महेन्द्र गुर्जर ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर कहा रिल के बजाय रियल बनकर कार्य करना होगा

महेन्द्र गुर्जर ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर कहा रिल के बजाय रियल बनकर कार्य करना होगा
मंदसौर। भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्रसिंह गुर्जर ने मंदसौर जिला कांग्रेस कार्यालय में सादगीपूर्ण कार्यक्रम में अपना पदभार ग्रहण किया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष विपिन जैन से जिम्मेदारी संभाली।पदभार ग्रहण से पहले श्री गुर्जर ने जनकुपुरा स्थित चिंताहरण गणपति मंदिर में दर्शन किए और भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरु, सरदार वल्लभभाई पटेल, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तलाई वाले बालाजी और गांधी चौराहे के खड़े बालाजी मंदिर में दर्शन के बाद वे जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर दो महिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम की शुरुआत में स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। उनके योगदान, विशेषकर संचार क्रांति और 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार देने जैसे कार्यों को याद किया गया।
पदभार ग्रहण के बाद श्री गुर्जर ने कहा कि जिला और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा, “रिल के बजाय रियल बनकर फील्ड में कार्य करना होगा। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, खासकर सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को।” उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मोहल्ला समितियों, पंचायत समितियों, मंडलम, सेक्टर, ब्लॉक और पार्टी प्रकोष्ठों में योग्य और जमीनी कार्यकर्ताओं को अवसर देने की बात कही।श्री गुर्जर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा, “भाजपा के नेताओं से डरने की जरुरत नहीं। जी-जान से लड़ने वाले कार्यकर्ताओं की पार्टी को जरूरत है। मैं हर समय कार्यकर्ताओं के साथ लड़ाई लड़ने को तैयार हूं।” उन्होंने ग्रामीण परिवेश और किसान परिवार से होने के बावजूद मिली इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और सभी समुदायों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा वरिष्ठ नेता नवकृष्ण पाटिल मंदसौर विधायक विपिन जैन सांसद प्रत्याशी दिलीप सिंह गुर्जर पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश रातडिया पूर्व विधायक पुष्पा भारती कर्मवीर सिंह भाटी आदि ने भी भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी याद कर श्रद्धांजलि कि और कार्यक्रम संबोधित किया। तथा नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्री महेंद्र गुर्जर को बधाई दी इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नेता पदाधिकारी उपस्थित रहे।