प्रतिमा निर्माण के लिए संकलित एकात्मधाम परियोजना से धातु चोरी होने की घटना

प्रतिमा निर्माण के लिए संकलित एकात्मधाम परियोजना से धातु चोरी होने की घटना
खंडवा- ओंकारेश्वर स्थित एकात्मधाम परियोजना से धातु चोरी होने की घटना सामने आई है। यह धातु करीब पांच वर्ष पूर्व आद्यगुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा निर्माण के लिए प्रदेशभर की 27 हजार ग्राम पंचायतों से संकलित की गई थी।
ताला तोड़कर चोरी
रविवार रात चोरों ने एकात्मधाम कार्यालय के पीछे बने स्टोर रूम का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में तांबा, पीतल और कांस्य मिश्रित धातुओं की सामग्री चुरा ली। चोर जंगल के रास्ते से माल लेकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने तलाशी के दौरान लगभग 200 मीटर दूर करीब 10 बोरे बरामद किए, जिनमें तांबा और पीतल के लोटे थे।
मांधाता थाना प्रभारी एके सिंधिया ने बताया कि एकात्मधाम परियोजना में कार्यरत अनिल कैथवास की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। चोरी गई सामग्री का मूल्य लाखों रुपये बताया जा रहा है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोपहर तक विभागीय अधिकारियों ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी थी। शाम को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
संत समाज नाराज
षट्दर्शन संत मंडल के अध्यक्ष महंत मंगलदास त्यागी ने इस घटना को आस्था पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि 27 हजार ग्राम पंचायतों से आई धातु का उपयोग और बची सामग्री का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है, यह गंभीर जांच का विषय है।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि एकात्मधाम परियोजना में पारदर्शिता का अभाव शुरू से रहा है और यह चोरी प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। घटना के बाद धार्मिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।