18 फरवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश तथा ओलावृष्टि के कारण से दलौदा तहसील के गांवों में नुकसान

क्षतिग्रस्त फसलों के सर्वे की मांग को लेकर पूर्व विधायक श्री सिसौदिया ने की कलेक्टर श्रीमती गर्ग से चर्चा
मंदसौर। 18 फरवरी को तेज हवा और बारिश के साथ ओलावृष्टि को लेकर प्रारंभिक सूचना के आधार पर दलौदा तहसील के ग्राम आक्या उमाहेड़ा, सरसोद, निम्बोद, पलासिया सहित अनेक गांवों में फसलों को भारी नुकसान होने की खबरें प्राप्त हुई है।
इस आशय की जानकारी देते हुए पूर्व विधायक तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री यशपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के दलोदा मंडल के अध्यक्ष श्री सुमित सेन ने विस्तार से जानकारी देते हुए चिंता व्यक्त की तथा शीघ्र सर्वे कराए जाने की मांग की, इसके पश्चात श्री सिसोदिया ने कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग को प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यह जानकारी देते हुए बताया कि 18 फरवरी की शाम को हुई बारिश से हुई नुकसानी का सर्वे राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की टीम का गठन कर किसानों के खेतों पर शीघ्र कराया जाए, ताकि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को राहत प्राप्त हो सके।
श्री सिसोदिया ने यह भी बताया कि अफीम उत्पादक किसानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आपने कलेक्टर श्रीमती गर्ग से चर्चा में यह भी कहा कि नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश जारी कर उन्हें भी अफीम के खेतों में हुई नुकसानी का पृथक से आकलन करने के निर्देश जारी करें।
श्री सिसोदिया ने बताया कि इन हालातों में किसान हताश, निराश होकर चिंता में है।
=============



