समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 20 अक्टूबर 2025 सोमवार

/////////////////////////////////////////
गौशाला में किया गया पुण्य 10 गुना अधिक फलदायी होता हैबालाजी ग्रुप द्वारा गरीब परिवारों के बच्चों को दीपावली कीट प्रदान की गई
मंदसौर। गौ, गंगा और गायत्री सनातन परंपराएं इन्हीं तीन मूल स्तंभों पर टिकी हुई है। मंदसौर की गोपालकृष्ण गौशाला को गौ-सागर कहना ज्यादा उपयुक्त होगा। हमें गर्व है कि मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी गौशाला मंदसौर में है और दीपावली के उपलक्ष में इस पवित्र परिसर में महावीर फतेह करे सेवा संस्था (बालाजी ग्रुप) के द्वारा जो सेवा प्रकल्प किया जा रहा है वह अत्यंत ही पुण्यदायी है।
यह विचार श्री राम कथाकार पं. दशरथ भाई शर्मा ने प्रतापगढ़ रोड स्थित नाका नंबर 10 पर श्री गोपालकृष्ण गौशाला के परिसर में महावीर फतेह करे सेवा संस्था (बालाजी ग्रुप) द्वारा गरीब परिवारों के बच्चों को दीपावली पर्व के उपलक्ष में वस्त्र, मिठाई, फटाके की किट प्रदान करने के समारोह में व्यक्त किए। पं.शर्मा ने कहा कि गौशाला में किया गया कोई भी पुण्य 10 गुना अधिक फलदायी होता है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी ब्रजेश जोशी ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भी रोशनी और खुशियों के पर्व दीपावली का पूरा आनंद मिले इसी ध्येय से महावीर फतेह करे सेवा संस्था बालाजी ग्रुप द्वारा यह सेवा प्रकल्प किया जा रहा है जो अत्यंत ही सराहनीय है। श्री जोशी ने कहा कि किसी भी सभ्य और शालीन समाज का यह कर्तव्य है कि समाज का कोई भी तबका दीपावली जैसे बड़े पर्व की खुशियों से वंचित न रहे। बहुत ही खुशी की बात है कि बालाजी ग्रुप ने मानवता के प्रति अपने इस पुनीत कर्तव्य का निर्वहन किया है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह मंडलोई ने कहा कि हमारे देश की पर्व परंपरा में दीपावली सबसे बड़ा पर्व माना जाता है यह पर्व आत्मीयता और स्नेह में अभिवृद्धि करता है समाज के गरीब वर्ग को भी इस पर्व की खुशियां मनाने का पूरा अधिकार है। इन परिवारों के बच्चों को दीपावली की खुशियां देकर बालाजी ग्रुप ने प्रशंसनीय कार्य किया है। श्री मंडलोई ने गोपाल कृष्ण गौशाला की बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की।
श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार संजय लोढ़ा ने कहा कि बालाजी ग्रुप द्वारा गरीब परिवारों के बच्चों को दीपावली पर्व की खुशियों के लिए जो सेवा प्रकल्प किया जा रहा है यह अनुकरणीय है। श्री लोढ़ा ने गोपाल कृष्ण गौशाला की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
वरिष्ठ पत्रकार और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि दीपावली पर्व पर वंचित वर्ग को इस पर्व की खुशियां देना पर्व का वास्तविक आनंद है। खुशियां जितनी बाटेंगे उतनी ही वह बढ़ती है। युवा पत्रकार महावीर जैन ने कहा कि हमारे पर्व हमें खुशियों के साथ मानवता के प्रति भी सकारात्मक संदेश देते हैं। सेवा की संस्कृति हमारे देश की सबसे पुरानी परंपरा है। पीड़ित मानवता की सेवा को ही ईश्वर की सबसे बड़ी पूजा बताया गया है। बालाजी ग्रुप की यह सेवा प्रेरणादायी है।
आरंभ में बालाजी ग्रुप के जिलाध्यक्ष श्री लोकेन्द्र मंगल बैरागी ने संस्था की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी तथा कहा कि बालाजी ग्रुप के कार्यकर्ताओं ने सेवा के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है रक्तदान, धार्मिक आयोजन, मानव सेवा या गौसेवा जिले के हर क्षेत्र में स्थित ग्रुप के कार्यकर्ता हमेशा तैयार व तत्पर रहते है।
श्री बालाजी ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष गणपत कुमावत परिवार श्री रमेशचंद्र कुमावत, शकुंतला कुमावत, कनिष्का कुमावत, अजय कुमावत द्वारा इस सेवा प्रकल्प की प्रयोजना की गई। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष कन्हैयालाल सोनगरा, धार्मिक उत्सव समिति के अध्यक्ष वरदीचंद कुमावत, वरिष्ठ समाजसेवी रूपनारायण मोदी, धर्मसेवी बंसीलाल टॉक, पत्रकार शंभूसेन राठौर, सचिन कुमावत,देवराज कुमावत,माधव कुमावत, लखन कहार, विनोद कहार, अर्जुन कहार, लखन ग्वाला, श्याम रैकवार, गोविंद कहार आदि भी उपस्थित थे। समारोह का संचालन वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश जोशी ने किया आभार बालाजी ग्रुप के नगर अध्यक्ष लोकेश ठाकुर ने माना।
=========
गोवर्धन पर्वः प्रकृति से सह-अस्तित्व और समग्र विकास का उत्सव- डॉ. मोहन यादव
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ आप सभी को दीपोत्सव, गोवर्धन पूजा और अन्नकूट उत्सव की शुभकामनाएं और बधाई…
दीपावली के उत्सव की श्रृंखला में आरोग्य, आर्थिक समृद्धि, परिवार एवं समाज समन्वय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश है।
दीपावली के अगले दिन होने वाला गोवर्धन पर्व प्रकृति, पर्वत और गौ-वंश संरक्षण की भारतीय प्राचीन परंपरा का प्रतीक है। इस परंपरा का साक्षात दर्शन हमें भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर धारण करने से मिलता है। मानवता की रक्षा के इसी पावन स्मृति में गोवर्धन पूजन किया जाता है। इस पर्व में गौ-धन के संवर्धन की प्रेरणा है जो भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें भारतीय समाज की वह जीवनदृष्टि समाहित है, जिसमें प्रकृति, पशु, मनुष्य और देवत्व का संतुलन देखने को मिलता है।
मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि हम प्रदेशभर में गोवर्धन पर्व का आयोजन कर रहे हैं। यह पर्व सभी जिलों में लोक अनुष्ठान और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार मनाया जा रहा है। आयोजन में पशुपालन तथा दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नवाचार करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर पशुपालन, कृषि और सहकारिता विभाग की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ लोगों को जोड़ने और ग्रामीण आजीविका के लिए दुग्ध उत्पादन और वृंदावन ग्राम योजना के विस्तार की गतिविधियों का संचालन शुरू किया गया है।
हमारे पर्व-परंपराओं में प्रकृति से सह-अस्तित्व और समग्र विकास का भाव है। इसी कड़ी में गोवर्धन पर्व प्रकृति और प्राणियों के बीच समन्वय और संरक्षण से जुड़ा है। इस दिन गोबर से पर्वत का प्रतीक बनाकर उसकी पूजा की जाती है। पर्वत का प्राकृतिक संतुलन में महत्वपूर्ण योगदान है। पर्वत जल संरक्षण, संवर्धन और ऋतुओं के संतुलन का समन्वय करते हैं। इससे नदी, तालाब तथा अन्य जलस्रोत सुरक्षित रहते हैं। गोवर्धन पूजन में पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प भी है। हमारा प्रयास है कि इस पर्व के माध्यम से प्रकृति और पशुधन का महत्व नई पीढ़ी तक पहुंचे।
मध्यप्रदेश अपनी प्राकृतिक संपदा के साथ गौ-वंश से समृद्ध है। गौ-माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। हमने वर्ष 2024-25 को गौ-संरक्षण एवं संवर्धन वर्ष के रूप में मनाया। हम पशुपालक किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रयासरत हैं। देश के दुग्ध उत्पादन का 9 प्रतिशत मध्यप्रदेश में होता है इसे 20 प्रतिशत तक करना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए प्रदेश के गांव-गांव में दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर पशुपालकों को पशुओं में नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं के टीकाकरण, स्वास्थ्य रक्षा, संतुलित पशु आहार, पशु पोषण आदि के बारे में तकनीकी और व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है। इन सभी प्रयासों से हम मध्यप्रदेश को दुग्ध केपिटल बनायेंगे।
मुझे इस बात का संतोष है कि मध्यप्रदेश सरकार गौ-पालन, गौ-संवर्धन के लिए संकल्पित है। हमने गौ-शालाओं के लिए अनुदान को 20 रुपये प्रति गौ-वंश प्रतिदिन से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गौ-वंश प्रतिदिन किया है। गौ-वंश के भरण-पोषण के लिए दो वर्ष पहले बजट 90 करोड़ रुपये था, जिसे 250 करोड़ रुपये किया गया और अब यह राशि बढ़ाकर 600 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य है।
मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ग्वालियर में देश की पहली आधुनिक और आत्मनिर्भर गौ-शाला परिसर में कम्प्रेस्ड बायो गैस संयंत्र की स्थापना की गई है। प्रदेश में नवीन गौ-शालाओं का निर्माण, प्रति गाय अनुदान राशि बढ़ाने, गौ-उत्पादकों को प्रोत्साहन, गोबर से सीएनजी निर्मित करने वाले आधुनिक प्लांट की स्थापना तथा नेशनल डेयरी विकास बोर्ड के साथ करार जैसे नवाचार किये गये हैं।
हमारे लिए खुशी की बात है कि मध्यप्रदेश में किसानों और पशुपालकों को लाभान्वित करने के लिये 2900 गौ-शालाएं हैं। मुख्यमंत्री गौ-सेवा योजना के अंतर्गत 2203 गौ-शालाओंका संचालन हो रहा है। विगत एक वर्ष में एक हजार से अधिक नवीन गौ-शालाएं प्रारंभ की गई हैं। गौ-वंश के आश्रय एवं भरण-पोषण के लिए नगर पालिक निगम ग्वालियर, उज्जैन और इंदौर में गौ-शालाएं खोली गई हैं। भोपाल में 69.18 एकड़ भूमि पर 10 हजार गौ-वंश क्षमता की गौ-शाला का निर्माण किया जा रहा है। गौ-अभयारण्य अनुसंधान एवं उत्पादन केन्द्र, सालरिया, जिला आगर-मालवा में वर्तमान में 6500 गौ-वंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में गौ-वंश का संवर्धन दुग्ध उत्पादन से रोज़गार और स्वरोज़गार का बड़ा स्रोत होगा। महिलाओं की आत्मनिर्भरता में भी दुग्ध व्यवसाय का महत्वपूर्ण योगदान है।
प्रदेश में जिस तरह खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिये किसानों को प्रोत्साहित किया गया और हमारे किसान भाइयों ने उपज का भंडार भर दिया, उसी तरह दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे प्रदेश में गौ-वंश पालन बढ़ेगा, कृषि की पारंपरिक व्यवस्था को आधार प्राप्त होगा और प्राकृतिक खेती को सहयोग मिलेगा। रसायन रहित पौष्टिक अन्न तथा अन्य वस्तुओं का उत्पादन जहां स्वास्थ्य के लिये लाभदायी होगा, वहीं प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गौ-संवर्धन रोज़गार सृजन के साथ समाज को सांस्कृतिक मजबूती प्रदान करता है और सु-संस्कृत, स्वस्थ और सबल समाज का निर्माण करता है, जिससे सतत और समर्थ अर्थव्यवस्था का विकास संभव है। यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि यहां विंध्याचल और सतपुड़ा पर्वत की विपुल वन संपदा है। प्रदेश की समृद्धि और आत्मनिर्भरता पर्वतों और गौ-वंश के संरक्षण से जुड़ी है, जो मध्यप्रदेश और देश की प्रगति का आधार है। मुझे प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार गौ-सेवा, जैविक कृषि और दुग्ध उत्पादन से ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पित है।
गोवर्धन पर्व के अवसर पर मेरा प्रदेश की जनता से आग्रह है कि हम सब मिलकर गोवर्धन पर्व-परंपरा के संकल्प को आत्मसात करें और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।
(लेखक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं)
=============
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी
मंदसौर 19 अक्टूबर 25 / उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर और असमानता से समरसता की ओर बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और सुधारों की भावना से प्रेरित होकर जीएसटी व्यवस्था ने भारत की अर्थव्यवस्था को एक नई स्थिरता और मजबूती प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि जीएसटी सुधारों ने देश के व्यापारिक माहौल को सरल, पारदर्शी और एकरूप बनाया है। इससे न केवल व्यापारियों को लाभ मिला है बल्कि राज्यों की वित्तीय स्थिति भी सुदृढ़ हुई है।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने नागरिकों से अपील की है दीपावली का यह पर्व केवल घरों की रौनक तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियों की रोशनी पहुँचे। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि दीप जलाने का अर्थ केवल अंधकार मिटाना नहीं, बल्कि आशा, सहयोग और विकास के दीप प्रज्ज्वलित करना है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि दीपों की यह पावन ज्योति हमारे राज्य और देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाए, साथ ही सबके जीवन में नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नई उम्मीदों का संचार करे।
===============
महिला-बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया ने दी प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ महिला-बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। सुश्री भूरिया ने नारी शक्ति और समृद्धि की प्रतीक माता लक्ष्मी से प्रदेश की खुशहाली और प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और सम्पन्नता की कामना की है।
दीपावली का पर्व उत्साह, उमंग का रोशनी और खुशहाली का पर्व है। दीपावली के इस पावन पर्व पर मैं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनायें दी । माता लक्ष्मी से प्रदेश की खुशहाली के साथ-साथ, प्रदेशवासियों के लिये सुख-समृद्धि की मंगलकामनायें की। आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में हम भी अपना अहं योगदान दे और हम भी “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी ” के नारे को सार्थकता प्रदान करे। इस दीपावली पर हम स्वदेशी सजावट, झालरें, लाइटें, मूर्तियाँ, उपहार, दीपावली पर मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित सजावट, देशी मिठाइयाँ और स्थानीय उत्पाद ही खरीदें ताकि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। आइए, इस दीपावली पर स्वदेशी अपनाकर” एक दीप देश के नाम” जलाएँ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करें। स्वदेशी अपनाएँ, देश को मजबूत बनाएँ और इस पावन पर्व को सच्चे अर्थों में “स्वदेशी दीपावली” बनाएँ। मैं कामना करती हूँ कि आप सभी दीपावली कोउत्साह और उल्लास से मनाए और देश और मध्यप्रदेश के विकास में अपना सर्वोत्तम योगदान देने का संकल्प ले।
====================
लोकसभा सांसद श्री गुप्ता ने दी दीपोत्सव की शुभकामनाएं
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ मंदसौर-नीमच-जावरा लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने संसदीय क्षेत्र के समस्त निवासियों को दीपोत्सव की शुभकामनायें दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होने कहा कि दीपोत्सव का यह पर्व जनमानस के जीवन में खुशियों का उजाला लेकर आये। उन्होने सबके जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे और सम्पूर्ण संसदीय क्षेत्र विकास के पथ पर अग्रसर हो, ऐसी कामना की है।
=============
राज्यसभा सांसद श्री गुर्जर ने दी दीपोत्सव की शुभकामनाएं
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने दीपावली पर्व पर समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने प्रार्थना की है कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शुभ स्वास्थ्य का प्रकाश फैले। अपने शुभकामना संदेश में उन्होने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक है, जो हमें आशा और उज्ज्वल भविष्य की ओर प्रेरित करता है। दीपों का यह पर्व सभी के लिए सुखमय व मंगलमय हो।
==============
जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार ने दीपावली पर्व पर जिले के सभी नागरिकों को अपनी शुभकामनाएं दी है। उन्होने आग्रह किया कि सभी दीपपर्व को पूरे आनंद एवं उल्लास के साथ मनाएं तथा प्रदेश को विकसित बनाने में अपना योगदान दें।
=================
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने दीपावली के पावन पर्व पर जिले के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने नागरिकों को दीप पर्व की बधाई देते हुए कामना की है कि दीपों का यह पर्व सभी के लिए सुखमय व मंगलमय हो। हमारे जिले के स्थानीय उत्पादों को हम खरीदे। उन्होंने समस्त जिलेवासियों से आह्वान किया है कि दीपोत्सव के दौरान स्थानीय उत्पादों को क्रय कर प्रोत्साहित करें।
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने नागरिकों को दीपावली पर्व की बधाई देते हुए सभी से यह त्यौहार आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्वक मनाने की अपील की है। साथ ही त्योहार के समय बाजार आने जाने में अत्यधिक सतर्कता बरतें। अपने कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहे। अपने वाहन की नियत स्थल पर ही पार्किंग एवं सही तरीके से लॉक करे।
============
विद्युत कार्यों के पर्यवेक्षण हेतु पर्यवेक्षक परीक्षा के लिए ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित
पर्यवेक्षक परीक्षा के लिए आवेदन करने की करने की अंतिम तिथी 16 नवंबर
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ ऊर्जा विभाग सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा एवं सहायक विद्युत निरीक्षक द्वारा बताया गया कि जिला मंदसौर के विद्युत संबंधी कारोबार से जुङे समस्त नागरिकों के लिए मध्यप्रदेश अनुज्ञापन मंडल (विद्युत), भोपाल के द्वारा प्रतिवर्ष की भांति विद्युत कार्यों के पर्यवेक्षण के लिये सक्षमता (Competency) हेतु पर्यवेक्षक परीक्षा-जनवरी 2026 आयोजित की जा रही है।
परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2025 तक है। जिसकी पात्रता संबंधित जानकारी/ऑनलाइन परीक्षा फार्म लिंक
https://esd.mponline.gov.in/Portal/Services/MPED/MPEDHome.aspx पर उपलब्ध हैं। जिसका प्रदेश स्तरीय परीक्षा केन्द्र भोपाल है। CEA विद्युत सुरक्षा रेगुलेशन में प्रावधान अनुसार विद्युत कार्यों का पर्यवेक्षण सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण व्यक्ति ही सकता है। अधिक जानकारी के लिए लिंक
https://esd.mponline.gov.in/Portal/Services/MPED/MPEDHome.aspx या
सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा एवं सहायक विद्युत निरीक्षक, विद्युत निरीक्षकालय, ऊर्जा विभाग पर संपर्क कर सकते है।
===================
जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 11 वीं सत्र 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित
मंदसौर 19 अक्टूबर 2025/ जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा कक्षा 11 वीं सत्र 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मंदसौर जिले के वे छात्र-छात्राएं जो वर्तमान में कक्षा 10 वीं में अध्ययनरत हैं, वे इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं।
================
विमुक्त वर्ग के युवा स्वरोजगार हेतु लिंक से ऑनलाइन आवेदन करें
मंदसौर 19 अक्टूबर 25/ विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु जनजाति विकास के सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना अंतर्गत विमुक्त जाति वर्ग के 18 वर्ष से 55 वर्ष तक की आयु के बेरोजगार युवक/युवतियों को स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने हेतु परियोजना ईकाई लागत सेवा एवं व्यवसाय हेतु 10 हजार रूपये से 1 लाख रूपये तक का ऋण बैंकों के माध्यम से वितरित किये जायेगें। जिस पर 25 प्रतिशत या 20 हजार रूपये अधिकतम एवं 6 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज अनुदान नियमित रूप से ऋण भुगतान (निर्धारित समय एवं राशि) की शर्त पर विभाग द्वारा दिया जायेगा।
आवेदन पत्र ऑनलाईन वेबसाईट https://samast.mponline.gov.in/portal/ पर भरे जा सकते है।
अधिक जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में कार्यालय के दूरभाष नंबर 07422-299110 एवं मोबा. नंबर 6261565001 अथवा जिला कार्यालय कक्ष क्रमांक 315, सुशासन भवन, नवीन कलेक्टोरेट, द्वितीय तल, मंदसौर पर संपर्क कर सकते हैं।
=============