
खेत में सोयाबीन निकालते समय हादसे में युवती की मौत
जावरा/कालूखेड़ा। समीपस्थ ग्राम कैंसर में शनिवार दोपहर खेत पर सोयाबीन निकालते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर काम कर रही 16 वर्षीय ज्योति जाट पिता स्व. भंवरलाल जाट का दुपट्टा अचानक थ्रेशर मशीन में फंस गया। दुपट्टा फंसने से ज्योति का सिर भी थ्रेशर मशीन में फंस गया, जिससे उसे सिर पर गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया।परिजन उसे तुरंत जावरा के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कालूखेड़ा थाना प्रभारी लिलियन मालवीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।

