दलित महिला का आशियाना तोड़ा: गरोठ थाने में चार आरोपियों पर SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज

दलित महिला का आशियाना तोड़ा: गरोठ थाने में चार आरोपियों पर SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज

गरोठ। मध्य प्रदेश के गरोठ नगर में एक दलित महिला के घर को जेसीबी से तोड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता सोहन बाई मेधवाल, जो खड़ावदा रोड पर रहती हैं, दूधाखेड़ी माताजी मंदिर दर्शन करने गई थीं। वह अपनी बेटी के साथ रात वहीं रुकी हुई थीं। इसी दौरान रात के समय चार लोगों ने मिलकर उनके घर को ध्वस्त कर दिया। आरोपियों में रणजीत सिंह (पिता करण सिंह, निवासी सपानिया), नदीम कुरैशी (निवासी गरोठ), मंगू सिंह (पिता उदय सिंह, निवासी मानकी) और जेसीबी चालक सुरेंद्र सिंह (पिता तेह सिंह, निवासी खजूरी दौड़ा) शामिल हैं। इन लोगों ने जेसीबी की मदद से घर की दीवारें और छत गिरा दीं, जिससे पूरा आशियाना तबाह हो गया।
गरोठ थाना प्रभारी हरीश मालवीय ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत इन चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस नियमों के अनुसार जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि दलित समुदाय के खिलाफ ऐसे अत्याचार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। घटना की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह पूर्व नियोजित साजिश थी या किसी विवाद का नतीजा।
पीड़िता की बेटी किरण ने दर्द बयां करते हुए कहा, “हमारे घर का सारा सामान बर्बाद हो गया। करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अब रहने-खाने की समस्या खड़ी हो गई है। सुबह से हमने कुछ नहीं खाया और थाने में बैठे हैं। कार्रवाई दोपहर 3 बजे शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चली। आगे हम क्या करेंगे, कुछ समझ नहीं आ रहा।” किरण ने बताया कि परिवार अब बेघर हो गया है और सरकारी मदद की गुहार लगा रहा है।
यह घटना दलित समुदाय में आक्रोश पैदा कर रही है। स्थानीय लोग आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।