पीयूष जैन तेरह वर्षों से करवा रहे हैं पर्युषण महापर्व की आराधना

देशभर में निस्वार्थ भाव से दे रहे हैं धार्मिक सेवाएँ
सुवासरा। नगर के प्रबुद्ध समाजसेवी एवं व्यवसायी जैन परिवार के श्री विजय कुमार जैन के सुपुत्र पीयूष जैन इन दिनों चंडीगढ़ में चल रहे पर्युषण महापर्व की आराधना करवा रहे हैं।
इस दौरान वे प्रतिदिन सामायिक, प्रतिक्रमण, प्रवचन, पूजा-पाठ, स्वाध्याय जैसी विविध धार्मिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं।
पीयूष जैन बचपन से ही बहुमुखी प्रतिभा के धनी रहे हैं। वर्तमान में वे पुणे की एक नामी सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं, किंतु नौकरी के व्यस्त जीवन के बीच भी वे समय निकालकर समाज और धर्म की सेवा में सदैव तत्पर रहते हैं।
पर्युषण महापर्व के इस पुण्य अवसर पर उनके साथ वर्धमान स्वाध्याय मंडल महिदपुर रोड से यतींद्र भाई भंडारी तथा छोटी सादड़ी से समकित भाई वया भी अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। इन सभी के सामूहिक प्रयास से चंडीगढ़ में चल रहे आयोजन में विशेष धार्मिक वातावरण निर्मित हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले तेरह वर्षों से पीयूष जैन देशभर के विभिन्न शहरों एवं नगरों में जाकर निस्वार्थ भाव से पर्युषण महापर्व की आराधना करवाते आ रहे हैं। जिसमें उन्होंने मुख्य रूप से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा आदि राज्यो में पर्युषण महापर्व की आराधना करवाई है
पीयूष जैन के इस सेवा कार्य पर सुवासरा नगर सहित विभिन्न स्थानों से शुभचिंतकों एवं जैन समाजबंधुओं ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त की हैं।