मंदसौरमध्यप्रदेश

नपा परिषद के वित्तीय वर्ष 2025-26 के अनुमानित आय-व्यय का बजट स्वीकृत


मंदसौर नगर विकास के लिये कई नये प्रस्ताव हुए शामिल

मन्दसौर। (27 मार्च) नगरपालिका परिषद मंदसौर की बजट बैठक 27 मार्च गुरूवार को नपा सभागृह में आयोजित की गई। नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित इस बजट बैठक में सीएमओ श्री सुधीरकुमारसिंह, नपा उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रितेश चावला, राजस्व वित्त एवं लेखा समिति की सभापति श्रीमती कौशल्या प्रहलाद बंधवार सहित नपा के सभापतिगण, पार्षदगण उपस्थित थे। राजस्व वित्त एवं लेखा समिति की सभापति श्रीमती कौशल्या प्रहलाद बंधवार ने इस बजट बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 का अनुमानित आय-व्यय का बजट परिषद के सम्मुख रखा। बजट के प्रमुख बिन्दूओं को परिषद के सदस्यों के सम्मुख रखते हुए श्रीमती बंधवार ने परिषद को अवगत कराया कि इस बजट में नपा परिषद के लिये 5 अरब 42 करोड़ 11 लाख 650 रू. की आय व 5 अरब 40 करोड़ 63 लाख 61 हजार 650 रू. की अनुमानित व्यय प्रस्तावित है। बजट में 1 करोड़ 48 लाख रू. की बचत अनुमानित है। इस वर्ष बजट में आय व व्यय में तालमेल रखते हुए नगर के सर्वांगीण विकास के लिये जलकर, संपत्ति कर एवं अन्य करों में कुछ वृद्धि का प्रावधान किया गया है ताकि विकास कार्यों के लिये मंदसौर नगरपालिका को पर्याप्त राशि प्राप्त हो और धनराशि के अभाव में विकास कार्य प्रभावित न हो।
नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर की परिषद का बजट प्रस्तुत करते हुए राजस्व समिति सभापति श्रीमती बंधवार ने मंदसौर नगर के चहूंमुखी विकास को दृष्टिगत रखते हुए 2025-26 के वार्षिक बजट को प्रस्तुत करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार नगर में गीता भवन बनाये जाने हेतु 15 करोड़ रू., सिंहस्थ योजनान्तर्गत नगर में विभिन्न विकास कार्यों हेतु 35 करोड़ रू , सिवरेज योजना प्रथम चरण हेतु 164 करोड़ रू., नपा कार्यालय में रिकार्ड रूम व नवीन हाल निर्माण व नपा कार्यालय उन्नयन हेतु 5 करोड़ रू., गौरव दिवस मनाने हेतु 25 लाख रू., मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना चतुर्थ चरण अंतर्गत नगर में विभिन्न विकास कार्य हेतु 6 करोड़ रू, कायाकल्प अभियान सहित नई सड़कों के निर्माण के लिये 10 करोड़ रू., नाला, नाली, स्लेब निर्माण हेतु 2 करोड़ रू., संजय गांधी उद्यान के उन्नयन व अन्य कार्यों के लिये 7 करोड़ रू., मछली मार्केट व स्लाटर हाउस के रखरखाव रिपेरिंग कार्य हेतु 10 लाख रू., नईआबादी सब्जी मार्केट में नये काम्पलेक्स के निर्माण हेतु 25 करोड़ रू. आंगनवाड़ी भवनो, ऑडिटोरियम एवं कम्यूनिटी हाल के निर्माण के लिये 50 लाख रू. नई पुलियाओं के निर्माण हेतु 50 लाख रू., सीमेंट डामर क्रय करने हेतु 45 लाख रू., अवैध कॉलोनियों में विकास कार्य हेतु 50 लाख रू., नगर में विभिन्न स्थानों पर महिलाओं के लिये जिम एवं अन्य निर्माण हेतु 30 लाख रू., संत कंवरराम द्वार हेतु 60 लाख रू. तालाबों के गहरीकरण हेतु 10 लाख रू., चौराहों के विकास, सौंदर्यीकरण एवं मूर्ति स्थापना हेतु 2 करोड़ 50 लाख रू., नगरपालिका कॉलोनी में शॉपिंग काम्पलेक्स निर्माण हेतु 75 करोड़, रू., गांधी धर्मशाला के स्थान पर नये काम्पलेक्स के निर्माण के साथ ही नये हाल के निर्माण के लिये 50 लाख रू., पशुपतिनाथ मेला हेतु 1 करोड़ रू., खिड़कीमाता मेला हेतु 10 लाख रू., नाहर सैय्यद मेला हेतु 30 लाख रू., नवीन फायर स्टेशन निर्माण हेतु 56 लाख 72 हजार रू., सीवरेज योजना प्रथम चरण हेतु 1 करोड़ 64 लाख रू., प्रधानमंत्री आवास योजना हेतु 2 करोड़ रू., सम्बल योजना सहित श्रम विभाग की समस्त योजनाओं हेतु 3 करोड़ रू. की राशि बजट में रखी गई है।
श्रीमती बंधवार ने बजट में नगर में प्रकाश व्यवस्था हेतु वेपर/सोडियम लेम्प एवं हाईमास्क को क्रय करने हेतु 2 करोड़ रू., नये खम्बों को लगाने एवं मरम्मत आदि कार्यों के लिये 2 करोड़ रूपये, नये पोल लगाने, पोल शिफ्टिंग कार्य हेतु 50 लाख रू. की राशि भी रखी गई है। बजट में नई पाईप लाईन बिछाने हेतु 30 लाख रू., जल प्रदाय उपकरणों की मरम्मत व नई सामग्री क्रय करने हेतु 1 करोड़ रूपये, पाईप लाईन मरम्मत एवं सीवर पाईप लाईन हेतु 20 लाख रू., नवीन सबमर्सिबल पम्प क्रय करने, जनरेटर आदि कार्य हेतु 20 लाख रू. की राशि बजट में रखी गई है। इस बजट में काला भाटा में जनभागीदारी योजना अंतर्गत पिकनिक स्पॉट के विकास हेतु विभिन्न कार्य कराने के लिये 15 लाख रू., नलकूप खनन, कुआं निर्माण, कुएं बावड़ी के गहरीकरण के लिये 35 लाख रू., नगर के मुख्य मार्गों पर विद्युत पोल लगाने, पुराने पोल को हटाने (शिफ्टिंग) एवं डिवाईडर पर नई विद्युत लाईट लगाने हेतु 50 लाख रू., नगर में विभिन्न स्थानों पर नई टंकियों के निर्माण एवं पुरानी बनी टंकियों की सफाई हेतु 30 लाख रू., रामघाट बैराज पर आटोमेटिक गेट सहित नये बांध के निर्माण हेतु 50 लाख रू., रामघाट पर बाउण्ड्रीवाल निर्माण व सुुंदर उद्यान के निर्माण हेतु 25 लाख रू., मंदसौर मंे तीन स्थानों पर नई टंकियों के निर्माण हेतु 5 करोड़ रू., सीवर लाईन सहित कई कार्यों हेतु 1क रोड़ रू., रामघाट में नवीन फिल्टर प्लांट एवं अन्य कार्यों हेतु 5 करोड़ रू., ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की अतिरिक्त व्यवस्था एवं जलसंकट की स्थिति निर्मित होने पर अत्यावश्यक व्यय में कुल 48 लाख रू. का प्रावधान किया गया है। चम्बल पाईप लाईन रखरखाव हेतु 2  लाख रू. की राशि का प्रावधान भी किया गया।
नपा परिषद के बजट में स्वच्छता सामग्री क्रय करने हेतु 10 लाख रू., नालियों में दवाईयों के छिड़काव हेतु 30 लाख रू., नपा केवाहनों के मरम्मतीकरण, बीमा के लिये कुल 32 लाख रू, 2 नये ट्रेक्टर, 4 हाइड्रो ट्राली एवं अन्य की खरीदी हेतु 30 लाख रू. की राशि रखी गई है। नपा के सफाई मित्रों को दी जाने वाली वर्दी के लिये 25 लाख रू., स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत बनने वाले नवीन शोचालय व सुविधाघरों के लिये 50 लाख रू. पुराने सुविधाघरों/मूत्रालयों की मरम्मत एवं नवीन मुत्रालय निर्माण हेतु भी क्रमशः 45 व 30 लाख रू. की राशि रखी गई है। स्वच्छता के कार्यों को तत्परता से करने हेतु नवीन जेसीबी /पोकलेन/डम्पर आदि की खरीदी के लिये 2 करोड़ रू., कचरे को फैलने से रोकने के लिये जालीनुमा कचरा घर (जहा जरूरी है) बनाने हेतु 50 लाख रू., लावारिस लाशों के अंतिम संस्कार/शव वाहन रखरखाव हेतु 1 लाख रू. की राशि बजट में रखी गई है। कचरे के निपटान हेतु आधुनिक उपकरण क्रय करने व अन्य कार्य जो ट्रेचिंग ग्राउण्ड पर किये जाने हेतु आवश्यक है उसके लिये 1 करोड़ रू. की राशि भी बजट में रखी गई है। ग्रीष्म ऋतु में वर्षा के पूर्व बड़े नालों की सुफाई, जलकुंभी की सफाई आदि कार्यों हेतु 1 करोड़ 30 लाख रू. की राशि भी रखी गई है। नपा के द्वारा संचालित औषधालयों के लिये औषधि क्रय करने हेतु 2 लाख रू., नवीन कांजी हाउस के निर्माण एवं पुराने कांजी हाउस में आवश्यक घास व अन्य कार्यों हेतु 2 लाख रू. की राशि रखी गई है। नपा परिषद के बजट में नये भवनों के निर्माण, पुराने भवनों को रिपेरिंग करने, वाचनालय निर्माण, दुकाने व शापिंग काम्पलेक्स के निर्माण हेतु 50 लाख रू., 10 मेगावाट क्षमता का सोलर विद्युत उत्पादन (स्थापना) हेतु 50 लाख रू., नगर के उद्यानों के विकास और उन्हें आदर्श उद्यान के रूप में विकसित करने हेतु उद्यानों में मनोरंजक उपकरण लगाने सहित अन्य कार्यों हेतु 50 लाख रू., पौधे क्रय करने एवं उद्यान शाखा संबंधी उपकरण क्रय करने के लिये 25 लाख रू., उद्यानों की बाउंड्रीवाल व अन्य कार्यों हेतु 15 लाख रू. बजट में रखे गये है। उद्यानों की को आदर्श स्वरूप देने हेतु उनमें फव्वारे लगाने, झूले चकरी सहित मनोरंजक उपकरण लगाने एवं पौधरोपण कार्य हेतु 1 करोड़ 10 लाख रू. की राशि रखी गई है। उद्यानों की बाउण्ड्रीवाल एवं उद्यानों के विकास का कार्य जनभागीदारी या आउटसोर्स में कराने हेतु 1 करोड़ रू. का प्रावधान किया गया है।
नपा परिषद के प्रस्तावित बजट में इन करों में की गई वृद्धि- वर्ष 2025-26 हेतु प्रस्तुत बजट में विभिन्न करो में वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है। नामांतरण शाखा के छानबीन शुल्क को 2 प्रतिशत यथावत रखते हुए नामांतरण शाखा के अन्य करो में वृद्धि की गई है, पंजीकृत दानलेख/हिब्बानामा/हक त्याग पत्र, बंटवारा लेख, वसीयतनामा, उत्तराधिकारी नामांतरण शुल्क में आंशिक संशोधन किया गया है। कॉलोनी नामांतरण की राशि 1 रू. प्रति वर्गफिट निर्धारित की गई है। डायवर्शन उपरांत नवीन सम्पत्तियों पर छानबिन शुल्क की राशि में भी बड़ोत्तरी की गई है। जलकार्य शाखा के करों में भी बदलाव किया गया है। नल कनेक्शन की अमानत राशि भी बड़ाई गई है। साथ ही जलकर की मासिक राशि जो कि उपभोक्ताओं से हर माह ली जाती है उसमें वर्तमान प्रचलित जलकर की दरों में 15 प्रतिशत वृद्धि की गई है। भवन निर्माण अनुमति में आवासीय व व्यवसायिक दोनों में लगभग 1 हजार रू. की राशि बड़ाई गई है। राजस्व शाखा के द्वारा ली जाने वाली सम्पत्ति कर की राशि भी बड़ाई गई है औरउसमें 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन (स्वच्छता) कर में सलाना 60 व 70 रू. की मामूली वृद्धि की गई है। नपा में आवेदन शुल्क की राशि 10 रू. से बड़ाकर 20 रू. एवं प्रतिलिपि शुल्क 10 रू. से बड़ाकर 20 रू. प्रति पृष्ठ किया गया है। पशु हाट में आने वाले पशु का प्रवेश शुल्क 5 से बड़ाकर 25 रूपये किया गया है। तरण ताल का शुल्क प्रतिनिधि व मासिक दोनों में ही बड़ाया गया है। अब यह 50 रू. प्रतिदिन व 1000 रू. मासिक किया गया है। इन सभी शुल्कों तथा करों में वृद्धि का उद्देश्य यह है कि नपा की आय व व्यय में तालमेल बना रहे तथा नगर के विकास के लिये नये निर्माण कार्यों के लिये नपा परिषद को पर्याप्त राशि प्राप्त हो। कई वर्षों के बाद नपा के करो व शुल्क में वृद्धि की गई है।
नपा की बजट बैठक में अपने विचार रखते हुए पूर्व नपाध्यक्ष श्री राम कोटवानी, नपा उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता चावला, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मुकेश खमेसरा नपा सभापति श्रीमती निर्मला चंदवानी, श्रीमती दीपमाला मकवाना, निलेष जैन, पार्षद भारती पाटीदार, सुनीता भावसार, रेखा राजेश सोनी ऐरावाला,  ने वर्ष 2025-26 के बजट को ऐतिहासिक व नगर के विकास के पथ पर आगे बड़ाने वाला बजट बताया। नपा नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी, पार्षद सुनील बंसल, संगीता गोस्वामी, तरूण शर्मा ने बजट पर अपने विचार रखते हुए बजट को बनाते समय जनप्रतिनिधियों की रात को अधिक महत्व देने का सुझाव दिया। नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने करो में वृद्धि के प्रस्ताव का विरोध भी किया।
बैठक में नपा उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला,पूर्व नपाध्यक्ष राम कोटवानी, सभापतिगण सत्यनारायण भांभी, रमेश ग्वाला, दीपमाला मकवाना, शांति दिनेश फरक्या, निलेष जैन, निर्मला नरेश चंदवानी, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि कपिल भण्डारी, पार्षदगण आशीष गौड़, प्रीतम पंचोली, ईश्वरसिंह चौहान एड., सुनीता अशोक भावसार, प्रमिला संजय गोयल, दिव्या अनूप माहेश्वरी, सुनीता नंदलाल गुजरिया, रेखा राजेश सोनी ऐरावाला, खेरूनबी शेहजाट पटेल, श्रीमती संगीता शैलेन्द्र गोस्वामी, श्रीमती बब्बन युसुफ गौरी, श्रीमती माया नीलमचन्द्र भावसार, श्रीमती भावना जयप्रकाश पमनानी, कमलेश सिसौदिया,  शराफत शेख, गोवर्धन कुमावत, दीपक गाजवा, गरिमा हितेन्द्र भाटी, भारती धीरज पाटीदार, मंजू अनिल मालवीय भी उपस्थित थे। बैठक के अंत में राष्ट्रगान हुआ और बजट के स्वीकृत होने की घोषणा की गइ।
मंदसौर नगर के चहुंमुखी विकास में सहायक होगा बजट- श्रीमती गुर्जर
मंदसौर। नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने बजट के संबंध में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि वर्ष 2025-26 का यह वार्षिक बजट मंदसौर नगर के चहुंमुखी विकास में सहायक होगा। बजट में विकास कार्यों के लिये धनराशि के प्रावधान में कोई कसर नहीं रखी गई है। अमृत योजना 1 एवं 2, सीवरेज योजना की स्वीकृति के बाद मंदसौर नगर में विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। नपा कॉलोनी के स्थान पर शापिंग काम्पलेक्स एवं नईआबादी सब्जी मंडी शॉपिंग काम्पलेक्स के निर्माण से नपा की आय में बढ़ोत्तरी होगी। जिसका लाभ आगामी समय में पूरे मंदसौर नगरवासियों को होगा।
केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ मंदसौर को मिल रहा है-श्रीमती बंधवार
बजट प्रस्तुत करते हुए व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा में राजस्व समिति  सभापति श्रीमती बंधवार ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मंदसौर नगर की जनता को भी मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन आदि योजनाओं से मंदसौर नगर लाभान्वित हुआ है। प्रदेश सरकार की कायाकल्प योजना से मंदसौर  नगर की सड़कों के लिये भी राशि स्वीकृत हुई हैं। हमारी नपा परिषद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री डॉ. मोहन यादव का इसके लिए आभार व्यक्त करती है। नपा परिषद लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर को भी मंदसौर नगर को सांसद निधि से पर्याप्त राशि देने के लिये धन्यवाद देती है।

श्रीमती पाटीदार ने बजट को विकास को गति देने वाला बताया और बैठक में दिये महत्वपूर्ण सुझाव

मंदसौर। वार्ड कं्र 39 पार्षद और जिला योजना समिति सदस्य भारती धीरज पाटीदार ने नगर पालिका के 5 अरब 42 करोड़ 11 लाख 650 रू. की आय व 5 अरब 40 करोड़ 63 लाख 61 हजार 650 रू. की अनुमानित व्यय का बजट पेश किया गया जिसमें 1 करोड़ 48 लाख रू. की बचत अनुमानित है का स्वागत करते हुए इसे सर्वश्रेष्ठ बजट बताया ओर कहा कि इस बजट से मंदसौर के विकास को गति मिलेगी और अमजनों को नपा द्वारा मिलने वाली सुविधाओं में वृद्धि होगी। वहीं बजट बैठक में भारती पाटीदार द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि जो शहर की जनता का संपत्ति कर या किसी भी प्रकार अन्य कर बकाया है उसकी वसूली के कैंप प्रत्येक वार्ड में प्रत्येक महीने लगाए जाने चाहिए। जिससे कि जनता को भी कर जमा करने में असुविधा न हो और नगर पालिका को भी समय पर राजस्व की प्राप्ति हो सके। आपने कहा कि मंदसौर जनता के लिए जल एक प्राथमिक आवश्यकता है शहर में जिनके पास नल के वैेध कनेक्शन है अगर वह समय पर टैक्स जमा करते हैं तो उनको विशेष प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए और जो अवैध नल कनेक्शन है उनको एक विशेष अभियान के तहत वैध किया जाना चाहिए। ताकि नगर पालिका को राजस्व की प्राप्ति हो सके और उसे शहर के विकास कार्य में लगाया जा सके । जलकल राशि जो की पिछले वर्ष की भी बकाया है उसको अलग अलग स्थानों पर कैंप लगाकर वसूल किया जाना चाहिए।

============

बचत का बजट सिर्फ मायाजाल इससे ज्यादा कुछ नहीं – पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष टूटेजा

मंदसौर। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनजीतसिंह टूटेजा ने नगर पालिका के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गुरूवार को नपा परिषद में 5 अरब 42 करोड़ 11 लाख 650 रू. की आय व 5 अरब 40 करोड़ 63 लाख 61 हजार 650 रू. की अनुमानित व्यय का बजट पेश किया गया जिसमें 1 करोड़ 48 लाख रू. की बचत अनुमानित है। लेकिन यह सिर्फ आंकड़ो का मायाजाल है इससे ज्यादा कुछ नहीं। नगर पालिका की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हे कि कर्मचारियों का समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। वार्डो में विकास कार्य नहीं हो पा रहे है। ऊपर से इस बजट में नगर पालिका ने सभी प्रकार के करों में बढ़ोत्तरी कर दी गई है जो कि आम जनों पर कुठाराघात है। पेयजल प्रतिदिन नहीं मिल पा रहा है लेकिन कर में 15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर दी गर्ई। स्वच्छता को लेकर व्यवस्था पूरी तरह से मुरझाई हुई है लेकिन यहां पर भी नपा ने कर बढ़ा दिया। सम्पत्ति कर में भी 10 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई है। मंदसौर नगर पालिका में लम्बे समय से भाजपा का कब्जा है लेकिन भाजपा की परिषद द्वारा जनता मूलभूत सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मंदसौर नगर पालिका, राज्य सरकार और केन्द्र सरकार सभी जगह भाजपा की सरकार है मंदसौ नपा केन्द्र और राज्य सरकारों से राशि लाने के बजायें अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मंदसौर की जनता पर करों का बोझ लाद रही है। नगर में विकास कार्य नहीं के बराबर हो रहे है। गर्मीयों में नगर की जनता के लिए एकमात्र राहत का केन्द्र तरणताल हुआ करता है यहां भी नगर पालिका ने शुल्क को बढ़Þाकर लगभग दुगुना कर दिया है। सबसे बड़ी बात यह भी है कि पूरे प्रदेश में मंदसौर नगर पालिका ही एकमात्र ऐसी नगर पालिका हैै जो नामांतरण शुल्क के नाम पर दो प्रतिशत की वसूली करती हैै यहां भी नपा ने नामांतरण के अन्य करों में बढ़ोत्तरी की है। 40 वर्षो से नगर पालिका में भाजपा की परिषद है लेकिन अब मंदसौर की जनता अपने आप को ठगा से महसूस करने लगी है।

========

महंगाई से परेशान जनता पर करों का बोझ बढ़ाना बेहद निराशाजनक – श्री कुमावत

मंदसौर। जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष और युवा इंटक के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमावत ने मंदसौर नगर पालिका के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा शासित नगर पालिका मंदसौर ने सभी प्रकार के कर बढ़ाकर पहले से महंगाई को लेकर परेशान जनता पर करो का अतिरिक्त बोझ लाद दिया है। सबसे बडी बात यह है कि नगर पालिका परिषद मंदसौर में वर्तमान में महीने में मात्र 15 दिन ही पेयजल की सप्लाय करती है। इस पर भी नपा ने बजट में 15 प्रतिशत कर बढ़ा दिया है। इसके साथ ही सम्पित्त कर में भी 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है जो सीधे – सीधे आम जनता पर अतिरिक्त मार है। नगर पालिका प्रतिदिन पेयजल तो सप्लाय नहीं कर रही हैं और कर बढा रही है जो कि गलत बात है। इतना ही नहीं । ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन (स्वच्छता) कर में सलाना 60 व 70 रू. की बड़ी वृद्धि की गई है, जबकि स्वच्छता को लेकर कोई सुविधाएं नहीं बढ़ाई गई है। नपा में आवेदन शुल्क की राशि 10 रू. से बढ़ाकर 20 रू. एवं प्रतिलिपि शुल्क 10 रू. से बढ़ाकर 20 रू. प्रति पृष्ठ किया गया है। पशु हाट में आने वाले पशु का प्रवेश शुल्क भी 5 से बड़ाकर 25 रुपए किया गया है। मतलब आय बढ़ाने के लिए भाजपा की नगर पालिका को सिर्फ मंदसौर की जनता की नजर आ रही है। श्री कुमावत ने कहा कि नगर पालिका हर वर्ष बजट में बगीचों के उद्धार और बच्चों के प्ले जोन बनाने की बात करती है लेकिन 40 वर्षो में नगर पालिका मंदसौर के बच्चों को एक भी प्ले जोन नहीं दे पाई है। कुल मिलाकर मंदसौर नगर पालिका का बजट हर बार की तरह इस बार भी सिर्फ आंकड़ो का मायाजाल है।

=======

कर वृद्धि कर जनता पर भार बढ़ाने के बजाये नगरपालिका अपनी सम्पत्तियों से आय बढ़ाये
पार्षद संगीता शैलेन्द्रगिरी गोस्वामी ने बजट बैठक में दिये सुझाव

मन्दसौर। नगरपालिका परिषद की बजट बैठक में वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया गया है जिसमें करों व शुल्कों में वृद्धि कर आम जनता पर भार बढ़ाया गया है लेकिन जनता पर बोझ बढ़ाने के बजाये नगरपालिका को अपनी सम्पत्तियों से आय बढ़ाना चाहिए लेकिन दूरदर्शिता के अभाव में इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे नगरपालिका के कर्मचारियों को न तो समय पर वेतन मिल रहा है ना ही विकास के कार्य हो पा रहे है।
उक्त बात कहते हुए वार्ड नं. 26 की पार्षद संगीता शैलेन्द्रगिरी गोस्वामी ने  बजट बैठक में  सुझाव दिये कि मंदसौर के वार्ड नं. 26 में स्थित में सर्वे नं. 3200 की भूमि रिक्त पड़ी है। तथा यह  पूर्व में शासन द्वारा गायों के लिये आरक्षित कर रखी है। इस भूमि का उपयोग गायों के निवास व उनके संरक्षण हेतु किया जा सकता है। इस भूमि पर शेड का निर्माण कर दिया जाये तथा ऐसे गोपालक जिनके पास अपनी गायों को रखने हेतु पर्याप्त जगह नहीं है तथा उनकी गाये सड़कों पर विचरण करती है उनको यहां पर गायों को रखने के लिये स्थान उपलब्ध कराया जाए तथा उसके लिये निर्धारित शुल्क लिया जाए। जिससे गाये सड़कों पर विचरण भी नही करेगी, गोपालकों को भी सुविधा होगी तथा नगरपालिका की आय भी बड़ेगी।
नगर के मध्य कालाखेत में साठिया समुदाय के निवास की समस्या काफी समय से बनी हुई है। एक और जहां क्षेत्र के व्यापारी परेशान है वहीं इन लोगों के अन्यत्र स्थापित करने हेतु जमीन शासन ने अभी तक उपलब्ध नहीं कराई है। इस समस्या को लेकर माननीय विधायक, माननीय कलेक्टर व नगरपालिका भी चिंतित है। मेरा सुझाव है कि ग्राम टोड़ी में स्थित भूमि सर्वे नम्बर 3 की भूमि जो कि नगरपालिका के स्वामित्व की होकर 19 बीघा जमीन है। यहां पर साठिया समाज को स्थापित किया जाए। तथा इस भूमि के एक भाग पर ट्रेचिंग ग्राउंड भी बनाया जाए जिससे साठिया समुदाय के लोगों को रोजगार भी मिलेगा तथा  नगर की यह प्रमुख समस्या का निदान भी संभव हो सकेगा।
मेरा सुझाव है कि नगरपालिका को विवेकानन्द, मेघदूत नगर सहित अन्य क्षेत्रों में जिन लोगों को प्लाट आवंटित किये गये है उनमें से कई ऐसे भूखण्डधारी है जिन्होंने नाम मात्र की राशि नगर पालिका में जमा कर रखी है तथा वह उक्त भूखण्डों पर वर्षों से कब्जा जमाये हुए है। या तो नगरपालिका उन पर कठोर कार्यवाही कर शेष बची राशि को एकमुश्त ब्याज सहित वसूल करे या  उनके प्लॉट निरस्त कर अन्य को आवंटित करने की कार्यवाही करे। गांधी चौराहा स्थित गैरेज की भूमि की भी नीलामी की जाए।
साथ ही तरण ताल को लीज पर दे दिया जाए जिससे नगरपालिका को तरण ताल के रखरखाव पर खर्च नहीं करना पड़ेगा वहीं नगरपालिका की आय भी बढ़ेगी। साथ ही नगर में नगरपालिका की खाली पड़ी भूमियों पर पार्किंग झोन बनाया जाए तथा वाहन मालिकों से न्यूनतम पार्किंग शुल्क लिया जाए जैसा की बड़े शहरों में होता है। जिससे नगर की यातायात व्यवस्था भी सुधरेगी तथा नगरपालिका की आय में भी वृद्धि होगी।
नगरपालिका के आधिपत्य की दुकानों में प्रथम मंजिल पर दुकाने बनाकर आवंटित किये जाये। ऐसा करने पर नगरपालिका को जहां एकमुश्त राशि प्राप्त होगी वहीं प्रतिमाह किराया भी प्राप्त होगा।
वार्ड क्र. 26 में पशुपतिनाथ मंदिर के समीप बच्चों के लिये खेल उपकरण मिक्की माउस, ट्रेन, झूले लगाये जाये जिसका शुल्क निर्धारित किया जाए या उसे लीज पर दिया जाए जिससे मंदिर में दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं के बच्चों का जहां मनोरंजन होगा वहीं नगरपालिका की आय में भी वृद्धि होगी। व दर्शनार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}