागिता के साथ-साथ विद्यालयीन-महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएँ, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मियों, डॉक्टर्स, शिक्षकों, व्यवसायीगण एवं अन्य सभी प्रकार के सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जावेगी।

जिला पंचायल सीईओ श्री अमन वैष्‍णव ने बताया, कि राज्य स्तरीय समारोह 7 नवम्बर 2025 को संस्कृति विभाग द्वारा शौर्य स्मारक भोपाल में प्रात:9.30 बजे आयोजित किया जाएगा। 7 नवम्बर 2025 को प्रातः 9.30 बजे सभी जिला मुख्यालय, तहसील, विकासखण्ड मुख्यालय में “वंदे मातरम्” का संपूर्ण गायन किया जावेगा। तदुपरांत प्रातः 10.00 बजे से नई दिल्ली से मान० प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के अवलोकन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सभी शासकीय अशासकीय, अर्द्ध-शासकीय विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों में भी 7 नवम्बर 2025 को उपरोक्तानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” गायन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए पुलिस बैण्ड, स्कूल, महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों के बैण्ड एवं स्थानीय बैण्ड इत्यादि की सहभागिता सुनिश्चित की जावेगी। 8 नवम्बर 2025 को प्रात: 10:00 बजे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में वंदे मातरम् गीत का गायन जनसहभागिता से पंचायत प्रतिनिधियों सहित सुनिश्चित कराया जावेगा। 10 नवम्बर 2025 प्रात: 10:00 बजे नगरीय विकास एवं आवास विभाग के द्वारा सभी नगरीय निकायों में वंदे मातरम् गीत का गायन सुनिश्चित कराया जायेगा। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भाग लेने के लिए आवश्यक रूप से आमंत्रित किया जावेगा। साथ ही जिले के चयनित पर्यटन स्थलों पर भी वंदे मातरम् राष्ट्रगीत का गायन भी किया जायेगा। इस मौके पर ”सभी स्वदेशी अपनाएँ” इस आशय का संकल्प सामूहिक रूप से लिया जाएगा।

==========

नगरीय क्षेत्रों में रात्रिकालीन स्‍वच्‍छता अभियान चलाए-श्री चंद्रा

कलेक्‍टर ने की नगरीय विकास कार्यो एवं योजनाओं की समीक्षा

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा गुरूवार को कलेक्टर सभा कक्ष में नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं निर्माण कार्यो एवं करो की वसूली आदि की समीक्षा की गई। बैठक में परियोजना अधिकारी श्री पराग जैन, सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित थे।

बैठक में नगर परिषद सिंगोली के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया, कि आगामी माह तक 95 प्रतिशत पी.एम.आवास पूर्ण करावे। कार्य समय में नही होने पर सीएमओं एवं उपयंत्री नगर परिषद सिंगोली को नोटीश जारी करने के निर्देश भी दिये गये। शेष निकाय 15 दिसम्बर 2025 तक प्रधानमंत्री आवास 1.0 के समस्त आवासो को पूर्ण कराए। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में शेष रहे आवेदनों का सत्यापन कर, कार्यवाही पूर्ण करना सुनिष्चित करें।

बैठक में निर्देश दिए गये, कि अमृत 2.0, कार्याकल्प 1.0 एवं 2.0 तथा मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना में प्रचलित निमार्ण कार्यो को सभी नगरीय निकाय समय सीमा में कार्य पूर्ण करें तथा अप्रारंभ कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराये जावे। नगरीय निकायों में नियमित स्वच्छ एवं साफ पेयजल उपलब्ध कराए। इसमें किसी प्रकार कोई शिकायत नही हो।

पीएम स्वनिधि 2.0 योजनान्तर्गत निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा में पूर्ण करने तथा लक्ष्य से अधिक ऋण प्रकरण बैंकों में लगाने के निर्देश दिए गए। पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत प्रथम चरण में 15000, द्वितीय चरण में 25000 एवं तृतीय चरण में 50000 की राशि के ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है जिसमें अधिक से अधिक आवेदन नगरीय निकायों द्वारा करवाया जाए।

नगरीय निकाय में करो की वसूली की समीक्षा की गई। समीक्षा के में नगरीय निकायों की करो की वसूली संतोषजनक नही पाई गई। नगरीय निकायों का आगामी दिसम्बर 2025 माह तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिसमें सभी नगरीय निकायों को 60 प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिये गयें। सभी नगरीय निकाय 100 बडे़ कर दाताओं की सूची तैयार कर वसूली करे। इस माह करो की वसूली का निर्धारित लक्ष्य पूर्ण नही करने पर संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। सीएम हेल्प लाईन में माह नवम्बर 2025 की ग्रेडिंग में 90 प्रतिषत अंक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिले की सभी नगरीय निकायों में प्रतिदिन रात्रीकालीन सफाई अभियान चलाने और सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों का अपने-अपने क्षेत्र का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए गये। प्रति सप्ताह शनिवार को प्रातः विशेष सफाई अभियान चलाने, सफाई मित्रों को आवश्‍यक उपकरण ड्रेस, मास्क आदि करने, तालाब, मंदिरों के पास के जल स्त्रोंतो की साफ सफाई करने और अभियान में जनप्रतिनिधियों नगरीय निकाय के पार्षदो आदि को जोडने के निर्देश दिए गए। मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नगर के सार्वजनिक स्थलो, बाजारों, गलियों में रात्री कालीन सफाई अभियान चलाये। सभी सार्वजनिक स्थानो, प्रायवेट दुकानों के दुकानदारो की दुकानों पर डस्टबिन रखे जाए तथा सिग्लयूज प्लास्टिक पर जप्ती की कार्यवाही करे। सब्जी मंडी, बाजार में कपडे की थेली के उपयोग हेतु जनता को प्रेरित करें। विधायक निधि एवं सांसद निधि के निर्माण कार्यो की सीसी समय सीमा में जिला योजना अधिकारी को प्रस्तुत करने, पेंशन प्रपोजल का वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए गए है। यह जानकारी डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण श्री पराग जैन द्वारा दी गई हैं।

================

नीमच में 69वीं राज्‍य स्‍तरीय शालेय जूड़ो प्रतियोगिता का शुभारंभ आज

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, नीमच में आज 7 से 11 नवम्‍बर 2025 तक 69वीं राज्‍य स्‍तरीय शालेय जूड़ों 19 वर्ष बालक, बालिका क्रीड़ा प्रतियोगिता कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ आज 7 नवम्‍बर 2025 को श्रीनाथ मेरिज गार्डन नीमच सिटी परिसर में दोपहर 2 बजे से अतिथियों की उपस्थिति में होगा।

प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी नीमच श्रीमती सावित्री मालवीय ने बताया, कि सभी प्रतियोगिताएं श्रीनाथ मेरिज गार्डन, नीमच सिटी पर सम्‍पन्‍न होगी। इसमें 10 संभागों के दल प्रबंधक, कोच एवं मेनेजर के साथ लगभग 190 खिलाड़ी भाग लेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम.मांगरिया ने बताया, कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु विभिन्‍न समितियों का गठन किया जाकर वरिष्‍ठ प्राचार्यो को संयोजक, सह संयोजक का दायित्‍व सौंपा गया है। प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी प्राचार्य श्री ज्ञानवर्धन श्रीवास्‍तव, श्री ओ.पी.बंसल एवं श्री मुकेश जैन रहेंगे।

==============

विधिक सेवा दिवस पर 9 से 14 नवम्‍बर तक

“न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह” का आयोजन

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, माननीय मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 9 नवम्बर 2025 को विधिक सेवा दिवस के अवसर पर “न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह” का आयोजन 9 नवम्बर से 14 नवम्बर 2025 तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा किया जा रहा है।

सप्ताह के शुभारंभ दिवस 9 नवम्बर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ भारत माता चौराहा से प्रारंभ होकर रतन स्वीट्स एवं गोमाबाई नेत्रालय होते हुए नवीन जिला न्यायालय परिसर पर संपन्न होगी।

मैराथन में जिला मुख्यालय पर पदस्थ न्यायाधीशगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, पुलिस विभाग, नगर पालिका, बिजली विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, न्यायालय कर्मचारीगण, पैरा लीगल वॉलंटियर्स तथा गैर सरकारी संस्थाओं के सदस्य भाग लेंगे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव, श्रीमती शोभना मीणा ने आमजन से अपील की है कि वे इस मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी पहुँचाने में सहयोग करें। साथ ही सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 10 नवम्बर 2025 को जिला जेल एवं उपजेलों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर। 11 नवम्बर 2025 को (विश्व शिक्षा दिवस): विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न विधिक विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम, 12 नवम्बर 2025 को ग्रामीण एवं श्रमिक क्षेत्रों में विधिक जागरूकता शिविर, 13 नवम्बर 2025 को बाल देखभाल संस्थानों में विधिक जागरूकता शिविर।

14 नवम्बर 2025 को (बाल दिवस): चित्रकला, निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं तथा बाइक एवं साइकिल रैली के माध्यम से सप्ताह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव श्रीमती मीणा ने नागरिकों से अपील की है, कि वे न्याय के इस उत्सव में “न्याय सबके लिए” के उद्देश्य को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाएं। यह जानकारी जिला विधिक सहायता अधिकारी नीमच ने दी है।

================

प्रशासन की टीम ने कनावटी में 15 करोड़ रूपये मूल्‍य की 2 हेक्‍टेयर शासकीय जमीन कराई अतिक्रमण मुक्‍त

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में शासकीय जमीनों के संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओं अभियान के तहत राजस्‍व विभाग की टीम द्वारा गुरूवार को ग्राम कनावटी में 15 करोड़ रूपये मूल्‍य की 2 हेक्‍टेयर शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्‍त कराया गया है। तहसीलदार डॉ.अजेन्‍द्र नाथ प्रजापति ने बताया, कि एसडीएम श्री संजीव साहू के नेतृत्‍व में कनावटी जेल के पीछे शासकीय जमीन 2 हेक्‍टेयर पर अतिक्रामक राधाबाई व तेजपाल द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया था। जिसे राजस्‍व विभाग की टीम द्वारा बेदखली आदेश के पश्‍चात तहसीलदार श्री अजेन्‍द्र नाथ प्रजापति, राजस्‍व निरीक्षक श्री सुरेश निर्वाण एवं पटवारी श्री सुरेश पाठक एवं दल द्वारा जेसीबी की मदद से अतिक्रमण मुक्‍त करा दिया गया है। यह जानकारी श्री अजेन्‍द्र नाथ प्रजापति ने दी है।

================

अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के विकास और कल्याण के लिए राज्य सरकार सक्रिय-मुख्यमंत्री डॉ.यादव

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने केंद्रीय संसदीय समिति के सदस्यों से की चर्चा

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है, कि अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के सामाजिक-आर्थिक और शैक्षणिक विकास तथा कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। योजनाओं और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य शासन विभिन्न सुझावों के प्रति संवेदनशील और नवाचारों के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पहुंची अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण के लिए गठित केंद्रीय संसदीय समिति के सदस्यों के साथ चर्चा में यह बात कही।

केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष श्री कुलस्ते ने बताया, कि अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय समिति द्वारा मैदानी स्तर पर समीक्षा की जा रही है। साथ ही कर्मचारियों के सेवा में प्रतिनिधित्व और उनके लिए संचालित कल्याणकारी गतिविधियों की प्रगति का भी आंकलन किया जा रहा है। योजनाओं व कार्यक्रमों के संबंध में समिति ने स्थानीय समुदायों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया है। समिति द्वारा तैयार की जा रही यह रिपोर्ट संसद में प्रस्तुत की जाएगी।

उल्लैखनीय है, कि केंद्रीय समिति प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर थीं। समिति में राज्यसभा सांसद श्री मिथलेश कुमार, श्रीमती ममता ठाकुर, श्रीमती सुमिता वाल्मिकी, श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, श्रीमती फूलो देवी नेताम, श्री रवांगारा नार्जरी, लोकसभा सांसद श्री हरीश मीना, श्री अरूण कुमार, श्रीमती प्रोतिमा मंडल, श्री जगन्नाथ सरकार, श्री गोविंद करजोल, श्री डी. प्रसाद राव तथा श्री विष्णु दयाल राम शामिल थे।

===============

जिले की सभी पंचायतों में प्रति शनिवार को सघन स्‍वच्‍छता अभियान चलाकर, सार्वजनिक स्‍थानों की साफ-सफाई करवाएं-श्री चंद्रा

जिले की 15 हजार महिलाओं को लखपति दीदी अभियान से जोड़ा जाए-कलेक्‍टर

कलेक्‍टर ने की पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं और कार्यो की प्रगति की समीक्षा

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, जिले के सभी ग्राम पंचायतों में प्रति सप्‍ताह शनिवार को ग्राम पंचायतों के माध्‍यम से विशेष साफ सफाई अभियान चलाया जाए और सार्वजनिक स्‍थलों पर स्‍वच्‍छता के कार्य करवाए जाये। ग्राम पंचायतें सुनिश्चित करें, कि उनके क्षेत्र में कही भी स्‍वच्‍छता की कमी नजर ना आए। जनपद सीईओ इस अभियान की सतत निगरानी एवं मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। य‍ह निर्देश कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यो की प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक में दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, जनपद सीईओ नीमच, जावद, मनासा, जिला पंचायत के सभी परियोजना अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, आर.ई.एस., सहायक यंत्री, उपयंत्री व अन्‍य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्‍टर ने एन.आर.एल.एम.द्वारा जिले में संचालित खलपति दीदी अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया, कि जिले में इस वर्ष अब तक लखपति दीदी अभियान के तहत 9960 महिलाओं को जोड़ा गया है। कलेक्‍टर ने इस वर्ष 15 हजार महिलाओं को स्‍वरोजगार गतिविधियों से जोड़कर लखपति दीदी अभियान में भागीदार बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास(ग्रामीण) योजना की विस्‍तार से समीक्षा की गई। बताया गया, कि जिले में वर्ष 2021-22 के स्‍वीकृत 479 प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण का कार्य शेष है। कलेक्‍टर ने उक्‍त आवासों के निर्माण की हितग्राहीवार, समीक्षा कर, इस माह 100 आवास कार्य पूर्ण करवाकर सीसी जारी करवाने के निर्देश दिए।

कलेक्‍टर ने जिले में प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजना के तहत एक माह में त़़ृतीय किश्‍त प्राप्‍त कर चुके 2500 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश सभी जनपद सीईओ, उपयंत्रियों को दिए है। बैठक में बताया, कि 11490 स्‍वीकृत आवासों में ऐसे अब तक 4830 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष कार्य प्रगति पर है।

जल स्‍त्रोतों पर तत्‍काल करवाएं बोरी बंधान

बैठक में कलेक्‍टर सभी जनपद सीईओं और उपयंत्रियों को निर्देश दिए, कि सभी जल संरचनाओं, जिनमें जल बहाव हो रहा है, उन पर बोरी बंधान के कार्य सर्वोच्‍च प्राथमिकता से करवाएं। उन्‍होने कहा, कि कोई भी स्‍टाप डेम खुला ना रहे और जल का बहाव ना हो। सभी जल स्‍त्रोतों पर आवश्‍यकतानुसार बोरी बंधान कर जल बहाव को रोके। बैठक में कलेक्‍टर ने अगले वर्ष के लिए 30 नये अमृत सरोवरों के निर्माण के लिए स्‍थल चयनित कर 30 नवम्‍बर तक प्रस्‍ताव प्रस्‍तुत करने के निर्देश दिए। गत वर्ष स्‍वीकृत सभी 22 अमृत सरोवरों का शेष कार्य भी 31 जनवरी 2025 तक पूरा करवाने के निर्देश कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को दिए। उन्‍होने पिछले वर्षो में म.न.रे.गा.के तहत स्‍वीकृत, अपूर्ण कार्यो को भी विशेष अभियान चलाकर पूर्ण करवाने और सी.सी.जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्‍टर ने कहा, कि जिन स्‍वीकृत कार्यो पर पिछले दो वर्षो में कोई राशि व्‍यय नहीं की जा सकी है, उन कार्यो को यथा स्थिति में बंद करवाने की कार्यवाही की जाए। कलेक्‍टर ने भौतिक रूप से पूर्ण हो गये 1600 कार्यो के सी.सी.जारी करने के निर्देश भी दिए।

एक बगियॉ मॉं के नाम के तहत 600 कार्यो को प्राथमिकता से करवाएं

बैठक में एक बगियां मॉं के नाम अभियान के तहत पौधारोपण के तहत लक्ष्‍य अनुरूप 600 कार्यो को प्राथमिकता से पूर्ण करवाने और संबंधित हितग्राहियों को राशि का भुगतान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही एक बगियाँ मॉं के नाम अभियान तहत पौधारोपण करने वाले हितग्राहियों को उनकी बगियॉं के लिए स्‍पींकलर सेट व ड्रीप सेट उपलब्‍ध करवाने के निर्देश भी परियोजना अधिकारी एनआरएलएम को दिए है।

============

सोयाबीन भावांतर योजना का निर्धारित दस्तावेज लाकर लाभ प्राप्त करें, किसान भाई

नीमच 6 नवम्‍बर 2025, मण्‍डी सचिव नीमच ने आगृह किया है, कि भावांतर योजना तहत पंजीयन कर्ता किसान बंधु मंडियों में अपनी उपज सोयाबीन विक्रय के लिए लाए, तो अपने पंजीयन की छायाप्रति, आधार कार्ड एवं ऑनलाइन भुगतान के लिए बैंक पासबुक की छायाप्रति अनिवार्य रूप से लाएं। भावांतर भुगतान योजना में अब तक जिले के 952 किसानों के द्वारा सोयाबीन मात्रा 11184.11 का विक्रय किया गया है। शासन द्वारा राज्य स्तरीय औसत की उत्पादकता 10.44 क्विंटल प्रति हैक्टेयर निर्धारित की है, जो कि मध्यप्रदेश के समस्त जिलों की उत्पादकता के रुप में मान्य होगी। किसानो को योजना का लाभ समर्थन मूल्य 5328/- एवं सोयाबीन मॉडल भाव के अंतर की राशि अथवा विक्रय मूल्य प्रति क्विंटल अधिक होने की स्थिति में समर्थन मूल्य व विक्रय मूल्य के अंतर की राशि का लाभ औसत उत्पादकता के आधार पर पंजीयन कर्ता किसानों को प्राप्त होगा।

कृषि उपज मंडी समिति नीमच के नवीन (अतिरिक्त) प्रांगण डुंगलावदा-चंगेरा में सेक्टर ऑफीस (गेहूँ, सोयाबीन) में कृषकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए भावांतर योजना 2025 हेल्पडेस्क (सहायता केन्द्र) स्‍थापित किया गया है। हेल्‍पडेस्‍क पर मंडी कर्मचारी श्री दीपक धनावद मो.न. 9753769108, श्री नीलेश चौहान मो.न. 9074762162, श्री श्यामसिंह पंवार मो. न.9669368495, श्री जय दीवान मो.न.8349199579 से भावांतर योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता हेतु संपर्क किया जा सकता है एवं किसी भी परेशानी एवं समस्‍या का समाधान करवाया जा सकता हैं। यह जानकारी प्रभारी मण्‍डी सचिव नीमच श्री समीर दास ने दी हैं।

=================

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}