प्रायवेट को पीछे छोड़ेंगे सरकारी स्कूल: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

============
जबलपुर के बरगी हिल्स में 27 करोड़ 84 लाख की लागत वाले सांदीपनि विद्यालय का भूमि-पूजन
भोपाल :मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सांदीपनी विद्यालय प्रदेश में शिक्षा के आदर्श केंद्र बनकर उभर रहे हैं। इनसे शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। भगवान गोपाल कृष्ण की शिक्षा उज्जैन के सांदीपनी गुरुकुल में हुई थी। सांदीपनि मुनि गुरु परंपरा के आदर्श उदाहरण हैं, जिन्होंने अपने बेटे की परवाह किए बगैर भगवान श्रीकृष्ण सहित अनेकों विद्यार्थियों को शिक्षा-दीक्षा दीं। तत्कालीन समय में सांदिपनी के पुत्र को यम जाति के आक्रांताओं ने बंदी बना रखा था और बाद में श्रीकृष्ण ने गुरु भाई को छुड़ाकर सांदीपनि मुनि को लौटाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पहली बार शासकीय स्कूलों (सांदीपनी विद्यालय) में प्रायवेट की तर्ज पर खेल-कूद और सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित होंगी। सरकारी स्कूल भी प्रायवेट को पीछे छोड़ेंगे। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट में आए 70 प्रतिशत बच्चे सरकारी स्कूलों से पढ़ाई करने वाले रहे हैं। राज्य सरकार सभी विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए सभी सुविधाएं दे रही है।
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में नवाचारों का क्रम जारी है। प्रदेश में नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश का सांस्कृतिक वैभव आज देश-दुनिया में पहचाना जा रहा है। जबलपुर में सांदीपनि विद्यालय का भूमि-पूजन कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 13 मई मंगलवार को अनुपम सौगात दी है। देश में कौन-सा ऐसा मुख्यमंत्री होगा, जिसने स्कूल के नाम से सीएम शब्द हटाकर उज्जैन के सांदीपनि मुनि का नाम जोड़ दिया। इन स्कूलों में सांदीपनी गुरुकुल की तरह शिक्षा के साथ भावी पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्य दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नई शिक्षा नीति के माध्यम से देश को बताया है कि शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों की शिक्षा देना भी आवश्यक है। माँ नर्मदा के तटों का विकास अयोध्या के सरयू के तटों की तर्ज पर होगा। यह प्रदेश में एक रोल मॉडल बनकर उभरेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व से मध्यप्रदेश देश भर में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को जबलपुर के बरगी हिल्स में सांदीपनी विद्यालय के भूमि-पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। सांदीपनी विद्यालय का निर्माण 27 करोड़ 84 लाख की लागत से 11 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। सर्व सुविधायुक्त विद्यालय में 1960 विद्यार्थी एक साथ शिक्षा ग्रहण करेंगे। समारोह में सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री अभिलाष पांडे, विधायक श्री अशोक रोहाणी, विधायक श्री संतोष बरकड़े और श्री रत्नेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।