डॉ. सुनील कुमार मिश्रा को हाउस ऑफ लॉर्ड्स और ऑक्सफोर्ड में भारत के औद्योगीकरण पर व्याख्यान का प्रतिष्ठित आमंत्रण

डॉ. सुनील कुमार मिश्रा को हाउस ऑफ लॉर्ड्स और ऑक्सफोर्ड में भारत के औद्योगीकरण पर व्याख्यान का प्रतिष्ठित आमंत्रण
गोरखपुर मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस डॉ. सुनील कुमार मिश्रा को यूनाइटेड किंगडम के दो प्रमुख संस्थानों—हाउस ऑफ लॉर्ड्स और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी—में भारत के तीव्र औद्योगीकरण और विकास पर व्याख्यान देने का औपचारिक निमंत्रण प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल डॉ. मिश्रा के व्यक्तिगत योगदान को रेखांकित करती है, बल्कि भारतीय शिक्षा और उद्योग जगत की वैश्विक पहचान को मजबूत करने का प्रतीक भी है।यह निमंत्रण “द नेक्स्ट इकोनॉमी फोरम 2025” के तहत ब्रांड विस्टा कंसल्टिंग (यूके) द्वारा जारी किया गया है। आयोजन का पहला चरण 3 नवंबर 2025 को लंदन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में तथा दूसरा चरण 4 नवंबर 2025 को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित होगा। डॉ. मिश्रा अपने व्याख्यान में भारत के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे तेजी से औद्योगिक विकास, तकनीकी प्रगति तथा उद्योगों और शिक्षा के बीच बढ़ते सहयोग पर प्रकाश डालेंगे।वे विशेष रूप से युवा तकनीकी छात्रों को संबोधित करते हुए बताएंगे कि शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों से जुड़कर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है, जो करियर को नई दिशा प्रदान करेगा। डॉ. मिश्रा ने कहा, “यह निमंत्रण मेरे लिए गर्व का विषय है। यह अवसर भारत के शिक्षा एवं औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण क्षण है। मैं आयोजन समिति का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।” उल्लेखनीय है कि डॉ. सुनील कुमार मिश्रा वर्तमान में एक प्रमुख औद्योगिक समूह में मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (सीएचआरओ) एवं कॉरपोरेट अफेयर्स प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने हाल ही में इटली से विधि विषय में पोस्ट डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है, जबकि उनका पीएचडी शोध कार्य उदयपुर से संपन्न हुआ था। मॉडर्न मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में वे छात्रों को उद्योग-केंद्रित शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।यह आयोजन वैश्विक मंच पर भारत की आर्थिक प्रगति को उजागर करने का एक सुनहरा अवसर सिद्ध होगा, जहां डॉ. मिश्रा के अनुभव और दृष्टिकोण से अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ लाभान्वित होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉ. मिश्रा की इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है।



